Rajasthan Weather: राजस्थान में मानसून फिर सक्रिय, इन 20 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी - Haribhoomi

Published on 15 सित॰ 2026

Rajasthan Weather: मौसम विभाग ने 17 सितंबर तक बारिश का अलर्ट जारी किया है। आज 20 जिलों में अलर्ट है। डूंगरपुर-बांसवाड़ा में 4 इंच से ज्यादा बारिश हुई।

Rajasthan Weather

Rajasthan Weather

  • Published: 15 Sep 2026, 08:44 AM IST
  • Last Updated: 15 Sep 2026, 08:44 AM IST

जयपुर: राजस्थान में मानसून की गतिविधियां एक बार फिर बढ़ गई हैं। बंगाल की खाड़ी से आया लो-प्रेशर सिस्टम दक्षिणी राजस्थान और इससे सटे गुजरात व मध्य प्रदेश के इलाकों में सक्रिय है। इसके असर से प्रदेश के दक्षिणी हिस्सों में भारी बारिश हुई है। मौसम विज्ञान केन्द्र जयपुर ने 17 सितंबर तक बारिश का अलर्ट जारी किया है। मंगलवार को भी राज्य के 20 जिलों में बारिश की चेतावनी दी गई है।

पिछले कुछ दिनों से दक्षिणी राजस्थान में बारिश का दौर बना हुआ है। 13 सितंबर की रात से 14 सितंबर की शाम 6 बजे तक उदयपुर संभाग के कई इलाकों में भारी बारिश दर्ज हुई। डूंगरपुर और बांसवाड़ा में कुछ स्थानों पर 4 इंच से ज्यादा पानी बरसा।

डूंगरपुर-बांसवाड़ा में 109-109 MM बारिश
13 सितंबर की रात से 14 सितंबर की सुबह तक बांसवाड़ा के लुहाड़ियां और डूंगरपुर के सागवाड़ा में 109-109 MM बारिश दर्ज की गई। इसके अलावा पिछले 24 घंटे में झालावाड़ के रायपुर में करीब 75 MM पानी बरसा।

डूंगरपुर, बांसवाड़ा और राजसमंद में भी करीब 21 MM बारिश रिकॉर्ड की गई। सोमवार को सिरोही, प्रतापगढ़, जालौर, बारां, जयपुर, जोधपुर, पाली और अजमेर के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हुई।

दक्षिणी राजस्थान में लो-प्रेशर सिस्टम का असर
मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक, इस समय मानसून ट्रफ दक्षिण की ओर शिफ्ट हो गई है। यह गुजरात के नलिया से निकलकर लो-प्रेशर सिस्टम के रास्ते राजगढ़, दमोह, पेंड्रा रोड, राउरकेला और दीघा होते हुए बंगाल की खाड़ी तक बनी हुई है।

लो-प्रेशर सिस्टम फिलहाल गुजरात और दक्षिणी राजस्थान की सीमा के आसपास सक्रिय है। अरब सागर से लगातार नमी मिलने के कारण दक्षिणी राजस्थान समेत राज्य के कई हिस्सों में अगले दो दिन बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है।

उदयपुर-कोटा संभाग में ज्यादा असर
इस मौसम सिस्टम का सबसे ज्यादा असर उदयपुर और कोटा संभाग के इलाकों में देखने को मिला है। दक्षिणी जिलों में हुई बारिश से जहां लोगों को गर्मी से राहत मिली, वहीं लगातार बारिश वाले क्षेत्रों में स्थानीय स्तर पर जलभराव की स्थिति भी बन सकती है। मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों के लिए बारिश की गतिविधियों को देखते हुए संबंधित जिलों में अलर्ट जारी किया है।

पश्चिमी राजस्थान में बारिश कम, तापमान 40 डिग्री के करीब
राजस्थान के पश्चिमी हिस्से में मानसून की तस्वीर इससे बिल्कुल अलग है। यहां इस साल मानसून अपेक्षाकृत कमजोर रहा है। कई जिलों में बारिश सामान्य से कम रहने के कारण सूखे जैसे हालात बने हुए हैं।

बारिश की कमी का असर तापमान पर भी दिखाई दे रहा है। सितंबर का दूसरा सप्ताह बीतने के बाद भी पश्चिमी राजस्थान के कई इलाकों में तापमान 40 डिग्री के आसपास बना हुआ है। सोमवार को प्रदेश में सबसे अधिक तापमान जैसलमेर में दर्ज किया गया।

यानी राजस्थान के एक हिस्से में जहां मानसून की झमाझम बारिश जारी है, वहीं पश्चिमी जिलों में गर्मी और कम बारिश ने लोगों की परेशानी बढ़ा रखी है।