जहां बने थे वर्ल्ड चैंपियन, वहीं आज नई परीक्षा...क्या हरारे में फिर चमकेगा वैभव सूर्यवंशी का बल्ला?

Published on 23 जुल॰ 2026

Vaibhav Suryavanshi Harare Record: इंग्लैंड दौरे पर निराशाजनक शुरुआत के बाद वैभव सूर्यवंशी अब हरारे के उसी मैदान पर वापसी करने जा रहे हैं, जहां उन्होंने अंडर-19 वर्ल्ड कप फाइनल में 175 रन की ऐतिहासिक पारी खेलकर भारत को वर्ल्ड चैंपियन बनाया था।

India vs Zimbabwe 1st T20I: 15 साल के युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने इंग्लैंड के खिलाफ टी20 सीरीज में इंटरनेशनल क्रिकेट में डेब्यू किया था। हालांकि, उन्हें अपने करियर की वैसी शुरुआत नहीं मिली, जिसकी फैंस को उम्मीद थी। लेकिन अब वैभव के पास शानदार वापसी का मौका है। भारत और जिम्बाब्वे के बीच 23 जुलाई से शुरू हो रही तीन मैचों की टी20 सीरीज में वह एक बार फिर मैदान पर उतरेंगे। खास बात यह है कि यह सीरीज हरारे स्पोर्ट्स क्लब में खेली जाएगी, जो वैभव के लिए बेहद खास मैदान है।

अंडर-19 वर्ल्ड कप में खेली थी ऐतिहासिक पारी

हरारे स्पोर्ट्स क्लब वही मैदान है, जहां कुछ महीने पहले अंडर-19 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में वैभव सूर्यवंशी ने इतिहास रच दिया था। उनकी शानदार बल्लेबाजी की बदौलत भारत ने वर्ल्ड कप का खिताब अपने नाम किया था। सीरीज शुरू होने से पहले वैभव ने भी हरारे को अपने करियर का सबसे यादगार मैदान बताया। उन्होंने कहा कि चार महीने पहले इसी मैदान पर भारत अंडर-19 वर्ल्ड चैंपियन बना था। उनके मुताबिक, भारत के लिए खेलना हर खिलाड़ी का सपना होता है और उसी मैदान पर दोबारा खेलने का मौका मिलना उनके लिए बेहद खास एहसास है।

हरारे में खेली थी रिकॉर्डतोड़ पारी

वैभव सूर्यवंशी की सबसे यादगार पारी भी इसी मैदान पर आई थी। अंडर-19 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में उन्होंने सिर्फ 80 गेंदों में 175 रन की विस्फोटक पारी खेली थी। इस दौरान उन्होंने 15 चौके और 15 छक्के लगाए थे। उनकी इस रिकॉर्डतोड़ पारी की बदौलत भारत ने वर्ल्ड कप जीतकर इतिहास रच दिया। अब एक बार फिर वैभव उसी मैदान पर बल्लेबाजी करने उतरेंगे। अगर वह इस बार भी बड़ी पारी खेलने में सफल रहते हैं, तो न सिर्फ आलोचकों को करारा जवाब देंगे, बल्कि अपने अंतरराष्ट्रीय करियर को भी नई उड़ान दे सकते हैं।

और पढे़ं- India vs Zimbabwe T20I: फिर मैदान पर दिखेंगे बेबी बॉस वैभव सूर्यवंशी, जानिए कब कहां देखें लाइव मैच

इंग्लैंड दौरे पर नहीं चला था बल्ला

इंग्लैंड के खिलाफ टी20 सीरीज में वैभव को पहली बार टीम इंडिया की जर्सी पहनने का मौका मिला था, लेकिन उनका बल्ला उम्मीद के मुताबिक नहीं चला। उन्होंने तीन पारियों में 14, 13 और 15 रन ही बनाए। लगातार छोटे स्कोर के कारण उन्हें आखिरी टी20 मैच की प्लेइंग इलेवन से भी बाहर बैठना पड़ा। अब जिम्बाब्वे दौरे पर वैभव की नजर शानदार वापसी पर होगी। फैंस को उम्मीद है कि हरारे का वही मैदान, जहां उन्होंने भारत को वर्ल्ड चैंपियन बनाया था, एक बार फिर उनके बल्ले से बड़ी पारी का गवाह बनेगा।

वैभव सूर्यवंशी को लेकर सर्च किए जाने वाले सवाल

1. वैभव सूर्यवंशी के लिए हरारे का मैदान क्यों खास है?

इसी मैदान पर उन्होंने अंडर-19 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में 175 रन बनाकर भारत को चैंपियन बनाया था।

2. इंग्लैंड टी20 सीरीज में वैभव सूर्यवंशी का प्रदर्शन कैसा रहा?

उन्होंने तीन पारियों में 14, 13 और 15 रन बनाए और आखिरी मैच में प्लेइंग इलेवन से बाहर हो गए।

3. भारत-जिम्बाब्वे टी20 सीरीज कब शुरू होगी?

भारत और जिम्बाब्वे के बीच तीन मैचों की टी20 सीरीज 23 जुलाई से हरारे स्पोर्ट्स क्लब में शुरू होगी।