रायपुर। Raipur Arang Double Murder Case: राजधानी रायपुर से लगे आरंग थाना क्षेत्र के बिरबिरा में हुए बुजुर्ग दंपति की सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा हो गया है, इस जघन्य हत्याकांड को अंजाम देने वाला कोई और नहीं बल्कि पड़ोसी ही निकला। पुलिस के मुताबिक अपनी मां की मौत का जिम्मेदार जादू-टोने को मानकर रंजिश पालने वाले पड़ोसी युवक ने ही बुजुर्ग दंपत्ति की बेहद नृशंसता से हत्या की और गहने लेकर भाग निकला। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
खून से लथपथ मिली थी दंपत्ति की लाश
आपको बता दें कि बीते 8 अक्टूबर 2026 को ग्राम बिरबिरा के सरपंच चम्मन लाल साहू ने आरंग थाना में सूचना दी कि गांव के बुजुर्ग सदाशी साहू और उनकी पत्नी आसबती साहू की अज्ञात हमलावर ने धारदार हथियार से हत्या कर दी है। घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी निरीक्षक नरेश साहू के नेतृत्व में पुलिस टीम, फॉरेंसिक एक्सपर्ट्स और डॉग स्क्वायड के साथ मौके पर पहुंची। घर के अलग-अलग कमरों में दंपत्ति के शव खून से लथपथ पड़े मिले।
पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए अज्ञात आरोपी के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर तलाश कर ही रही थी। जांच के दौरान पुलिस ने संदेह के आधार पर गांव के ही 22 वर्षीय प्रमोद उर्फ रॉकी साहू (पिता सुशील साहू) को हिरासत लिया और कड़ाई से पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी ने हत्या करना स्वीकार किया और पूरा राज खोल दिया।
अंधविश्वास के चलते पति पत्नी की बेरहमी से हत्या
Raipur Arang Double Murder Case आरोपी ने हत्याकांड की पूरी स्टोरी पुलिस को बताई, आरोपी ने बताया कि आरोपी की मां का निधन एक साल पहले हुआ था। आरोपी को संदेह था कि दंपत्ति ने जादू-टोना करके उसकी मां जान ले ली है। इसी अंधविश्वास के चलते आरोपी ने दोनों पति पत्नी की बेरहमी से हत्या कर दी और जेवर लेकर भाग निकला। इस मामले में पुलिस ने BNS की धारा 109(6) तथा छत्तीसगढ़ टोनही प्रताड़ना निवारण अधिनियम की धारा 4 व 5 के तहत कातिल को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
कुल्हाड़ी से ताबड़तोड़ वार कर ली दोनों की जान
आरोपी ने बताया कि 6 अक्टूबर 2026 की रात लगभग 11:30 बजे पड़ोसियों की छतों से होते हुए वह सदाशी साहू के घर में घुसा। उसने पहले कमरे में सो रहे सदाशी साहू के सिर पर टंगिया से वार कर हत्या कर दी, फिर दूसरे कमरे में सो रही आसबती साहू की टंगिया और हंसिया से हमला कर मौत के घाट उतार दिया। हत्या के बाद आरोपी मृतिका के चांदी का कमरबंध, ऐंठी, सोने की खिनवा, अंगूठी, बिछिया लेकर फरार हो गया। इतना ही नहीं शातिर आरोपी ने खून से सने हथियारों को नाली में धोकर सफेद बोरी में भरा और तामासिवनी रोड किनारे छिपा दिया था।
Raipur Arang Double Murder Case फ़िलहाल आरंग पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त कुल्हाड़ी, हंसिया और लूटे गए सोने-चांदी के जेवरात बरामद कर आरोपी को जेल भेज दिया है।