'मेरे हाथ-पैर कांप रहे हैं', Pradeep Rawat की प्रेयर मीट में बेटे विक्रमादित्य का हुआ ऐसा हाल, फूट-फूटकर रोए

Published on 8 अग॰ 2026

Time Published: Saturday, August 8, 2026, 11:31 [IST]

Pradeep Rawat Prayer Meet: साउथ इंडस्ट्री से लेकर बॉलीवुड तक में अपनी दमदार एक्टिंग का जलवा बिखेरने वाले एक्टर प्रदीप रावत का गत 4 अगस्त 2026 को निधन हो गया है। वह लंबे समय से ब्लड कैंसर जैसी जाानलेवा बीमारी से जूझ रहे थे। वहीं गत 7 अगस्त 2026 (शुक्रवार) की शाम को उनके लिए प्रेयर मीट का आयोजन किया गया था, जिसमें कई फिल्मी स्टार्स पहुंचे थे।

7 अगस्त 2026 को थी प्रदीप रावत की प्रेयर मीट
अखिलेंद्र मिश्रा, मुकेश ऋषि, नफीसा अली और रघुबीर यादव से लेकर सुनील पाल और टीवी एक्टर करण वी ग्रोवर भी दिवंगत एक्टर प्रदीप रावत की प्रेयर मीट में नजर आए थे। सभी लोगों ने एक्टर को श्रद्धांजलि दी। इस मौके पर प्रदीप रावत के बेटे विक्रमादित्य और पत्नी एकदम टूट गए थे। विक्रमादित्य ने प्रेयर मीट में आए सभी लोगों का आभार जताया और फूट फूटकर रोने लगे थे।

Pradeep Rawat Prayer Meet

प्रेयर मीट में शामिल हुए थे कई बॉलीवुड सेलेब्स

प्रदीप रावत की प्रेयर मीट में 'लगान' मूवी में उनके को-स्टार रहे अमीन हाजी और यशपाल शर्मा भी पहुंचे थे। फिल्ममेकर अशोक पंडित भी इस मौके पर काफी दुखी नजर आए। इस दौरान प्रदीप रावत के बेटे विक्रमादित्य सभी लोगों से मिले और खुद को संभालते हुए दिखाई दिए। उनकी आंखों में आंसू रुकने का नाम नहीं ले रहे थे।

प्रदीप रावत के बेटे का रो रोकर हुआ बुरा हाल

फिर अचानक ही प्रेयर मीट में पहुंचे लोगों का शुक्रिया अदा करते हुए विक्रमादित्य रो पड़े थे। इस मौके पर विक्रामादित्य ने कहा- जो भी यहां आया, उन सभी का धन्यवाद। मैं ज्यादा बोलने की हालत में नहीं हूं। मेरी बहुत यादें हैं पापा के साथ। और कुछ तो नहीं बोल पाऊंगा। अभी मेरे हाथ-पैर कांप रहे हैं। वो आप सभी से बहुत प्यार करते थे और सबकी तारीफ करते थे। आप सभी यहां आए, उसके लिए शुक्रिया।

प्रदीप रावत के अंतिम संस्कार में पहुंचे थे आमिर खान-सलमान खान

-आपको बता दें कि प्रदीप रावत ने 74 साल की उम्र में इस दुनिया को अलविदा कह दिया है। उनके निधन से पूरी इंडस्ट्री में शोक की लहर दौड़ गई है। 5 अगस्त 2026 को मुंबई के ओशिवारा श्मशान घाट में प्रदीप रावत का अंतिम संस्कार संपन्न हुआ था। आमिर खान से लेकर सलमान खान तक एक्टर के अंतिम संस्कार में शामिल हुए थे।

-इस दौरान भी एक्टर के बेटे विक्रमादित्य रावत काफी इमोशनल नजर आए थे। उन्होंने मीडिया से बात करते हुए अपने पिता के आखिरी पलों को याद किया था और बताया था कि किस तरह अचानक उनकी तबीयत बिगड़ी थी और परिवार को उनकी गंभीर बीमारी के बारे में पता चला था।

प्रदीप रावत का फिल्मी सफर

-प्रदीप रावत ने चार दशक से भी ज्यादा समय तक हिंदी, तेलुगू, तमिल, कन्नड़, मलयालम, बंगाली, भोजपुरी, नेपाली और मराठी फिल्मों में काम किया था। उन्होंने 1980 के दशक में एक्टिंग की शुरुआत की थी लेकिन उन्हें असली पहचान बी.आर. चोपड़ा के मशहूर टीवी सीरियल 'महाभारत' में गुरु द्रोणाचार्य के बेटे अश्वत्थामा का रोल निभाकर मिली थी।

-इसके बाद 'गजनी' और एस.एस. राजामौली की फिल्म 'सई' में प्रदीप रावत के निभाए विलन के किरदारों ने उन्हें भारतीय सिनेमा के सबसे यादगार खलनायकों की लिस्ट में शामिल कर दिया था। जीवन के आखिरी समय में वह लगातार फिल्मों में एक्टिव रहे। 'वाल्टेयर वीरय्या', 'गुलू गुलू' और 'छावा' उनकी आखिरी फिल्मों में शामिल रहीं।