Punjab T20: नमन धीर से आगे कोई भारतीय नहीं, 28 बाउंड्री जड़कर बनाया सबसे बड़ा स्कोर, बच गया गेल का रिकॉर्ड

Published on 8 सित॰ 2026

Punjab T20: नमन धीर से आगे कोई भारतीय नहीं, 28 बाउंड्री जड़कर बनाया सबसे बड़ा स्कोर, बच गया गेल का रिकॉर्ड

नमन धीर ने सिर्फ 64 गेंदों की पारी में 28 छक्के-चौके जमाएImage Credit source: Sher-e-Punjab/Instagram

पंजाब में चल रही शेर-ए-पंजाब टी20 लीग में बल्लेबाज खूब मजे ले रहे हैं. इस टूर्नामेंट में अंधाधुंध रन बरस रहे हैं और बल्लेबाज बड़े-बड़े स्कोर खड़े कर रहे हैं. मगर अमृतसर सूरमाज के कप्तान नमन धीर ने जो कमाल किया है, उसकी उम्मीद तो शायद ही किसी को थी. मोहाली किंग्स के खिलाफ मुकाबले में नमन धीर ने विस्फोटक बैटिंग का ऐसा नजारा पेश किया कि सबसे बड़े स्कोर का रिकॉर्ड टूटने से बाल-बाल बच गया. मोहाली के गेंदबाजों पर कहर बरपाते हुए नमन धीर ने सिर्फ 64 गेंदों में 173 रन कूट दिए, जो किसी भी भारतीय बल्लेबाज का सबसे बड़ा स्कोर है.

सबसे तेज शतक, बच गया गेल का रिकॉर्ड

मोहाली के आईएस बिंद्रा स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में नमन धीर ने टीम के लिए ओपनिंग की और 20वें ओवर में जाकर आउट हुए. इस दौरान उन्होंने एक-एक कर कई रिकॉर्ड तोड़ दिए. इस टूर्नामेंट में लगातार अच्छी बैटिंग कर रहे अमृतसर सूरमाज के कप्तान नमन ने सिर्फ 37 गेंदों में अपना शतक पूरा किया. ये शेर-ए-पंजाब टी20 लीग में सबसे तेज शतक का रिकॉर्ड भी है. मगर वो सिर्फ शतक पर नहीं रुके बल्कि जल्द ही 150 रन का आंकड़ा भी पार दिया.

HISTORY created in Sher-e-Punjab❗️

🌟𝙉𝘼𝙈𝘼𝙉 𝘿𝙃𝙄𝙍 scores 173(64)

-second highest-ever individual t20 score. -almost beats Chris Gayle’s record, misses out by just 2 runs. pic.twitter.com/NhwlQINlmG

— Theory (@BainsTheory) September 8, 2026

यहां से नजरें सिर्फ इस बात पर थीं कि क्या वो क्रिस गेल का वर्ल्ड रिकॉर्ड तोड़ पाएंगे? गेल ने IPL 2013 में 175 रन की पारी खेली थी, जो टी20 में किसी भी बल्लेबाज का सबसे बड़ा स्कोर का रिकॉर्ड है. नमन धीर इसके बेहद करीब तक पहुंच गए और अगर 20वें ओवर की चौथी गेंद पर आउट नहीं होते तो ये रिकॉर्ड टूट जाता. नमन धीर आखिरकार 64 गेंदों में 173 रन बनाकर आउट हुए जिसमें, 12 छक्के और 16 चौके यानि कुल 28 बाउंड्री उनके बल्ले से निकलीं.

भारत के लिए सबसे बड़े स्कोर का रिकॉर्ड

नमन धीर भले ही सबसे बड़े टी20 स्कोर का रिकॉर्ड बनाने से चूक गए लेकिन वो इस लिस्ट में दूसरे नंबर पर पहुंच गए. उन्होंने पूर्व ऑस्ट्रेलियाई कप्तान एरॉन फिंच को पीछे छोड़ा, जिन्होंने 172 रन की पारी खेली थी. इस तरह नमन अब टी20 क्रिकेट में सबसे बड़ा स्कोर बनाने वाले भारतीय बल्लेबाज बन गए हैं. उन्होंने केएल राहुल का रिकॉर्ड तोड़ा, जिन्होंने IPL 2026 में पंजाब किंग्स के खिलाफ 152 रन (नाबाद) की पारी खेली थी. वहीं ये तीसरा मौका है जब किसी भारतीय बल्लेबाज ने टी20 में 150 रन से ज्यादा का स्कोर किया है. इन दोनों के अलावा तिलक वर्मा (151) भी इस लिस्ट में हैं.

सुमित सुन्द्रियाल

सुमित सुन्द्रियाल

इस वक्त TV9 हिंदी (स्पोर्ट्स 9) में असिस्टेंट न्यूज एडिटर (स्पोर्ट्स) की भूमिका में हूं. यहां तक पहुंचने की शुरुआत 2009 से हुई, जब जामिया मिल्लिया इस्लामिया में मास मीडिया ऑनर्स कोर्स (2009-12) में एडमिशन लिया. फिर 2013 में इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ मास कम्युनिकेशन से हिंदी पत्रकारिता में पोस्ट-ग्रेजुएशन डिप्लोमा पूरा किया. यहीं से 2013 में पहली बार पेशेवर पत्रकारिता में कदम रखे और सबसे पहले न्यूज 18 इंडिया टीवी चैनल में जगह बनाई. डिजिटल पत्रकारिता में एंट्री लेने से पहले करीब 6 साल टीवी इंडस्ट्री में ही गुजरे, जहां असानमेंट डेस्क पर काम किया. असाइनमेंट डेस्क पर रहते हुए जानकारी जुटाना सबसे अहम काम होता है और उस खबर के हर पहलू को जांचना और उसे आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी होती है. यही काम न्यूज 18 इंडिया में रहते हुए किया. इसके बाद खेल और खेल की खबरों के मोह ने डिजिटल जर्नलिज्म की ओर मोड़ा और एक नया सफर शुरू हुआ. इसकी शुरुआत IPL 2019 के दौरान हुई, जब क्विंट हिंदी का दामन थामा. एक साल क्विंट के साथ खेल की खबरें लिखने के बाद इसी काम में नया मुकाम हासिल करने के लिए TV9 हिंदी से रिश्ता जुड़ा. पिछले 3 साल से यहीं पर खेल की हर छोटी-बड़ी, गंभीर और मजेदार खबरें आप तक पहुंचा रहां हूं और लगातार बेहतर तरीके से पेश करने का प्रयास कर रहा हूं.

Read More

google button