पूर्वी जयपुर जिले के खोह नागोरियान थाना पुलिस ने अपराधियों और वांछित आरोपियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत सोमवार को एक ही दिन में बड़ी कार्रवाई करते हुए विभिन्न मामलों में कुल नौ आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस आयुक्त सचिन मित्तल और पुलिस उपायुक्त रंजीता शर्मा के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त पारसमल जैन तथा सहायक पुलिस आयुक्त विनोद शर्मा के सुपरविजन में थाना प्रभारी प्रकाश बिश्नोई के नेतृत्व में यह अभियान चलाया गया।
दुष्कर्म और महिला के साथ मारपीट के आरोपी गिरफ्तार
सबसे गंभीर कार्रवाई 12 वर्षीय नाबालिग के अपहरण और उसके साथ दुष्कर्म के मामले में की गई। पुलिस ने इस प्रकरण में 21 वर्षीय उमेश तेली उर्फ गोलू को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर नाबालिग का अपहरण कर उसके साथ दुष्कर्म करने का आरोप है। उसके खिलाफ दर्ज मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है। इसी अभियान के दौरान महिला के साथ मारपीट और उसकी लज्जा भंग करने के मामले में 23 वर्षीय हितेश कसाणा को गिरफ्तार किया गया। पुलिस के अनुसार, आरोपी के खिलाफ पहले से दर्ज प्रकरण में जांच के बाद गिरफ्तारी की गई।
विज्ञापन
पुलिस ने इन आरोपियों को भी गिरफ्तार किया
पुलिस ने सार्वजनिक जुआ अधिनियम के तहत भी कार्रवाई करते हुए पर्ची बनाकर खाईवाली करने वाले आरोपी आदित्य को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से 10 हजार रुपये की जुआ राशि बरामद की गई। इसके अलावा दांव पर ताश खेलकर जुआ खेलने वाले तीन अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार किया गया, जिनके पास से 1,400 रुपये जब्त किए गए। एक अन्य कार्रवाई में घरेलू गैस सिलेंडरों से छोटे सिलेंडरों में अवैध गैस रिफिलिंग करने वाले सुरेश चंद बैरवा को गिरफ्तार किया गया। पुलिस का कहना है कि इस तरह की गतिविधियां आमजन की सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा पैदा करती हैं और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। विशेष अभियान के तहत पुलिस ने 5,000 रुपये के इनामी बदमाश सलीम खान को भी गिरफ्तार किया, जो चाकसू थाना क्षेत्र का हिस्ट्रीशीटर है। उसके खिलाफ 38 आपराधिक मामले दर्ज हैं। इसके साथ ही तीन स्थायी गिरफ्तारी वारंटियों को भी गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई की गई।
विज्ञापन
ये भी पढ़ें- बीमा कंपनी की मनमानी पर लगाम: टैक्स में गड़बड़ी बताकर रिजेक्ट किया था क्लेम, अब ब्याज समेत चुकाना होगा बिल
पुलिस का कहना है कि अपराधियों के खिलाफ यह विशेष अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा, ताकि क्षेत्र में कानून-व्यवस्था मजबूत बनी रहे।