जबलपुर जिले के बरगी थाना क्षेत्र के ग्राम सालीवाड़ा में बुधवार देर रात युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। घायल युवक को पहले बरगी स्वास्थ्य केंद्र और फिर मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, लेकिन रास्ते में उसकी मौत हो गई।
.
परिजनों का आरोप है कि 108 और 112 पर सूचना देने के बावजूद समय पर मदद नहीं मिली। उनका कहना है कि यदि एम्बुलेंस समय पर पहुंच जाती, तो उसकी जान बच सकती थी।
घर के बाहर बैठे युवक पर चाकू से हमला
पुलिस के मुताबिक, ग्राम सालीवाड़ा निवासी नमामि पटेल (30) वेल्डिंग का काम करते थे। बुधवार रात करीब 11 बजे खाना खाने के बाद वह घर के बाहर चबूतरे पर बैठे थे। इसी दौरान गांव के ही घनश्याम केवट से किसी बात पर विवाद हुआ। आरोप है कि घनश्याम ने चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर नमामि को गंभीर रूप से घायल कर दिया।

चाकू से हमले के बाद युवक की हॉस्पिटल ले जाते वक्त मौत।
108 और 112 नहीं पहुंची, निजी वाहन से अस्पताल ले गए
मृतक के बड़े भाई वैद्यनाथ यादव ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही उन्होंने 108 एम्बुलेंस और 112 डायल किया, लेकिन काफी इंतजार के बाद भी कोई वाहन नहीं पहुंचा। इसके बाद परिजन निजी वाहन से नमामि को बरगी के शासकीय अस्पताल लेकर पहुंचे।
अस्पताल की गाड़ी खराब, मेडिकल कॉलेज में तोड़ा दम
बरगी अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद नमामि को मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। परिजनों का आरोप है कि अस्पताल की एम्बुलेंस के ब्रेक खराब होने के कारण वह उपलब्ध नहीं थी। मजबूरी में निजी वाहन से मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, लेकिन वहां पहुंचने से पहले ही नमामि की मौत हो गई।
परिजनों के मुताबिक, डॉक्टरों ने कहा कि यदि घायल को करीब आधा घंटा पहले अस्पताल पहुंचा दिया जाता, तो उसकी जान बच सकती थी।

परिजन बोले- एम्बुलेंस समय पर पहुंच जाती, तो युवक की जान बच सकती थी।
एक साल पहले हुई थी शादी
परिजनों का कहना है कि नमामि की शादी करीब एक साल पहले ही हुई थी। परिवार का यह भी कहना है कि उसका गांव में किसी से कोई विवाद नहीं था। आरोपी ने हत्या क्यों की, इसका पता उसकी गिरफ्तारी के बाद ही चल सकेगा।
हत्या का केस दर्ज, आरोपी की तलाश
बरगी थाना पुलिस ने आरोपी घनश्याम केवट के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। सीएसपी अंजुल अयंक मिश्रा ने बताया कि आरोपी की तलाश की जा रही है। वहीं, पुलिस एम्बुलेंस सेवा को लेकर लगाए गए आरोपों की भी जानकारी जुटा रही है।