आरोपी कांस्टेबल रिंकू, जिस पर लेडी जिम ट्रेनर सहित तीन महिलाओं से नौकरी के नाम पर ठगी करने का आरोप लगा है।
हरियाणा पुलिस के एक सिपाही ने जींद में तीन महिलाओं को ठगी का शिकार बना लिया। उसने महिलाओं को झांसा दिया कि वह कैबिनेट मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा का सिक्योरिटी ऑफिसर है। इसी दम पर उसने तीनों को हरियाणा कौशल रोजगार निगम (HKRN) में आंगनबाड़ी सुपरवाइजर के प
.
आरोपी की बातों में आकर महिलाओं ने उसे करीब सात लाख रुपए थमा दिए। जब काफी दिनों तक जॉइनिंग नहीं हुई, तो महिलाओं ने अपने पैसे वापस मांगे। सिपाही पहले तो जल्द जॉइनिंग लेटर दिलाने का बहाना बनाता रहा, लेकिन जब वक्त बीतता गया तो उसने रुपए लौटाने से साफ इनकार कर दिया।
इसके बाद पीड़ित महिलाओं ने जुलाना थाने में उसकी शिकायत दर्ज कराई। पीड़ित महिलाओं में एक ईएचसी की पत्नी भी शामिल है। पुलिस ने जब आरोपी सिपाही की कुंडली खंगाली, तो पता चला कि वह रोहतक में पोस्टेड है। उसके खिलाफ फ्रॉड (420) की FIR दर्ज कर ली गई है।
उधर, मंत्री अरविंद शर्मा का भी इस मामले में बयान आया है। उन्होंने बताया कि आरोपी कभी मेरा PSO नहीं रहा। वह केवल उनके सांसद रहते समय करीब डेढ़ महीने के लिए गनमैन के तौर पर तैनात रहा था। किसी ने यदि मेरा नाम लेकर नौकरी के लिए पैसे लिए है, तो उसके खिलाफ पुलिस कड़ी कार्रवाई करें।

आरोपी सिपाही रिंकू वर्तमान में रोहतक में पोस्टेड है।
कैसे सिपाही ने महिलाओं को बनाया ठगी का शिकार, सिलसिलेवार जानिए…
- लेडी जिम संचालक की सिपाही से हुई जान-पहचान : जुलाना की रहने वाली शिकायतकर्ता शुक्रिता ने पुलिस को बताया कि वह एमए पास हैं और जुलाना में ज्योति के साथ मिलकर जिम चलाती हैं। उनके पति रमन हरियाणा पुलिस में ईएचसी (EHC) हैं और वर्तमान में भौंडसी में पोस्टेड हैं। गांव गढ़वाली का रहने वाला रिंकू भी हरियाणा पुलिस में सिपाही है और फिलहाल रोहतक में तैनात है। रिंकू उनकी जिम में एक्सरसाइज के लिए आत था, वहीं से उनकी पहचान हुई।
- मंत्री का करीबी बताकर दिया ऑफर, 6.92 लाख रुपए लिए : शुक्रिता ने आगे बताया कि सिपाही रिंकू ने खुद को हरियाणा सरकार के कैबिनेट मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा का करीबी बताया। उसने दावा किया कि वह सांसद रहते हुए मंत्री की सिक्योरिटी में रह चुका है। इसी के दम पर रिंकू ने शुक्रिता, ज्योति और सोनिया निवासी ब्राह्मणवास को HKRN में आंगनबाड़ी सुपरवाइजर के पद पर नौकरी लगवाने का ऑफर दिया। झांसे में आकर तीनों महिलाओं ने जून 2026 में आरोपी को कुल 6 लाख 92 हजार 150 रुपए सौंप दिए।
- 15 जुलाई तक जॉइनिंग का दिया था भरोसा, फिर मुकरा: शुक्रिता का आरोप है कि सिपाही रिंकू ने उन्हें भरोसा दिया था कि बैक डेट से जॉइनिंग दिखाकर 15 जुलाई तक जॉइनिंग लेटर दे दिए जाएंगे। हालांकि, 15 जुलाई बीत जाने के बाद भी जब जॉइनिंग लेटर नहीं मिले तो महिलाओं ने अपने पैसे वापस मांगे। इस पर सिपाही पहले तो टालमटोल कर समय बढ़ाता रहा और बाद में उसने पैसे लौटाने से साफ इनकार कर दिया।
- पुलिस से शिकायत की, एफआईआर दर्ज हुई : शुक्रिता ने बताया कि जब सिपाही रिंकू ने पूरी तरह से रुपए देने से मना कर दिया तो उन्होंने जुलाना पुलिस को मामले की लिखित शिकायत दी। पुलिस ने सिपाही का नाम आते ही मामले को गंभीरता से लिया। तुरंत ही पता किया कि सिपाही रिंकू कहां तैनात है। पता चला कि वह रोहतक में तैनात है। इसके बाद एफआईआर दर्ज की।

जुलाना थाना पुलिस ने आरोपी सिपही रिंकू के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू की है।
2019 में हुआ था भर्ती, पुलिस जांच कर रही
जांच अधिकारी ASI अजय कुमार ने बताया कि पता चला है कि आरोपी सिपाही रिंकू 2019 में पुलिस में भर्ती हुआ था। यह भी जानकारी मिली है कि वह साल 2022-23 में मंत्री अरविंद शर्मा का पर्सनल सिक्योरिटी ऑफिसर (PSO) रह चुका है। इसकी अधिकारिक पुष्टि का प्रयास किया जा रहा है। फिलहाल, मामले में FIR दर्ज कर ली गई है। पुलिस गंभीरता से जांच कर रही है। जांच के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
आरोपी के खिलाफ हो कड़ी कार्रवाई: डॉ. अरविंद शर्मा
हरियाणा के कैबिनेट मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा ने जींद में नौकरी लगवाने के नाम पर महिलाओं से कथित ठगी के मामले को गंभीर बताया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि संबंधित पुलिसकर्मी उनके सांसद रहते समय करीब डेढ़ महीने के लिए गनमैन के तौर पर तैनात रहा था। इसके अलावा उससे उनका कोई संबंध नहीं है।
आरोपी कभी मेरा PSO नहीं रहा। किसी ने यदि मेरा नाम लेकर नौकरी के लिए पैसे लिए है, तो उसके खिलाफ पुलिस नियमानुसार कड़ी कार्रवाई करें। इस कथित लेनदेन से मेरा कोई संबंध नहीं है। पीड़ित महिलाओं को न्याय मिलना चाहिए।
-------------------------
ये खबर भी पढ़ें…
पंचकूला पुलिस के सामने बहू ने ससुर को पीटा,VIDEO:दरवाजे पर बैठी रही, ननद के साथ भी धक्का-मुक्की; बुजुर्ग बोले- पुलिस नहीं कर रही FIR

हरियाणा के पंचकूला में ससुराल की संपत्ति पर कब्जे के लिए एक बहू का हाई-वोल्टेज ड्रामा सामने आया है। मामला सेक्टर-21 का है, जहां बहू अपनी मां और दो युवकों के साथ जबरन 70 वर्षीय ससुर के घर में दाखिल हो गई। (पूरी खबर पढ़ें)