
छत्तीसगढ़ पुलिस (सांकेतिक तस्वीर)
Chhattisgarh Crime: छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में हत्या का एक मामला सामने आया है. यहां एक नवविवाहिता को गला घोंटकर मार डाला गया. बाद में उसके शव को फांसी के फंदे से लटका दिया गया, ताकि हत्या को आत्महत्या का रूप दिया जा सके. मृतका की पहचान दुर्गा निर्मलकर (26) के रूप में हुई है. ये मामला जिले सकरी थाना क्षेत्र के गांव सकर्रा का बताया जा रहा है. नवविवाहिता की हत्या का आरोप उसके पति, देवर और सास पर लगा है.
पुलिस ने इन तीनों को ही गिरफ्तार कर लिया है. मृतका के परिजनों का आरोप है कि पहले पति, देवर और सास ने मिलकर दुर्गा को बेरहमी से पीटा. बाद में पट्टे से उसका गला कसकर मार डाला. जानकारी के मुताबिक, दुर्गा की शादी 2022 में सैदा के रहने वाले रोहित निर्मलकर से हुई थी. विवाह के बाद उसने दो बेटियों को जन्म दिया.
दूसरी बेटी के जन्म के बाद से किया जा रहा था प्रताड़ित
आरोप है कि दूसरी बेटी के जन्म के बाद से ही पति और ससुराल वाले उसे मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित करने लगे थे. पति आए दिन उससे मारपीट करता था. मायके से 1 लाख 65 हजार रुपये लाने का दबाव डालता था. 26 सितंबर को मायकेवालों को पता चला कि दुर्गा बेहोश हो गई है. अचानक तबियत बिगड़ने से पहले उसको प्राइवेट हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था.
हालत गंभीर होने पर उसे सिम्स अस्पताल रेफर किया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. मायकेवालों को ससुरालवालों ने कहा कि दुर्गा ने फांसी लगाकर जान दे दी है. मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, मृतका के भाई ने कहा कि ससुराल वाले दुर्गा से दहेज के लिए मारपीट करते थे. उससे 1 लाख 65 हजार रुपये मांगे जा रहे थे. बेटियां होने पर भी उसे शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था.
आरोपियों ने अपना गुनाह कुबूल कर लिया
पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में गला घोंटकर हत्या किए जाने की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने मायके पक्ष और ससुराल वालों के बयान दर्ज किए. पहले ससुराल वाले पुलिस को गुमराह कर रहे थे, लेकिन सख्ती से पूछताछ करने पर आरोपियों ने अपना गुनाह कुबूल कर लिया. आरोपियों ने बताया कि 26 सितंबर को विवाद के दौरान उन्होंने दुर्गा की पिटाई की. इसके बाद गले में पट्टा डालकर खींचा तो उसकी मौत हो गई.
इसके बाद हत्या को आत्महत्या का रूप देने के लिए शव को कमरे में साड़ी के सहारे फंदे पर लटका दिया. मामले में पुलिस ने बताया कि आरोपी पति रोहित निर्मलकर, मोहित निर्मलकर और सास ठगिया निर्मलकर को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया गया, जहां से तीनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया.
ये भी पढ़ें: भिलाई स्टील प्लांट स्क्रैप घोटाला: अब CBI के हाथों में जांच, करोड़ों के घोटाले में हैं कई बड़े सवाल

वरुण कुमार
वरुण कुमार पिछले पांच वर्षों से पत्रकारिता जगत का हिस्सा हैं. साल 2021 में माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय से मास कम्युनिकेशन की पढ़ाई पूरी की. इसके बाद प्रभासाक्षी न्यूज वेबसाइट से पत्रकारिता की शुरुआत की और फिर एबीपी न्यूज का हिस्सा बने. अब TV9 डिजिटल की धर्म टीम के साथ काम कर रहे हैं.
Read More