मारीच वध और राम-भरत मिलाप पर रहेगी खास निगरानी: IG नवीन अरोरा बोले- CCTV, ड्रोन और अतिरिक्त पुलिस बल से होगी सुरक्षा - Mau News

Published on 13 अक्टू॰ 2026

सुशील सिंह | मऊ1 घंटे पहले

  • कॉपी लिंक

मऊ में नवरात्रि, दशहरा और आगामी धार्मिक आयोजनों को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन सतर्क है। मंगलवार को पुलिस महानिरीक्षक (IG) नवीन अरोरा मऊ पहुंचे।

मंगलवार शाम करीब 4:30 बजे प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था और तैयारियों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि मऊ की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस और प्रशासन पूरी सतर्कता बरत रहे हैं।

आयोजन स्थलों का किया निरीक्षण

IG ने पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ विभिन्न आयोजन स्थलों का निरीक्षण किया। रामलीला कमेटियों के पदाधिकारियों के अलावा शाही कटरा मस्जिद के इमाम, नायब इमाम और दूसरे पक्ष के लोगों से भी बातचीत की।

उन्होंने कहा कि वर्ष 2005 के बाद से जिले में आपसी सौहार्द और मेलजोल की परंपरा रही है। फिलहाल किसी बड़ी संवेदनशील समस्या की आशंका नहीं दिख रही है, लेकिन सुरक्षा में कोई ढिलाई नहीं बरती जाएगी।

मारीच वध और राम-भरत मिलाप पर विशेष नजर

मारीच वध के दौरान तीन स्थानों पर दीवार टूटने वाले रास्तों का निरीक्षण किया गया। मारीच के प्रवेश और निकास की व्यवस्था भी देखी गई। शाही कटरा मस्जिद के चैनल गेट पर विमान के तीन बार स्पर्श करने की परंपरा को लेकर भी सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की गई।

IG ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी आयोजन निर्धारित समय और तय मार्गों के अनुसार संपन्न कराए जाएं। किसी नई परंपरा की शुरुआत नहीं होने दी जाएगी।

CCTV, ड्रोन और अतिरिक्त पुलिस बल से निगरानी

IG ने बताया कि सुरक्षा के लिए CCTV कैमरों, ड्रोन और एरियल सर्विलांस का इस्तेमाल किया जाएगा। संकरी गलियों और संवेदनशील स्थानों पर रूफटॉप ड्यूटी लगाई जाएगी। मऊ के अलावा आजमगढ़ और बलिया से भी पुलिस बल उपलब्ध कराया गया है। जोन और मुख्यालय स्तर से अतिरिक्त बल मांगा गया है।

जरूरत के अनुसार PAC, RAF, बाढ़ राहत दल और अग्निशमन सेवाओं को भी तैयार रखा जाएगा। विसर्जन के दौरान किसी अप्रिय घटना से निपटने के लिए लाइफ जैकेट, लाइफ बॉय और एंबुलेंस की व्यवस्था भी की जा रही है।

पंडालों की सुरक्षा, यातायात और सफाई पर जोर

दुर्गा पूजा पंडालों के आयोजकों से CCTV कैमरे लगाने और उनकी रिकॉर्डिंग सुरक्षित रखने की अपील की गई है। संभव होने पर कैमरों की लाइव फीड पुलिस कंट्रोल रूम को उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया गया।

जुलूस और विसर्जन मार्गों पर जाम की आशंका वाले स्थानों को चिह्नित किया जा रहा है। यातायात डायवर्जन, वाहनों की पार्किंग और वैकल्पिक मार्गों की योजना की समीक्षा की गई है। जिलाधिकारी और नगर पालिका के अधिकारियों को मार्गों की सफाई, लटकते बिजली के तारों को दुरुस्त करने, पेड़ों की डालियों की छंटाई और क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत के निर्देश दिए गए हैं।

पुलिस प्रशासन का प्रयास है कि सभी जुलूस निर्धारित समय पर निकलें और सुरक्षित तरीके से विसर्जन स्थलों तक पहुंचें।

महिलाओं की सुरक्षा और अफवाहों पर भी नजर

IG ने मिशन शक्ति 6.0 के तहत महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा को प्राथमिकता बताया। एंटी रोमियो स्क्वाड और यूपी-112 की PRV गाड़ियों के रूट की समीक्षा की जा रही है, ताकि भीड़भाड़ वाले स्थानों पर जरूरत के अनुसार पुलिस की मौजूदगी बढ़ाई जा सके।

उन्होंने सोशल मीडिया पर भ्रामक संदेश, पुराने वीडियो को नया बताकर प्रसारित करने और डीपफेक सामग्री फैलाने से बचने की अपील की। उन्होंने कहा कि किसी भी वीडियो या संदेश को बिना सत्यापन आगे न भेजें। संदिग्ध सामग्री पुलिस तक पहुंचाएं, ताकि उसकी सत्यता की जांच की जा सके।

डीजे संचालकों को निर्धारित सीमा में ध्वनि रखने के निर्देश

IG ने बताया कि नवरात्रि के दौरान साइबर जागरूकता अभियान भी चलाया जा रहा है। डीजे संचालकों को निर्धारित समय और ध्वनि सीमा का पालन करने के निर्देश दिए गए हैं। इसका उद्देश्य बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों को परेशानी से बचाना है। उन्होंने मीडिया और आम नागरिकों से अफवाहों को रोकने तथा जागरूकता अभियान में सहयोग करने की अपील की।

.