अग्रवाल समाज अब किसी दल की 'बंधुआ जागीर' नहीं: ब्रज क्षेत्र के शपथ ग्रहण में राजनीतिक उपेक्षा के खिलाफ फूटा आक्रोश, 'फ्लोटिंग वोटर' बनने का ऐलान - Up18 News

Published on 23 सित॰ 2026

आगरा, 23 सितंबर 2026। “अग्रवाल समाज अब किसी भी राजनैतिक दल की ‘बंधुआ जागीर’ नहीं है। अपने मान-सम्मान और अधिकारों के लिए समाज अब ‘फ्लोटिंग वोटर’ बनने को तैयार है और वक्त आने पर किसी भी तरफ करवट बदल सकता है।” यह तीखी हुंकार वॉटरवर्क्स स्थित ‘अतिथि वन’ में आयोजित अखिल भारतीय अग्रवाल सम्मेलन (ब्रज क्षेत्र) के भव्य शपथ ग्रहण समारोह और प्रेस वार्ता के दौरान उठी। कार्यक्रम में ब्रज क्षेत्र के 15 जिलों के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों और हजारों अग्रबंधुओं ने भाग लिया।

आरएसएस के 100 साल और राजनैतिक उपेक्षा पर उठाए सवाल

मंच से राष्ट्रीय और स्थानीय नेतृत्व पर सीधे सवाल दागते हुए वक्ताओं ने कहा कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के 100 साल पूरे होने जा रहे हैं, लेकिन वैचारिक और आर्थिक रूप से इस संगठन को अपने खून-पसीने से सींचने वाले अग्रवाल समाज से आज तक कोई ‘सरसंघचालक’ क्यों नहीं बनाया गया? देश की आर्थिक रीढ़ होने के बावजूद समाज को बड़े राजनैतिक पदों (मुख्यमंत्री/उपमुख्यमंत्री) और प्रभावी मंत्रालयों से जानबूझकर दूर रखा गया है। समाज के एकतरफा वोटों पर जीतने वाले भाजपा सांसद और विधायक आज संकट के समय मौन क्यों हैं? आगरा में अग्रवाल समाज के एक सांसद और दो विधायक होने के बावजूद वे समाज को न्याय दिलाने में पूरी तरह नाकाम साबित हुए हैं।

उत्पीड़न, बबली गर्ग प्रकरण और सांसद की टिप्पणी पर फूटा आक्रोश

प्रेस वार्ता में हालिया विवादों पर कड़ा रुख अपनाते हुए बबली गर्ग प्रकरण का मुद्दा प्रमुखता से उठाया गया। मांग की गई कि सत्ताधारी दल के विधायक के संरक्षण में दबंगों द्वारा व्यापारी के घर पर किए गए अवैध कब्जे की उच्चस्तरीय जांच हो। इसके साथ ही, भू-माफियाओं के पक्ष में खड़े होकर महिलाओं पर की गई सांसद की अमर्यादित और घिनौनी टिप्पणी की घोर निंदा की गई। समाज ने चेतावनी दी कि इस अपमान का बदला आने वाले चुनावों में ‘वोट की चोट’ से दिया जाएगा। अधिकारी, पुलिस और दबंग नेताओं की मिलीभगत से व्यापारियों की संपत्तियों पर हो रहे अवैध कब्जे और उनका मानसिक व आर्थिक शोषण अब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

सांस्कृतिक चेतना और राष्ट्रव्यापी संगठन का महासंकल्प

कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा महाराजा अग्रसेन के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर समाज को वैचारिक, सांस्कृतिक और संगठनात्मक रूप से सुदृढ़ करने के लिए दो बड़े संकल्प लिए गए। नेताओं ने हुंकार भरते हुए घोषणा की कि संपूर्ण भारतवर्ष में 10 करोड़ और उत्तर प्रदेश में 2 करोड़ अग्रवाल समाज को एक सूत्र में संगठित किया जाएगा। इसके साथ ही यह बड़ा ऐलान भी किया गया कि पूरे भारतवर्ष में भगवान अग्रसेन के भव्य मंदिर बनाए जाएंगे और हर घर के मुख्य मंदिर में उनकी प्रतिमा अनिवार्य रूप से स्थापित की जाएगी।

‘व्यापारी सुरक्षा व न्याय आयोग’ और विशेष कानून की मांग

अग्रवाल समाज ने सरकार के सामने अपनी प्रमुख मांगें रखते हुए कहा कि दोषियों पर सीधी कार्रवाई के लिए एक स्वतंत्र ‘व्यापारी सुरक्षा व न्याय आयोग’ का गठन किया जाए, ‘व्यापारी आयुक्त’ की नियुक्ति हो और गैर-जमानती धाराओं वाला ‘विशेष व्यापारी संरक्षण अधिनियम’ तुरंत लागू किया जाए। इसके साथ ही, ईमानदारी से काम करने वाली समाज की होनहार प्रशासनिक अधिकारी आईएएस दिव्या मित्तल के उत्पीड़न की निंदा की गई, जिन्हें स्वैच्छिक इस्तीफे के लिए मजबूर होना पड़ा। समाज ने राम मंदिर आंदोलन के महानायक डॉ. अशोक सिंघल की अयोध्या धाम में 100 फीट की भव्य प्रतिमा तुरंत स्थापित करने की भी मांग उठाई।

15 सीटों पर टिकट का अकाट्य गणित और चापलूस नेताओं का बहिष्कार

राजनैतिक दलों को अपनी ताकत का अहसास कराते हुए सम्मेलन में ब्रज क्षेत्र के 15 जिलों का चुनावी गणित सामने रखा गया। वक्ताओं ने बताया कि प्रत्येक सीट पर अग्रवाल समाज के न्यूनतम 25 हजार से 1.5 लाख निर्णायक वोट हैं। इस आधार पर आगरा में कम से कम 2 और पूरे ब्रज क्षेत्र में 15 टिकटों की मजबूत दावेदारी ठोंकी गई है। इसके साथ ही मंच से यह संकल्प लिया गया कि राजनैतिक दलों की परिक्रमा करने वाले और अपने निजी स्वार्थ के लिए समाज के हितों का सौदा करने वाले ‘चिट्ठू-बिट्टू’ (चापलूस) नेताओं का पूर्ण सामाजिक बहिष्कार किया जाएगा।

भगवान अग्रसेन के जयकारों के बीच 42 पदाधिकारियों ने संभाला कार्यभार

समारोह में सामाजिक एकता और संगठन को मजबूत करने के संकल्प के साथ नवनिर्वाचित कार्यकारिणी का आधिकारिक शपथ ग्रहण संपन्न हुआ। सभी पदाधिकारियों को स्मृति चिन्ह भेंट कर और साफा/पगड़ी पहनाकर भव्य स्वागत किया गया।

मथुरा के योगेन्द्र गोयल (चेयरमैन), विनोद अग्रवाल (अध्यक्ष), वरिष्ठ उपाध्यक्ष पद पर अखिल बंसल, संजय अग्रवाल, शशि भानु गर्ग, सुधीर बंसल, आशीष गोयल, राकेश बंसल व अशोक कुमार ने शपथ ली। उपाध्यक्ष पद पर उमेश अग्रवाल, विवेक गर्ग, चिराग अग्रवाल, हिमांशु अग्रवाल, लोकेश अग्रवाल, रवि प्रकाश अग्रवाल, राजकुमार अग्रवाल, दीपक अग्रवाल, डॉ. अनुराग अग्रवाल, सुरेन्द्र प्रकाश अग्रवाल व अवनीश बंसल ने पदभार संभाला। इसके साथ ही मुरारीलाल गोयल ने महामंत्री और अश्वनी अग्रवाल ‘शैलू’ ने कोषाध्यक्ष पद की कमान संभाली। कुल 42 पदाधिकारियों ने एक साथ पद और गोपनीयता की शपथ लेकर विधि-विधान से कार्यभार ग्रहण किया।

कार्यक्रम का संचालन कपिल अग्रवाल व विवेक गर्ग ने किया। इस अवसर पर राष्ट्रीय मंत्री विनय अग्रवाल, राष्ट्रीय महामंत्री गोपाल गोयल सहित पवन अग्रवाल, विष्णु विहारी गोयल, दिनेश बंसल, प्रियकान्त बंसल, के.एन. सिंघल, विपिन अग्रवाल, जितेन्द्र अग्रवाल, ललित बंसल, शिवम गर्ग, मयंक गर्ग और ब्रज क्षेत्र के हजारों गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।