ग्वालियर में 15 मौतों का मातम... ट्रॉमा सेंटर के गेट पर बिछाया ग्रीन कार्पेट, भड़के सिंधिया बोले- क्या तमाशा है ये?

Published on 18 अक्टू॰ 2026

MP News: ग्वालियर में शीतला माता मंदिर के दर्शन के लिए जा रहे श्रद्धालुओं को ट्रक से कुचले जाने की घटना में 15 लोगों की मौत के बाद केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया घायलों का हाल जानने ट्रॉमा सेंटर पहुंचे. सिंधिया ने हादसे को लेकर सवाल उठाया कि आखिर रात के अंधेरे में ट्रक शहर के अंदर कैसे पहुंचा? उन्होंने मामले की जांच और जिम्मेदारों पर सख्त कार्रवाई की बात कही. इसी दौरान उनके दौरे से पहले अस्पताल में बिछाए गए ग्रीन कार्पेट को लेकर सिंधिया भड़क गए. 

शीतला माता मंदिर हादसे के बाद ग्वालियर में मातम पसरा हुआ है. हादसे में घायल लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है. केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ट्रॉमा सेंटर पहुंचे और घायलों से मुलाकात की. उन्होंने डॉक्टरों से मरीजों की स्थिति और उनके इलाज के बारे में जानकारी ली.

सिंधिया ने बताया कि अस्पताल में भर्ती कुछ मरीजों को डिस्चार्ज किया गया है, जबकि गंभीर रूप से घायलों का इलाज जारी है. दो मरीजों के पेल्विक बोन में फ्रैक्चर होने की जानकारी भी सामने आई है. गंभीर मरीजों को पहले स्थिर करने के बाद आगे के इलाज और सर्जरी को लेकर फैसला किया जाएगा.

सम्बंधित ख़बरें

सिंधिया का सवाल- रात में शहर में कैसे आया ट्रक?

हादसे को लेकर सिंधिया ने सुरक्षा व्यवस्था पर बड़ा सवाल उठाया. उन्होंने पूछा कि आखिर रात के अंधेरे में ट्रक ग्वालियर शहर के अंदर कैसे पहुंच गया?

सिंधिया ने कहा कि ट्रक के ब्रेक फेल हुए थे या हादसे की कोई दूसरी वजह थी, इसकी पूरी जानकारी जांच के बाद ही सामने आएगी. उन्होंने हादसे के कारणों की विस्तृत जांच पर जोर देते हुए कहा कि जो भी जिम्मेदार होगा, उसे बख्शा नहीं जाना चाहिए.

CM से तीन बार हुई बात

सिंधिया के मुताबिक, हादसे के बाद उनकी मुख्यमंत्री मोहन यादव से सुबह से तीन बार चर्चा हुई. उन्होंने पुलिसकर्मियों और अधिकारियों पर निलंबन की कार्रवाई का भी जिक्र किया.

सिंधिया ने बताया कि मृतकों के परिजनों और गंभीर रूप से घायल लोगों के लिए प्रधानमंत्री राहत कोष और मुख्यमंत्री राहत कोष से सहायता राशि भी आवंटित की गई है. उन्होंने कहा कि इस समय पहली प्राथमिकता घायलों की जान बचाना और उनकी स्थिति को स्थिर करना है. इसके बाद यह पता लगाया जाना जरूरी है कि ट्रक शहर में कैसे दाखिल हुआ और सुरक्षा व्यवस्था में कहां चूक हुई.

सिंधिया के आने से पहले बिछा ग्रीन कार्पेट

इस बीच सिंधिया के अस्पताल पहुंचने से पहले ट्रॉमा सेंटर में की गई तैयारियों की तस्वीरों ने एक अलग सवाल खड़ा कर दिया. अस्पताल परिसर में साफ-सफाई कराई गई. कर्मचारी झाड़ू लगाते नजर आए और ग्रीन कार्पेट भी बिछाया गया. इतना ही नहीं, परिसर में मौजूद टूटी टाइल्स और गड्ढों को सीमेंट-रेत के मसाले से दुरुस्त करने का काम भी होता दिखाई दिया.

'मेरे लिए कहां से ग्रीन कार्पेट? क्या तमाशा है ये!'

सिंधिया से जब पूछा गया कि उनके आने से पहले अस्पताल में ग्रीन कार्पेट बिछाकर VIP ट्रीटमेंट क्यों दिया जा रहा है और क्या इसे अधिकारियों की चापलूसी माना जाए, तो उन्होंने इस पर सवालिया अंदाज में प्रतिक्रिया दी. देखें VIDEO:- 

सिंधिया ने कहा, "मैं ग्वालियर का हूं, ग्वालियर मेरा है. मेरे लिए कहां से ग्रीन कार्पेट? क्या बात है, क्या तमाशा है ये!" हालांकि, यह स्पष्ट नहीं हुआ कि अस्पताल में ग्रीन कार्पेट बिछाने के निर्देश किस स्तर पर और किसने दिए थे. देखें VIDEO:- 

हादसे के बाद दो सवाल

पूरे घटनाक्रम के बाद दो बड़े सवाल सामने आए हैं. पहला, 15 श्रद्धालुओं की जान लेने वाला ट्रक रात के समय शहर में कैसे पहुंचा और सुरक्षा व्यवस्था में चूक कहां हुई?

दूसरा सवाल अस्पताल की व्यवस्था को लेकर है. अगर ट्रॉमा सेंटर परिसर में टूटी टाइल्स और गड्ढों की मरम्मत की जरूरत थी तो यह काम पहले क्यों नहीं हुआ? क्या अस्पताल की सफाई और रखरखाव के लिए किसी VIP दौरे का इंतजार किया जाना चाहिए? देखें VIDEO:- 

हादसे के बाद फिलहाल सबसे बड़ी प्राथमिकता घायलों को बेहतर इलाज उपलब्ध कराने, पीड़ित परिवारों की मदद करने और घटना के लिए जिम्मेदार लोगों की जवाबदेही तय करने की है.

---- समाप्त ----