
वैभव सूर्यवंशी ने अभिषेक आनंद को दिया खास गिफ्ट. (फोटो- INSTAGRAM)
Vaibhav Sooryavanshi Gifts Jersey To Abhishek Anand: भारत और जापान के बीच खेले गए मुकाबले के बाद क्रिकेट के मैदान पर एक खूबसूरत लम्हा देखने को मिला. मूल रूप से बिहार के रहने वाले और अब जापान की नेशनल क्रिकेट टीम का प्रतिनिधित्व करने वाले ऑलराउंडर अभिषेक आनंद ने मैच खत्म होने के बाद भारतीय टीम के स्टार विकेटकीपर बल्लेबाज ईशान किशन और युवा सनसनी वैभव सूर्यवंशी से खास मुलाकात की. इस मुलाकात को और भी खास तब बना दिया गया, जब 15 साल के युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने अपनी जर्सी अभिषेक आनंद को गिफ्ट की.
वैभव सूर्यवंशी ने दिया खास गिफ्ट
मैच के बाद हुई इस मुलाकात की फोटो अभिषेक आनंद ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर शेयर कीं, जो तेजी से वायरल हो गईं. फोटो में अभिषेक आनंद मुस्कुराते हुए ईशान किशन और वैभव सूर्यवंशी के साथ पोज देते नजर आ रहे हैं, साथ ही उनके हाथ में वैभव की गिफ्ट की गई जर्सी भी दिखाई दे रही है. अभिषेक ने इस खास पल को शब्दों में पिरोते हुए कैप्शन लिखा, ‘अलग जर्सियां, लेकिन जड़ें एक ही हैं. बिहार के लड़के क्रिकेट के जरिए एकजुट हुए.’
इन तीनों खिलाड़ियों का क्रिकेट सफर भले ही अलग-अलग रास्तों से गुजरा हो, लेकिन उनकी पहचान बिहार से जुड़ी हुई है. ईशान किशन भारतीय नेशनल टीम के अहम विकेटकीपर-बल्लेबाज बन चुके हैं, जो इंटरनेशल लेवल पर लगातार देश का नाम रोशन कर रहे हैं. वहीं, वैभव सूर्यवंशी हाल ही में बिहार से उभरकर देश के सबसे कम उम्र के सनसनीखेज बल्लेबाज बने हैं, जिनके नाम पर कई रिकॉर्ड दर्ज हो चुके हैं. दूसरी ओर, अभिषेक आनंद ने बिहार से निकलकर अपनी प्रतिभा के दम पर इंटरनेशनल क्रिकेट में अलग राह चुनी और जापान की नेशनल टीम में अपनी जगह बनाई.
अभिषेक आनंद को जापान टीम में कैसे मिली जगह?
अभिषेक आनंद भारत में पढ़ाई पूरी करने के बाद नौकरी करने टोक्यो गए थे. नौकरी के साथ-साथ वो वहां लोकल क्लबों के लिए खेलते रहे और अपने शानदार खेल के दम पर जापान की नेशनल क्रिकेट टीम तक पहुंच गए. 28 साल के अभिषेक आनंद ने 9 मई 2025 को कुक आइलैंड्स के खिलाफ खेलते हुए जापान की तरफ से अपने इंटरनेशनल टी20 करियर की शुरुआत की थी. उन्होंने अब तक कुल 18 टी20 इंटरनेशनल मैच खेले हैं, जिनमें उनके नाम 275 रन दर्ज हैं. वहीं, गेंदबाजी करते हुए उन्होंने 1 विकेट भी लिया है.

मोहिद खान
मोहिद खान TV9 Hindi में बतौर सीनियर सब-एडिटर स्पोर्ट्स डेस्क पर अपनी सेवाएं दे रहे हैं. वह जर्नलिज्म में 4 साल का अनुभव रखते हैं. वह मूल रूप से राजस्थान के ब्यावर शहर के रहने वाले हैं. मोहिद ने जर्नलिज्म एंड मास कम्युनिकेशन की डिग्री चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय से हासिल की है. वह पढ़ने, लिखने और खेलने का शौक रखते हैं. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत इंडिया न्यूज के साथ की थी. इसके बाद उन्होंने वनइंडिया हिंदी, ज़ी न्यूज और इंडिया टीवी जैसी संस्थानों में काम किया. वह किसी भी क्रिकेट मैच का बारीकी से विश्लेषण करने में माहिर हैं और उन्हें अन्य खेलों से जुड़ी खबरें बनाने में भी रुचि है.
Read More