चेन स्नैचिंग को बनाया पार्ट टाइम जॉब : सुबह स्कूटी पर निकलते थे, इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर रहे छात्र-छात्रा गिरफ्तार - Haribhoomi

Published on 22 सित॰ 2026

चेन स्नैचिंग को बनाया पार्ट टाइम जॉब : सुबह स्कूटी पर निकलते थे, इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर रहे छात्र-छात्रा गिरफ्तार

दुर्ग पुलिस ने चेन स्नैचिंग की घटनाओं का खुलासा करते हुए एक युवक और युवती को गिरफ्तार किया है, दोनों आरोपी B.Tech की पढ़ाई कर रहे हैं और एक ही कॉलेज में अध्ययनरत हैं।

Two accused arrested for chain snatching

चेन स्नैचिंग के दो आरोपी गिरफ्तार

  • Published: 22 Sep 2026, 01:27 PM IST
  • Last Updated: 22 Sep 2026, 01:46 PM IST

दुर्ग। दुर्ग पुलिस ने चेन स्नैचिंग की घटनाओं का खुलासा करते हुए एक युवक और युवती को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपी B.Tech की पढ़ाई कर रहे हैं और एक ही कॉलेज में अध्ययनरत हैं। पुलिस जांच में सामने आया कि पैसों की जरूरत के चलते दोनों ने मिलकर चेन लूटने की योजना बनाई और इसके बाद सुबह के समय बुजुर्ग महिलाओं को निशाना बनाना शुरू कर दिया।

मामला सुपेला थाना क्षेत्र का है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से सोने की चेन का एक हिस्सा और वारदात में इस्तेमाल की गई स्कूटी बरामद की है। गिरफ्तारी के बाद दोनों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

सुबह की सैर पर निकलने वाली महिलाओं पर रहती थी नजर
पुलिस के मुताबिक 31 जुलाई की सुबह करीब 6:30 बजे प्रियदर्शनी परिसर में 62 वर्षीय गीता देवी अपने घर के सामने टहल रही थीं। इसी दौरान स्कूटी से पहुंचे युवक-युवती ने उन्हें निशाना बनाया। स्कूटी के पीछे बैठे युवक ने मौका मिलते ही उनके गले से सोने की चेन खींच ली और दोनों वहां से फरार हो गए।

इसके बाद 20 सितंबर को नेहरू नगर ईस्ट की विद्या विहार कॉलोनी में भी इसी तरह की घटना सामने आई। लगातार हो रही चेन स्नैचिंग की घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू की।

युवती चलाती थी स्कूटी, पीछे बैठा युवक करता था वारदात
एएसपी मणिशंकर चंद्रा के अनुसार आरोपी सुबह के वक्त स्कूटी लेकर इलाकों में घूमते थे। इस दौरान वे ऐसी बुजुर्ग महिलाओं को तलाशते थे, जो अकेले पैदल घूम रही हों। मौका मिलते ही युवती स्कूटी की रफ्तार संभालती थी, जबकि युवक पीछे से चेन झपटकर फरार हो जाता था।

अपनी पहचान छिपाने के लिए दोनों हेलमेट पहनते थे और कपड़ों से भी हुलिया बदलने की कोशिश करते थे। पुलिस ने घटनास्थल और जांच के दौरान मिले सुरागों को जोड़ते हुए दोनों आरोपियों तक पहुंच बनाई।

चेन का हिस्सा और स्कूटी बरामद, अन्य वारदातों की भी जांच
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर सोने की चेन का हिस्सा और वारदात में इस्तेमाल स्कूटी जब्त कर ली है। दोनों को कोर्ट में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

अब पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर यह पता लगाने में जुटी है कि उन्होंने चेन स्नैचिंग की इन घटनाओं के अलावा शहर में और कितनी वारदातों को अंजाम दिया है।

(छत्तीसगढ़ के जिले, कस्बे और गांवों की खबरों के लिए हरिभूमि का "ई-पेपर" पढ़ें। यहां क्लिक करें "epaper haribhoomi" या प्लेस्टोर से "हरिभूमि हिंदी न्यूज़" App डाउनलोड करें।)