मशहूर सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर को पुलिस ने किया गिरफ्तार, महिला ने दुष्कर्म और जबरन धर्म परिवर्तन के लिए दबाव बनाने का लगाया है आरोप | IBC24

Published on 14 अक्टू॰ 2026

Social Media Influencer Arrested: पालघर: महाराष्ट्र के पालघर जिले के नालासोपारा में पुलिस ने दुष्कर्म और जबरन धर्म परिवर्तन कराने के आरोप में 22 वर्षीय जिम ट्रेनर एवं सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर आरिफ अयूब शेख को गिरफ्तार किया है। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी। पुलिस अधिकारी ने बताया कि शेख के खिलाफ 23 वर्षीय महिला ने शिकायत दर्ज कराई है।

क्या है पूरा मामला?

पुलिस के अनुसार, आरोपी को मंगलवार को गिरफ्तार किया गया। शिकायत के मुताबिक, शेख ने अप्रैल 2025 में सोशल मीडिया पर महिला से दोस्ती की और विश्वास जीतने के बाद उसे अपने घर ले जाकर कई बार यौन उत्पीड़न किया। महिला ने आरोप लगाया कि उसने मारपीट की और शादी का झांसा देकर अपनी मां रुखसाना के साथ मिलकर उस पर धर्म परिवर्तन के लिये दबाव बनाया। उसने शेख के चचेरे भाई साहिल के खिलाफ भी मारपीट की कोशिश करने का आरोप लगाया। जांच के दौरान आरोपी के मोबाइल फोन से अश्लील वीडियो की 100 से अधिक क्लिप बरामद हुईं। शुरुआती जांच में इनमें से कुछ के विदेशों में प्रसारित होने की आशंका जताई गई है। आरोपी को अदालत में पेश करने के बाद तीन दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया गया।

आरोपी की मां और भाई के खिलाफ भी मामला दर्ज

पुलिस उपायुक्त शशिकांत बोराटे ने बताया कि मुख्य आरोपी, उसकी मां और चचेरे भाई के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) के तहत दुष्कर्म, गलत तरीके से बंधक बनाने, चोट पहुंचाने, हमला करने और आपराधिक धमकी देने से संबंधित मामले दर्ज किए गए हैं। नवरात्रि पर कथित आपत्तिजनक टिप्पणी को लेकर भी शेख के खिलाफ एक अन्य मामला दर्ज है।

भाजपा नेता ने बताया लव जिहाद का मामला

भाजपा नेता किरीट सोमैया ने मंगलवार को पुलिस थाने का दौरा किया। उन्होंने ‘एक्स’ पर दावा किया कि 16 से 23 वर्ष की एक दर्जन से अधिक हिंदू लड़कियों का यौन शोषण हुआ और 100 से अधिक वीडियो मिले। उन्होंने आरिफ, सोहेल, अहमद मेमन और रुकसाना समेत करीब एक दर्जन लोगों की संलिप्तता तथा मोबाइल में विदेश से लेनदेन के संकेत मिलने का भी दावा किया। उन्होंने इसे ‘लव जिहाद’ का मामला बताते हुए मुंबई महानगर क्षेत्र में बड़े गिरोह के सक्रिय होने की आशंका जताई। ये दावे पुलिस की ओर से स्वतंत्र रूप से पुष्ट नहीं किए गए हैं।

इन्हें भी पढ़ें:-

  • इस टीवी चैनल के हेडक़्वार्टर पर अचानक की गई छापेमारी.. सरकार के खिलाफ मुखर होकर बोलना पड़ा महँगा!.. तलाशी भी ली गई
  • यूपी विधानसभा चुनाव से पहले समाजवादी पार्टी को लगा बड़ा झटका, इन तीन दिग्गज नेताओं ने थामा भाजपा का दामन, नाम जानकर आप भी हो जाएंगे हैरान
  • देखकर फटी रह गई लोगों की आंखें, जब मिला गाय का कटा हुआ सिर, इलाके में माहौल तनाव पूर्ण