शोभना मोस्तारी ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ जड़ा ऐतिहासिक शतक, रिकॉर्ड्स की लगाई झड़ी - India TV Hindi

Published on 11 अक्टू॰ 2026

तीन विकेट सिर्फ आठ रन पर गिर चुके थे और बांग्लादेश की टीम मुश्किल में नजर आ रही थी। ऐसे में शोभना मोस्तारी ने मोर्चा संभाला और ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ ऐसी पारी खेली, जिसने बांग्लादेशी महिला क्रिकेट के रिकॉर्ड बुक में उनका नाम दर्ज करा दिया। मोस्तारी ने 11 अक्टूबर को ब्रिस्बेन के एलन बॉर्डर फील्ड में दूसरे ODI मुकाबले में अपना पहला ODI शतक जड़ा। उनकी इस पारी की बदौलत बांग्लादेश ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ अपना अब तक का सबसे बड़ा ODI स्कोर खड़ा किया।

दाएं हाथ की बल्लेबाज मोस्तारी ने 134 गेंदों पर 118 रन बनाए। इस दौरान उन्होंने 18 चौके लगाए। वह पारी के 45वें ओवर में एनाबेल सदरलैंड की गेंद पर एक रन लेकर अपना शतक पूरा किया। इसके साथ ही वह ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ महिला ODI में शतक लगाने वाली पहली बांग्लादेशी बल्लेबाज बन गईं। वह ODI क्रिकेट में शतक लगाने वाली बांग्लादेश की केवल चौथी बल्लेबाज भी हैं।

मुश्किल परिस्थितियों में जड़ा शतक

मोस्तारी जब बल्लेबाजी करने उतरीं, तब टीम ने महज आठ रन के स्कोर पर तीन विकेट गंवा दिए थे। ऐसे नाजुक समय में उन्होंने कप्तान निगार सुल्ताना जोटी के साथ मिलकर पारी को संभाला। दोनों के बीच चौथे विकेट के लिए 195 रन की शानदार साझेदारी हुई। महिला ODI में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ किसी भी विकेट के लिए यह सबसे बड़ी साझेदारी है। वहीं, बांग्लादेश की महिला ODI टीम के इतिहास में भी यह किसी भी विकेट के लिए सबसे बड़ी साझेदारी बन गई। इससे पहले यह रिकॉर्ड इसी साल थाईलैंड के खिलाफ शर्मिन अख्तर और निगार सुल्ताना के बीच हुई 152 रन की साझेदारी के नाम था।

4 साल पुराना रिकॉर्ड ध्वस्त

मोस्तारी ने इस पारी के साथ बांग्लादेश की महिला ODI क्रिकेट में सर्वोच्च व्यक्तिगत स्कोर का रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिया। उन्होंने फरगाना हक के 2022 में भारत के खिलाफ बनाए गए 107 रन के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया। मोस्तारी की पारी का अंत 48वें ओवर में हुआ, जब वह तेजी से रन बनाने की कोशिश में अपना विकेट गंवा बैठीं।

दूसरे छोर पर कप्तान निगार सुल्ताना डटी रहीं। उन्होंने 114 गेंदों पर नाबाद 74 रन बनाए, जिसमें सात चौके शामिल थे। मोस्तारी और जोटी की पारियों की मदद से बांग्लादेश ने निर्धारित ओवरों में छह विकेट पर 220 रन बनाए। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ महिला वनडे में यह बांग्लादेश का अब तक का सर्वोच्च स्कोर है। ऑस्ट्रेलिया की ओर से मेगन शट सबसे सफल गेंदबाज रहीं। उन्होंने 36 रन देकर चार विकेट हासिल किए। हालांकि, मोस्तारी के पहले ODI शतक और कप्तान के साथ उनकी रिकॉर्ड साझेदारी ने मुकाबले में बांग्लादेश की बल्लेबाजी को खास पहचान दिलाई।

यह भी पढ़ें:

IND vs NZ ODI सीरीज में खास जर्सी में उतरेगी न्यूजीलैंड की टीम, 100 साल पुराने रिश्तों का मनाया जाएगा जश्न

क्रिस गेल के बड़े रिकॉर्ड की बराबरी से एक कदम दूर शेरफेन रदरफोर्ड, इंदौर में हो सकता है बड़ा कारनामा

Latest Cricket News

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल।