Ankurit Ghehu Halwa Recipe: सूजी-बेसन नहीं! अंकुरित गेहूं से बनाएं टेस्टी हलवा, स्वाद के साथ सेहत को भी मिलेगा भरपूर फायदा

Published on 22 सित॰ 2026

Ankurit Ghehu Halwa Recipe: हलवा तो आपने कई तरह का खाया होगा लेकिन क्या कभी अंकुरित गेहूं का हलवा ट्राई किया है. अंकुरित गेहूं, दूध, घी और मेवों से बना यह हलवा टेस्टी होने के साथ पोषण से भी भरपूर है. इसे घर पर आसानी से तैयार किया जा सकता है.

X

अंकुरित गेहूं का हलवा (Photo-ITG)

अंकुरित गेहूं का हलवा (Photo-ITG)

Ankurit Ghehu Halwa Recipe: मीठा खाने का मन हो तो हलवा एक बढ़िया ऑप्शन है. आपने सूजी, आटे और बेसन से बना हलवा तो कई बार खाया होगा लेकिन क्या आपने कभी अंकुरित गेहूं का हलवा ट्राई किया है. अंकुरित गेहूं से बना यह हलवा स्वाद में लाजवाब होने के साथ पोषण से भी भरपूर होता है. इसे बनाने के लिए अंकुरित गेहूं को पीसकर घी में अच्छी तरह भुना जाता है. इसके बाद इसमें दूध, चीनी या गुड़ और इलायची मिलाई जाती है. ऊपर से काजू, बादाम, पिस्ता और किशमिश डालने से इसका स्वाद और भी बढ़ जाता है. तो आइए जानते हैं घर पर अंकुरित गेहूं का हलवा कैसे बना सकते हैं और इसे बनाने के लिए किन-किन चीजों की जरूरत होती है.

इंग्रेडिएंट्स (Ingredients)

2 कप अंकुरित गेहूं
4 से 5 बड़े चम्मच देसी घी
2 कप दूध
1 कप चीनी या गुड़
1 छोटी चम्मच इलायची पाउडर
10 से 12 काजू
10 से 12 बादाम
1 बड़ा चम्मच बारीक कटा हुआ पिस्ता
1 बड़ा चम्मच किशमिश

सम्बंधित ख़बरें

अंकुरित गेहूं का हलवा बनाएं कैसे?

  1. अंकुरित गेहूं का हलवा बनाने के लिए सबसे पहले  साबुत गेहूं को 8–10 घंटे भिगो दें. फिर पानी निकालकर कपड़े में बांधकर 1–2 दिन रखें, जब तक उसमें छोटे अंकुर न निकल आएं.
  2. जब गेहूं अंकुरित हो जाए तो उसे अच्छी तरह धो लें. अब इसे मिक्सी में थोड़ा पानी डालकर दरदरा पीस लें. ध्यान रखें कि गेहूं को बहुत बारीक न पीसें, क्योंकि हल्का दरदरा पेस्ट रखने से हलवे की बनावट अच्छी रहती है.
  3. अब एक भारी तले की कड़ाही में देसी घी गर्म करें. घी गर्म होने पर इसमें काजू, बादाम और किशमिश डालकर हल्का सुनहरा होने तक भून लें. भुने हुए मेवों को निकालकर अलग रख दें.
  4. अब उसी कड़ाही में पिसा हुआ अंकुरित गेहूं डालें और मध्यम आंच पर लगातार चलाते हुए भूनें. इसे लगभघ 10 से 15 मिनट तक भूनें, जब तक इसका रंग हल्का सुनहरा न हो जाए और अच्छी खुशबू आने न लगे. गेहूं को अच्छी तरह भूनना जरूरी है, तभी हलवे का स्वाद अच्छा आएगा.
  5. इसके बाद इसमें दूध डालें और लगातार चलाते रहें, ताकि इसमें गांठें न पड़ें. कुछ देर पकाने के बाद मिश्रण गाढ़ा होने लगेगा. अब इसमें चीनी या गुड़ डालकर अच्छी तरह मिलाएं. अगर आप गुड़ का इस्तेमाल कर रहे हैं तो उसे पहले थोड़ा पिघला सकते हैं.
  6. हलवे को धीमी आंच पर पकाते रहें. जब यह गाढ़ा होकर कड़ाही छोड़ने लगे, तब इसमें इलायची पाउडर और भुने हुए मेवे डाल दें. सभी चीजों को अच्छी तरह मिलाकर 2 से 3 मिनट तक और पकाएं.
  7. तैयार अंकुरित गेहूं के हलवे को एक बाउल में निकालें. ऊपर से बारीक कटे पिस्ते और बादाम डालकर सजाएं. इसे गरमा-गरम परोस सकते हैं. चाहें तो ठंडा करके भी इसका स्वाद ले सकते हैं. त्योहार या किसी खास मौके पर आप इस हलवे को घर पर आसानी से बना सकते हैं.
  8. अंकुरित गेहूं में फाइबर, प्रोटीन समेत कई पोषक तत्व पाए जाते हैं. हालांकि, हलवे में घी और चीनी या गुड़ की मात्रा भी होती है, इसलिए इसे बैलेंस में खाना बेहतर है.

---- समाप्त ----

ये भी देखें

प्रोटीन के लिए क्या खाएं- अंडा या सोया चंक्स? एक्सपर्ट्स से समझिए फर्क

Live TV

aaj tak epaper in hindi