‘मेरी हत्या कराना चाहते थे अखिलेश यादव’, भाजपा के इस पूर्व दिग्गज विधायक ने सपा प्रमुख पर लगाए गंभीर आरोप | IBC24

Published on 24 अक्टू॰ 2026

Sangeet Som allegations On Akhilesh Yadav: मेरठ: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता और मेरठ जिले की सरधना विधानसभा सीट से विधायक रह चुके संगीत सिंह सोम ने समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष अखिलेश यादव पर उनकी हत्या की साजिश रचने का गंभीर आरोप लगाया है। सोम ने यहां दावा किया, ‘‘अखिलेश यादव, टीटू यादव के जरिए उनकी हत्या कराना चाहते थे, लेकिन उनकी कथित योजना सफल नहीं हो सकी।’’ हालांकि, भाजपा नेता के इस आरोप की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है। इस संबंध में सोम की प्रतिक्रिया जानने के लिए ‘पीटीआई-भाषा’ ने उनके मोबाइल फोन पर कई बार संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन उनका फोन बंद था।

पूर्व मंत्री मंजूर ने आरोपों पर टिप्पणी करने से किया मना

इस बीच, सपा विधायक और उत्तर प्रदेश के पूर्व कैबिनेट मंत्री शाहिद मंजूर ने सोम के आरोपों पर सीधे टिप्पणी करने से इनकार कर दिया। उन्होंने कहा कि यदि सोम को अपनी जान का खतरा है, तो उन्हें सरकार से अतिरिक्त सुरक्षा मांगनी चाहिए। मंजूर ने कहा, ‘‘वह (सोम) भाजपा के नेता, पूर्व विधायक और फायरब्रांड नेता हैं। उनकी पार्टी की सरकार है। यदि उन्हें जान का खतरा है, तो सरकार को आवेदन दें। अगर 26-27 सुरक्षाकर्मियों से काम नहीं चल रहा है, तो 50-100 सुरक्षाकर्मी ले लें। जेड प्लस सुरक्षा भी पर्याप्त नहीं है, तो एनएसजी की सुरक्षा मांग लें।’’

अपना टिकट पक्का करने के लिए दे रहे ऐसा बयान: शाहिद मंजूर

पूर्व मंत्री शाहिद मंजूर ने कहा कि सोम को यह भी देखना चाहिए कि जब वह विधायक थे, तब अखिलेश यादव की सरकार ने उन्हें कितने सुरक्षाकर्मी उपलब्ध कराए थे। मंजूर ने व्यंग्यात्मक लहजे में कहा, ‘‘हो सकता है कि कोई अपनी टीआरपी बढ़ाने के लिए ऐसी बातें कर रहा हो। यह भी संभव है कि अपना टिकट पक्का करने के लिए ऐसा कर रहा हो। मुझे इस पर कोई टिप्पणी नहीं करनी है।’’ यह पहली बार नहीं है जब सोम ने अखिलेश यादव पर आरोप लगाए हैं। इससे पहले भी वह आरोप लगा चुके हैं कि सपा सरकार के कार्यकाल में उनके और अन्य नेताओं के खिलाफ गंभीर मुकदमे दर्ज कराए गए थे। सोम वर्ष 2013 के मुजफ्फरनगर दंगों को लेकर भी तत्कालीन सपा सरकार की भूमिका पर सवाल उठाते रहे हैं। उन्होंने पश्चिमी उत्तर प्रदेश में हुई हिंसा को लेकर भी अखिलेश यादव पर आरोप लगाए हैं।

इन्हें भी पढ़ें:-

  • हॉकी लीग 2026 का चौथा दिन, खेले जायेंगे दो मुकाबले, पहला मैच राजधानी रॉयल्स और चक्रधर चैंपियंस के बीच
  • आखिर कहां से लाए गए थे टाइगर श्रॉफ पर हमले के लिए हथियार? पुलिस ने खंगाली कुंडली तो जुड़े MP से तार, युवक को लिया हिरासत में
  • UP PET 2026 को लेकर सीएम योगी ने अधिकारियों को दिए कड़े निर्देश, करीब 37 लाख अभ्यर्थी परीक्षा में होंगे शामिल