स्कूल जाने निकले तीन छात्र एक साथ लापता... दो दिन पहले हुआ था विवाद, परिजनों ने लगाए गंभीर आरोप

Published on 25 सित॰ 2026

Bihar Student Missing: मुजफ्फरपुर जिले के मनियारी थाना क्षेत्र में स्कूल जाने के लिए घर से निकले तीन छात्रों के एक साथ लापता होने का मामला सामने आया है. तीनों छात्र 24 सितंबर की सुबह अपने-अपने घर से स्कूल के लिए निकले थे, लेकिन छुट्टी के बाद वापस नहीं लौटे. काफी तलाश के बाद परिजनों ने मनियारी थाने में आवेदन देकर तीनों छात्रों की बरामदगी की मांग की है. पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है.

लापता छात्रों में बलरा इस्माइल गांव निवासी विकास कुमार सिंह का करीब 15 वर्षीय पुत्र अंकुश कुमार भी शामिल है. परिजनों के अनुसार, अंकुश 24 सितंबर की सुबह करीब 9 बजे राजकीय यदुनंदन उच्च विद्यालय वाधी जाने के लिए घर से निकला था. स्कूल में छुट्टी का समय करीब 4 बजे था, लेकिन इसके बाद भी वह घर नहीं पहुंचा.

काफी देर तक इंतजार करने के बाद परिवार के लोगों ने आसपास के इलाकों, रिश्तेदारों और अंकुश के दोस्तों के यहां उसकी तलाश शुरू की. जब कहीं से कोई जानकारी नहीं मिली तो परिजनों ने मामले की सूचना मनियारी थाने को दी.

अंकुश की तलाश के दौरान परिजनों को जानकारी मिली कि गांव के ही दो अन्य छात्र अतुल कुमार उर्फ रिक्की और सावन कुमार भी उसी समय से घर से गायब हैं. दोनों छात्र कक्षा 9वीं में पढ़ते हैं.

परिजनों के अनुसार, अतुल कुमार उर्फ रिक्की अजय कुमार सिंह का पुत्र है, जबकि सावन कुमार भोला सिंह का पुत्र है. तीनों छात्रों के एक साथ लापता होने की जानकारी सामने आने के बाद परिजनों की चिंता और बढ़ गई.

दो दिन पहले स्कूल में हुआ था विवाद

अंकुश के पिता विकास कुमार सिंह ने मनियारी थाने में दिए आवेदन में बताया है कि मंगलवार और बुधवार को स्कूल के कुछ बच्चों के बीच विवाद हुआ था. आवेदन में तीनों छात्रों के इस विवाद से जुड़े होने की बात भी कही गई है. इसी वजह से परिजन इस बिंदु को भी छात्रों के लापता होने की जांच से जोड़कर देख रहे हैं.

हालांकि, स्कूल में हुए विवाद और छात्रों के लापता होने के बीच कोई सीधा संबंध है या नहीं, यह अभी स्पष्ट नहीं है. पुलिस मामले की जांच कर रही है और छात्रों के स्कूल जाने के बाद उनकी गतिविधियों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है.

परिजनों ने पुलिस को बताया है कि अंकुश के पास मोबाइल फोन था, लेकिन घटना के बाद से उसका मोबाइल बंद बता रहा है. पुलिस अब छात्रों के मोबाइल और उनके स्कूल से निकलने के बाद की गतिविधियों की जानकारी जुटाने में लगी है.

परिजनों ने थाने में दिए आवेदन में बताया है कि उन्होंने अपने स्तर से आसपास के क्षेत्रों, रिश्तेदारों और दोस्तों के यहां काफी तलाश की, लेकिन तीनों छात्रों का कोई पता नहीं चला. इसके बाद पुलिस से मामले में उचित कार्रवाई करते हुए जल्द से जल्द बच्चों को बरामद करने की मांग की गई है.

मनियारी थानेदार श्रीकांत चौरसिया ने बताया कि तीन छात्रों के लापता होने को लेकर परिजनों की ओर से आवेदन मिला है. पुलिस मामले की जांच कर रही है और तीनों छात्रों की तलाश की जा रही है.