The Hundred Format: 21 जुलाई से द हंड्रेड 2026 शुरू हो चुका है। जानिए 100 गेंदों वाले इस अनोखे क्रिकेट फॉर्मेट के नियम, इसमें खेलने वाली टीमें, स्टार खिलाड़ी, मैच का फॉर्मेट, शेड्यूल और भारत में लाइव मैच कहां और कैसे देख सकते हैं।
The Hundred rules: क्रिकेट की दुनिया में सबसे तेज और रोमांचक फॉर्मेट माने जाने वाले 'द हंड्रेड' (The Hundred) का 2026 सीजन 21 जुलाई से शुरू हो चुका है। यह टूर्नामेंट 16 अगस्त तक चलेगा। इसे इंग्लैंड एंड वेल्स क्रिकेट बोर्ड (ECB) आयोजित करता है। यह एक फ्रेंचाइजी आधारित लीग है, जिसकी सबसे बड़ी खासियत यह है कि इसमें 20 ओवर नहीं, बल्कि सिर्फ 100 गेंदों की एक पारी खेली जाती है। इसी वजह से पूरा मैच करीब ढाई घंटे में खत्म हो जाता है और दर्शकों को तेज, रोमांचक और मनोरंजक क्रिकेट देखने को मिलता है। आइए जानते हैं 'द हंड्रेड' का फॉर्मेट, इसमें खेलने वाली टीमें, स्टार खिलाड़ी और भारत में इसे कहां देखा जा सकता है।
द हंड्रेड का फॉर्मेट
'द हंड्रेड' में प्रत्येक टीम को 100 गेंदों की एक पारी खेलने का मौका मिलता है। एक गेंदबाज अधिकतम 20 गेंदें (लगातार 5 या 10 गेंदों के स्पेल में) फेंक सकता है। मैच की शुरुआत 25 गेंदों के पावरप्ले से होती है, जिसमें केवल दो फील्डर 30-यार्ड सर्कल के बाहर रह सकते हैं। टूर्नामेंट में 8 मेंस और 8 विमेंस टीमें हिस्सा लेती हैं। सभी टीमें लीग चरण में मुकाबले खेलती हैं। इसके बाद प्वाइंट टेबल की टॉप तीन टीमें नॉकआउट चरण में पहुंचती हैं। दूसरे और तीसरे स्थान की टीमें एलिमिनेटर खेलती हैं, जिसकी विजेता टीम पहले स्थान पर रहने वाली टीम से फाइनल खेलती है। इस साल 16 अगस्त को फाइनल मुकाबला खेला जाएगा।
द हंड्रेड 2026 में कौन-कौन सी टीमें खेल रही हैं?
इस बार पुरुष और महिला वर्ग में कुल 8-8 टीमें हिस्सा ले रही हैं। 2026 सीजन की सबसे बड़ी चर्चा मुंबई इंडियंस के एमआई लंदन (पूर्व में ओवल इनविंसिबल्स) के खरीदने को लेकर रही।
और पढे़ं- टी20 सीरीज से पहले जिम्बाब्वे के कप्तान की खुली चेतावनी, बोले-भारत अकेला फेवरेट नहीं, दोनों के पास बराबर मौका
इस सीजन में खेलने वाली मेन टीमें
एमआई लंदन (MI London)
लंदन स्पिरिट
मैनचेस्टर सुपर जायंट्स
सनराइजर्स लीड्स
बर्मिंघम फीनिक्स
सदर्न ब्रेव
ट्रेंट रॉकेट्स
वेल्श फायर
इन स्टार खिलाड़ियों पर रहेगी नजर
द हंड्रेड में दुनिया भर के कई बड़े क्रिकेट सितारे खेलते हैं। इस बार भी कई इंटरनेशनल खिलाड़ी टूर्नामेंट का हिस्सा हैं। इनमें हैरी ब्रूक, निकोलस पूरन, सैम करन, राशिद खान, डेविड मिलर, ग्लेन मैक्सवेल, ट्रैविस हेड, आंद्रे रसेल, जोस बटलर और फिल साल्ट जैसे दिग्गज शामिल हैं। वहीं, विमेंस टीम में बेथ मूनी, नैट साइवर-ब्रंट, सोफी एक्लेस्टोन, एलिस पेरी, स्मृति मंधाना और शेफाली वर्मा जैसी स्टार खिलाड़ी भी टूर्नामेंट का आकर्षण हैं।
भारत में कहां देखें द हंड्रेड?
भारत में द हंड्रेड 2026 के ब्रॉडकास्ट राइट्स जियोस्टार के पास हैं। टूर्नामेंट का लाइव टेलीकास्ट स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क पर देखा जा सकता है। वहीं इसकी लाइव स्ट्रीमिंग जियोहॉटस्टार पर होगी। भारतीय समयानुसार ज्यादातर मुकाबले शाम 6:30 बजे से शुरू होते हैं। इस सीजन के पहले मुकाबले में एमआई लंदन ने सनराइजर्स लीड्स को 7 विकेट से हराकर शानदार शुरुआत की।
द हंड्रेड को लेकर सर्च किए जाने वाले सवाल
1. द हंड्रेड क्रिकेट में कितनी गेंदों की एक पारी होती है?
हर टीम को 100 गेंदों की एक पारी खेलने का मौका मिलता है।
2. भारत में The Hundred 2026 कहां देखें?
मैच स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क पर लाइव टेलीकास्ट और जियोहॉटस्टार पर लाइव स्ट्रीम किए जा सकते हैं।
3. The Hundred 2026 का फाइनल कब खेला जाएगा?
16 अगस्त 2026 को The Hundred 2026 का फाइनल मुकाबला खेला जाएगा।