नेपाल की बारिश से फिर उफनाई गंगा-गंडक, पटना के घाट डूबे; सारण में टूटा तटबंध...गांवों में घुसा बाढ़ का पानी

Published on 30 सित॰ 2026

Bihar Flood Alert: बिहार में मॉनसून की विदाई के बाद भी बारिश और बाढ़ ने एक बार फिर लोगों की चिंता बढ़ा दी है. नेपाल में हो रही बारिश के कारण गंगा नदी एक बार फिर उफान पर है. जिसके कारण पटना के भद्र घाट और महावीर घाट की सड़कें डूब गई हैं, जहां आवाजाही करने में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. भद्र घाट और महावीर घाट पर स्थित मंदिर भी डूब गया है.

गंगा नदी के बढ़ते जलस्तर के कारण गंगा किनारे बसे लोगों की चिंता बढ़ गई है और बाढ़ का खतरा मंडराने लगा है. नेपाल की भारी बारिश का असर अब सारण जिले पर भी दिखने लगा है. नेपाल से निकलने वाली गंडक नदी का जलस्तर अचानक काफी बढ़ गया है. यह इस सीजन में दूसरी बार है जब सारण में गंडक नदी से बाढ़ का खतरा मंडरा रहा है.

दर्जनों गांव में बाढ़ का पानी घुसा

आज सारण जिले के मकेर प्रखंड के बाघा कोल और जलपुर में पानी के दबाव के कारण तटबंध के कट जाने से दर्जनों गांव में बाढ़ का पानी घुस गया है. सारण जिला प्रशासन द्वारा राहत एवं बचाव कर शुरू कर दिया गया है. जिला प्रशासन ने काफी पहले से ही बाढ़ के खतरे को देखते हुए यहां पर तटबंधों की सुरक्षा का काम शुरू कर दिया गया था.

जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव और वरीय पुलिस अधीक्षक रोशन कुमार के द्वारा बराबर तटबंधों का निरीक्षण किया जा रहा था, लेकिन इसी बीच पानी के ज्यादा दबाव के कारण तटबंध में दरार पड़ गई और यह दरार धीरे-धीरे काफी बढ़ गई. इस तटबंध के टूटने से दर्जनों गांव और मवेशी जलमग्न हो चुके हैं. टूटे हुए तटबंध को ठीक करने का काम युद्ध स्तर पर किया जा रहा है.

वैशाली जिले में गंडक नदी उफान पर

वैशाली जिले में वाल्मीकिनगर बराज से पानी छोड़े जाने के बाद गंडक नदी उफान पर है. वैशाली डीएम वर्षा सिंह यहां लालगंज बलहा बसंता के गंडक घाट पर तिरहुत तटबंध का निरीक्षण करने पहुंची. डीएम ने कहा कि पानी तेजी से बढ़ रहा है. तटबंध सुरक्षित है या नहीं, पेट्रोलिंग हो रही है या नहीं, उसको देखने आए हैं. 24 घंटे मोनिटरिंग की जा रही है. वैशाली, लालगंज और हाजीपुर ब्लॉक पर विशेष निगरानी की जा रही है.

डीएम ने कहा कि चिंता की कोई बात नहीं है. डीएम ने स्थानीय लोगों और बच्चों से अपील की कि नदी किनारे न जाएं और सावधानी बरतें. इस दौरान डीएम वर्षा सिंह कुछ बच्चों और महिलाओं से भी बात करते दिखीं. उन्होंने बच्चों से पढ़ाई लिखाई के बारे में पूछा और आंगनबाड़ी के बारे में भी जानकारी ली.

डीएम ने बुजुर्ग महिलाओं से राशन और पेंशन के बारे पूछा और कहा कि कोई दिक्कत तो नहीं लाभ मिल रहा है न. वहीं लोगों ने डीएम से बांध के पास की सड़क और बांध किनारे सीढ़ी घाट निर्माण की मांग की.

ये भी पढ़ें: बिहार: ऑफिस में सुपरवाइजर ले रही थी घूस आंगनबाड़ी सेविका ने लगाए गंभीर आरोप; Video वायरल

TV9 Bharatvarsh

TV9 Bharatvarsh

टीवी9 भारतवर्ष डिजिटल TV9 नेटवर्क का प्रमुख हिंदी न्यूज़ प्लेटफॉर्म है. इस वेबसाइट पर देश-विदेश की ताज़ा खबरें, ब्रेकिंग न्यूज़, विश्लेषण और ग्राउंड रिपोर्टिंग से पाठकों को रूबरू कराया जाता है. टीवी9 की वेबसाइट tv9hindi.com प्रमुख हिंदी वेबसाइटों में अपना स्थान रखती है. टीवी9 हिंदी का अपना मोबाइल ऐप भी है, जहां टेक्स्ट और वीडियो दोनों माध्यम से खबरें पढ़ीं और देखी जा सकती हैं. टीवी9 वेबसाइट पर राजनीति, अर्थव्यवस्था, खेल, मनोरंजन, स्वास्थ्य, टेक और अंतरराष्ट्रीय मामलों जैसी विविध श्रेणियों में खबरें कवर की जाती हैं. यहां एक्सप्लेनर्स, एक्सक्लूसिव स्टोरीज, वीडियो रिपोर्ट्स और लाइव अपडेट्स मिलते हैं. TV9 नेटवर्क का डिजिटल सेगमेंट तेजी से बढ़ा है और मिलियंस की संख्या में यूनिक यूजर्स तक पहुंचता है.

Read More

google button