जयपुर, अलवर, चूरू और भरतपुर सहित कई जिलों में रुक-रुककर बारिश जारी है। मौसम विभाग के अनुसार फिलहाल मानसून कमजोर रहेगा, लेकिन 7 अगस्त से एक बार फिर बारिश की गतिविधियां तेज हो सकती हैं।
जयपुर, अलवर समेत कई जिलों में बारिश जारी
- Published: 04 Aug 2026, 09:22 AM IST
- Last Updated: 04 Aug 2026, 09:22 AM IST
राजस्थान में सक्रिय मानसून के चलते मंगलवार सुबह भी जयपुर, अलवर, चूरू, भरतपुर और बीकानेर संभाग के कई इलाकों में रुक-रुककर बारिश हुई। मौसम विभाग के अनुसार फिलहाल बारिश की तीव्रता में कमी आएगी, लेकिन 7 अगस्त से प्रदेश में एक बार फिर मानसून के मजबूत होने की संभावना है।
चूरू में मकान पर गिरी बिजली, बड़ा हादसा टला
चूरू जिले के किरताण गांव में सोमवार शाम आकाशीय बिजली एक मकान पर गिर गई। इस घटना में मकान को नुकसान पहुंचा, लेकिन परिवार खेत पर होने के कारण कोई जनहानि नहीं हुई। मंगलवार सुबह भी जिले के कई हिस्सों में अच्छी बारिश दर्ज की गई।
इन संभागों में आज हल्की से मध्यम बारिश की संभावना
मौसम विभाग के मुताबिक मंगलवार को भरतपुर, जयपुर और बीकानेर संभाग के कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। वहीं जोधपुर, उदयपुर और कोटा संभाग में बारिश की गतिविधियां अपेक्षाकृत कमजोर रहने के आसार हैं।
केवल कुछ जिलों में ही सामान्य बारिश
मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार प्रदेश के अजमेर, झुंझुनूं, प्रतापगढ़, सीकर और श्रीगंगानगर ऐसे जिले हैं, जहां अब तक सामान्य या उससे अधिक बारिश दर्ज की गई है।
इसके विपरीत जयपुर, कोटा, करौली, सवाई माधोपुर, उदयपुर, हनुमानगढ़, जैसलमेर, जालौर, पाली, बांसवाड़ा, बारां, बूंदी, डूंगरपुर और सिरोही सहित कई जिलों में सामान्य से काफी कम बारिश हुई है।
पिछले 24 घंटे में यहां हुई अच्छी बारिश
बीते 24 घंटों के दौरान कई इलाकों में अच्छी वर्षा दर्ज की गई। प्रमुख आंकड़े इस प्रकार हैं-
श्रीगंगानगर शहर – 62 मिमी
मिर्जेवाला – 55 मिमी
सादुलशहर – 50 मिमी
भरतपुर (जुरहरा) – 43 मिमी
जोधपुर (बालेसर) – 42 मिमी
दौसा (सिकराय) – 41 मिमी
अजमेर (भिनाय) – 37 मिमी
रायपुर – 36 मिमी
अलवर (बहरोड़) – 33 मिमी
IMD ने क्या कहा?
मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के अनुसार मानसून ट्रफ उत्तर की ओर खिसक गई है, जबकि राज्य के ऊपर बना लो-प्रेशर एरिया कमजोर होकर साइक्लोनिक सर्कुलेशन में बदल गया है। इसी वजह से अगले कुछ दिनों तक भारी बारिश की संभावना कम रहेगी। हालांकि 7 अगस्त से एक नए सिस्टम के प्रभाव से कई जिलों में फिर तेज बारिश का दौर शुरू हो सकता है।