प्राकृतिक आपदाओं में कैसे एक दूसरे के लिए खड़े होंगे QUAD देश? टोक्यो में बना प्लान

Published on 15 सित॰ 2026

प्राकृतिक आपदाओं में कैसे एक दूसरे के लिए खड़े होंगे QUAD देश? टोक्यो में बना प्लान

क्वाड ने लॉजिस्टिक्स नेटवर्क पर टेबलटॉप अभ्यास किया

जहां एक तरफ नई दिल्ली बीजिंग के साथ राजनयिक संबंधों में सुधार लाने के लिए काम कर रही है, वहीं दूसरी ओर क्वाड ने हिंद-प्रशांत क्षेत्र में मानवीय और आपदा राहत कार्यों में तेजी लाने के लिए डिज़ाइन किए गए एक लॉजिस्टिक्स नेटवर्क को चालू करने की दिशा में प्रगति की है. क्वाड देशों ने इंडो-पैसिफिक में आपदा राहत के लिए लॉजिस्टिक्स नेटवर्क मजबूत करने को लेकर अभ्यास किया.

भारत, अमेरिका, जापान और ऑस्ट्रेलिया ने इंडो-पैसिफिक क्षेत्र में बड़े पैमाने पर प्राकृतिक आपदाओं के दौरान राहत और बचाव कार्यों को तेज और प्रभावी बनाने के लिए टोक्यो में टेबलटॉप एक्सरसाइज (TTX) की. यह अभ्यास 3 और 4 सितंबर 2026 को जापान के रक्षा मंत्रालय की मेजबानी में हुआ.

इन चार देशों ने किया अभ्यास

इसका उद्देश्य Quad Indo-Pacific Logistics Network (IPLN) को आगे बढ़ाना और चारों देशों की लॉजिस्टिक्स क्षमताओं के बीच बेहतर तालमेल विकसित करना था. इस एक्सरसाइज में भारत के अलावा ऑस्ट्रेलिया, जापान और अमेरिका शामिल थे. इसमें चारों देशों ने प्राकृतिक आपदा से जुड़े अलग-अलग हालात को लेकर तैयारी की.

संचालन क्षमता को बेहतर बनाने पर जोर

अभ्यास में प्राकृतिक आपदा की परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए यह देखा गया कि चारों देश अपनी उपलब्ध लॉजिस्टिक्स क्षमताओं का किस तरह साझा और प्रभावी इस्तेमाल कर सकते हैं. साथ ही, आपात स्थिति में समन्वय और आपसी संचालन क्षमता (interoperability) को बेहतर बनाने पर भी काम किया गया.

क्वाड देशों ने इस अभ्यास के जरिए IPLN के लिए Standard Operating Procedures (SOPs) तैयार करने की दिशा में महत्वपूर्ण प्रगति की. ये SOPs भविष्य में नेटवर्क को व्यवहारिक रूप से लागू करने के लिए संस्थागत ढांचा उपलब्ध कराएंगे.

2025 में हवाई में पहला टेबलटॉप अभ्यास

यह IPLN का पहला अभ्यास नहीं है. इससे पहले अप्रैल 2025 में हवाई में पहला टेबलटॉप अभ्यास और दिसंबर 2025 में गुआम में फील्ड ट्रेनिंग एक्सरसाइज आयोजित की जा चुकी है. क्वाड देशों ने हाल की विनाशकारी बाढ़ से प्रभावित लोगों के प्रति संवेदना जताई और संकट के समय क्षेत्रीय देशों को मानवीय सहायता और राहत पहुंचाने के लिए आपसी समन्वय मजबूत करने पर चर्चा की.

IPLN का मूल उद्देश्य

IPLN का मूल उद्देश्य चारों क्वाड देशों की साझा लॉजिस्टिक्स क्षमताओं का इस्तेमाल कर इंडो-पैसिफिक में बड़े प्राकृतिक आपदाओं के दौरान नागरिकों तक राहत सामग्री और सहायता तेजी और अधिक प्रभावी तरीके से पहुंचाना है. इसका लक्ष्य जान बचाने, राहत एवं पुनर्वास प्रयासों को गति देने और क्षेत्रीय साझेदार देशों की मदद करना है.

क्वाड देश अब इस नेटवर्क को व्यावहारिक रूप से लागू करने के लिए टेबलटॉप और फील्ड अभ्यास, विश्वास निर्माण उपायों और विशेषज्ञों के बीच आदान-प्रदान जारी रखेंगे.

शिवांग माथुर

शिवांग माथुर

शिवांग माथुर टीवी 9 भारतवर्ष में एसोसियेट एडिटर के रूप में कार्यरत हैं.

Read More

google button