मेयर के लिए ‘औपचारिक’ वोटिंग आज: मावर ने वार्ड में भतीजे विकास कोठारी को हराया अब मेयर के लिए चाचा सुनील कोठारी से सामना - Jaipur News

Published on 25 सित॰ 2026

नगर निगम को शुक्रवार को नया मेयर मिल जाएगा। कांग्रेस के 3 में से 2 प्रत्याशियों के नाम वापस लेने के बाद अब मुकाबला भाजपा के सुनील कोठारी और कांग्रेस की सुनीता मावर के बीच है। दिलचस्प यह है कि सुनीता मावर हाल ही में एक कोठारी को चुनाव हरा चुकी हैं और

.

  • भाजपा के 78, कांग्रेस के 57 और निर्दलीय 15 पार्षद

अब मेयर चुनाव में उनके सामने विकास के चाचा भाजपा के पूर्व शहर अध्यक्ष सुनील कोठारी हैं। कोठारी के पास निगम और संगठन में काम करने का अनुभव है। वहीं मावर को 22 साल का निगम अनुभव है। वह 2004 से लगातार निगम की राजनीति में सक्रिय हैं और पार्षद का चुनाव जीतती आ रही हैं। निगम की कई महत्वपूर्ण कार्य समितियों की अध्यक्ष रहते हुए प्रशासनिक जिम्मेदारी भी संभाल चुकी हैं।

भाजपा का दावा- ​बागियों को मना लिया; जयपुर नगर निगम में कुल 150 पार्षद हैं। इनमें भाजपा के 78 और कांग्रेस के 57 पार्षद हैं। 15 निर्दलीय हैं। इनमें ज्यादातर भाजपा से जुड़े रहे बागी हैं। पार्टी सूत्रों के अनुसार, अधिकतर ​बा​गियों को मना लिया गया है और वे भाजपा के बाड़े में भी पहुंच चुके हैं।

पुष्कर में बाड़ाबंदी से पार्षद जयपुर पहुंचे; भाजपा पार्षदों की पुष्कर बाड़ाबंदी को गुरुवार देर रात बगरू स्थित एक रिसॉर्ट में शिफ्ट किया गया। अब सभी पार्षद शुक्रवार सुबह 11 से 12 बजे के बीच निगम मुख्यालय पहुंचकर मतदान करेंगे। इसके लिए 4 बसों की व्यवस्था की गई है।

डिप्टी मेयर की कुर्सी पर कौन बैठेगा, फैसला कल

परकोटे के बाहर से भाजपा का दो माली व 2 राजपूत चेहरों पर मंथन

डिप्टी मेयर के लिए शनिवार को चुनाव होगा। अब डिप्टी मेयर के लिए परकोटे से बाहर के चेहरे पर मंथन जारी है। इसके लिए सांगानेर, विद्याधर नगर, सिविल लाइंस और मालवीय नगर विधानसभा क्षेत्रों के माली समाज से 2 और राजपूत समाज से 2 पार्षदों के नाम चर्चा में हैं।

माली समाज से राजेंद्र सैनी और ब्रह्म कुमार चर्चा में माली समाज से विद्याधर नगर विधानसभा क्षेत्र के वार्ड 12 से भाजपा पार्षद राजेंद्र सैनी चर्चा में हैं। उनकी पत्नी रश्मि सैनी को ग्रेटर निगम में सौम्या गुर्जर के निलंबन के बाद भाजपा ने मेयर पद का उम्मीदवार बनाया था। मतदान हो चुका था, लेकिन कोर्ट से स्टे आ गया था। उस भरपाई के लिए पार्टी राजेंद्र सैनी का नाम आगे कर सकती है। दूसरा नाम मालवीय नगर के वार्ड 81 से पार्षद और शहर भाजपा उपाध्यक्ष ब्रह्म कुमार सैनी का भी है।

राजपूत समाज से नाथावत और राजावत के नाम आगे राजपूत समाज से सांगानेर क्षेत्र के वार्ड 47 की पार्षद दीपा नाथावत और सिविल लाइंस क्षेत्र के वार्ड 89 से भवानी राजावत के नाम चर्चा में हैं। दीपा नाथावत मुख्यमंत्री के विधानसभा क्षेत्र से हैं, वहीं भवानी राजावत वरिष्ठ पार्षद होने के साथ संगठन में भी सक्रिय रहे हैं। ऐसे में डिप्टी मेयर पद के लिए भाजपा के सामने एक तरफ सामाजिक समीकरण साधने और दूसरी तरफ संगठन में सक्रिय चेहरे को प्रतिनिधित्व देने का विकल्प रहेगा।