रायबरेली के भदोखर थाना क्षेत्र अंतर्गत पूरे रघुरईया गांव निवासी शिवम यादव की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद क्षेत्र में तनाव और आक्रोश का माहौल है। दो दिनों से लापता युवक का शव सई नदी में उतराता मिलने पर परिजनों ने हत्या का आरोप लगाते हुए पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाए हैं और निष्पक्ष न्याय की मांग की है।
परिजनों ने हत्या का आरोप लगाकर किया प्रदर्शन, सपा के प्रदेश सचिव डॉ. शशिकांत शर्मा ने की निष्पक्ष जांच की मांग (फाइल फोटो)
- Published: 08 Sep 2026, 04:32 PM IST
- Last Updated: 08 Sep 2026, 04:32 PM IST
रायबरेली : रायबरेली के सदर विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत भदोखर थाना क्षेत्र के ग्राम पूरे रघुरईया मजरे सरायदामू में उस समय सनसनी और भारी आक्रोश फैल गया, जब पिछले दो दिनों से रहस्यमय परिस्थितियों में लापता चल रहे युवक शिवम यादव पुत्र सरोज यादव का शव सई नदी में बरामद हुआ। शव मिलने के बाद परिजनों ने सीधे तौर पर हत्या की आशंका जताते हुए स्थानीय पुलिस की कार्यप्रणाली को कठघरे में खड़ा कर दिया है।
परिजनों और ग्रामीणों का जोरदार प्रदर्शन
परिजनों का गंभीर आरोप है कि जब शिवम लापता हुआ था, तब पुलिस को तत्काल सूचना दी गई थी। बावजूद इसके, पुलिस ने गुमशुदगी की शिकायत को गंभीरता से नहीं लिया और खोजबीन में घोर शिथिलता बरती। यदि समय रहते सक्रियता दिखाई जाती, तो शायद शिवम की जान बच सकती थी।
घटना से आक्रोशित परिजनों और बड़ी संख्या में जुटे ग्रामीणों ने सड़क पर उतरकर पुलिस प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन किया। मौके पर पहुंचे प्रशासनिक व पुलिस अधिकारियों ने कार्रवाई का भरोसा देकर स्थिति को संभालने का प्रयास किया, लेकिन पीड़ित परिवार का कहना है कि उन्हें केवल थोथे आश्वासन नहीं, बल्कि मामले की तह तक जाकर हत्यारों की तत्काल गिरफ्तारी और ठोस न्याय चाहिए।
सपा नेताओं ने बंधाया ढांढस, निष्पक्ष जांच की उठाई मांग
घटना की सूचना मिलते ही समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के एक प्रतिनिधिमंडल ने पीड़ित परिवार के घर पहुंचकर शोक संवेदना व्यक्त की और हर स्तर पर न्याय दिलाने का भरोसा दिलाया। सपा के प्रदेश सचिव डॉ. शशिकांत शर्मा ने परिजनों से मुलाकात के बाद कहा कि शिवम यादव की असामयिक और संदिग्ध मौत अत्यंत पीड़ादायक एवं गंभीर विषय है।
डॉ. शर्मा ने सवाल उठाया कि दो दिन तक लापता रहे युवक का शव नदी में मिलना कई अनसुलझे संदेहों को जन्म देता है। उन्होंने कहा, "पुलिस प्रशासन को सार्वजनिक रूप से स्पष्ट करना चाहिए कि लापता होने की सूचना के बाद युवक की तलाश के लिए क्या-क्या ठोस कदम उठाए गए थे और किन परिस्थितियों में उसकी मौत हुई।"
'लीपापोती बर्दाश्त नहीं, दोषियों पर हो कठोर कार्रवाई'
सपा नेता ने दो टूक चेतावनी देते हुए कहा कि इस संवेदनशील मामले में किसी भी प्रकार की लापरवाही, ढिलाई या लीपापोती को कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने मांग की कि पोस्टमॉर्टम प्रक्रिया की निष्पक्ष वीडियोग्राफी कराई जाए और यदि रिपोर्ट व प्रारंभिक साक्ष्यों में हत्या की पुष्टि होती है, तो संबंधित साजिशकर्ताओं और दोषियों को बिना किसी देरी के गिरफ्तार कर जेल भेजा जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि समाजवादी पार्टी पीड़ित परिवार की न्याय की इस लड़ाई में शुरू से अंत तक साथ खड़ी रहेगी।