झारखंड के कोडरमा में 'द बर्निंग ट्रेन' जैसा मंजर, पैसेंजर ट्रेन की बोगी में लगी भीषण आग; बाल-बाल बचे यात्री

Published on 24 सित॰ 2026

झारखंड के कोडरमा में ‘द बर्निंग ट्रेन’ जैसा मंजर, पैसेंजर ट्रेन की बोगी में लगी भीषण आग; बाल-बाल बचे यात्री

ट्रेन की बोगी से निकलता धुआं

Koderma News: झारखंड के कोडरमा में लोकल पैसेंजर ट्रेन की अंतिम बोगी में अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया. ट्रेन कोडरमा-बरकाकाना रूट पर जा रही थी, तभी यात्रियों ने जलने की गंध महसूस की. कुछ ही देर में ट्रेन की आखिरी बोगी से धुआं निकलता दिखाई दिया. सूचना मिलते ही रेलवे कर्मचारी और आरपीएफ जवान मौके पर पहुंचे और आग बुझाने की कार्रवाई शुरू की. बाद में फायर ब्रिगेड की टीम ने मौके पर पहुंचकर आग पर पूरी तरह काबू पाया.

गनीमत रही कि इस घटना में किसी यात्री के घायल होने की सूचना नहीं है. जिस बोगी में आग लगी थी, वह दिव्यांग यात्रियों के लिए आरक्षित थी और घटना के समय उसमें कोई यात्री सवार नहीं था. हालांकि ट्रेन की बाकी बोगियों में यात्री मौजूद थे. स्टेशन परिसर में मौजूद अग्निशमन उपकरणों और पानी की पाइप के जरिए आग बुझाने की कोशिश शुरू की गई.

धुआं निकलता देख मची अफरा-तफरी

जानकारी के मुताबिक, पैसेंजर ट्रेन के अंदर बैठे यात्रियों को अचानक कुछ जलने की गंध आई. इसके बाद यात्रियों की नजर ट्रेन की अंतिम बोगी की तरफ गई, जहां से धुआं निकल रहा था. यात्रियों ने तत्काल इसकी जानकारी रेलवे कर्मचारियों और आरपीएफ जवानों को दी. आग की सूचना मिलते ही रेलकर्मियों ने तेजी से कार्रवाई करते हुए ट्रेन की आखिरी बोगी को बाकी कोच से अलग कर दिया. इसके बाद स्टेशन परिसर में मौजूद अग्निशमन उपकरणों और पानी की पाइप के जरिए आग बुझाने की कोशिश शुरू की गई.

फायर ब्रिगेड ने आग पर पाया काबू

रेलवे कर्मचारियों और आरपीएफ जवानों की शुरुआती कार्रवाई के बाद फायर ब्रिगेड की टीम को भी मौके पर बुलाया गया. दमकल कर्मियों ने पहुंचकर आग पर काबू पाया और बोगी को पूरी तरह सुरक्षित किया. इस दौरान रेलवे परिसर में अफरा-तफरी का माहौल रहा. बताया जा रहा है कि यह लोकल पैसेंजर ट्रेन सिधवार-बरकाकाना, हजारीबाग टाउन होते हुए कोडरमा-मधुपुर रूट पर संचालित होती है. घटना के बाद रेलवे प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आग लगने के कारणों की जांच शुरू कर दी है.

आग कैसे लगी?

फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि ट्रेन की अंतिम बोगी में आग किस वजह से लगी. रेलवे की टीम बोगी का निरीक्षण कर रही है और आग लगने के संभावित कारणों का पता लगाया जा रहा है. शुरुआती स्तर पर यह भी जांच की जा रही है कि कहीं तकनीकी खराबी या किसी अन्य कारण से तो आग नहीं लगी.

रेलवे प्रशासन की जांच के बाद ही आग लगने की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी. राहत की बात यह रही कि समय रहते आग का पता चल गया और जिस कोच में आग लगी, उसमें कोई यात्री मौजूद नहीं था.

अशोक कुमार

अशोक कुमार

अशोक कुमार को पत्रकारिता के क्षेत्र में 7 वर्षों से अधिक का अनुभव है. राजनीति, क्राइम और ऑफबीट खबरों में दिलचस्पी रखने के कारण इन क्षेत्रों की खबरों पर बेहतरीन पकड़ है. नई जगहों को एक्सप्लोर करने के साथ पढ़ने-लिखने का शौक रखते हैं. झारखंड की स्थानीय न्यूज़ चैनल में विभिन्न पदों पर काम करने के साथ-साथ, इन्होंने एपीएन न्यूज़ में बतौर ब्यूरो चीफ के रूप में भी काम किया है. अशोक कुमार ने झारखंड में पिछले 7 वर्षों के दौरान हुई छोटी-बड़ी राजनीतिक हलचलों को रिपोर्ट किया है. वर्तमान में वो टीवी9 डिजिटल से जुड़े हैं.

Read More

google button