Paneer Lauki Tikki Recipe: लौकी और पनीर से बनाएं क्रिस्पी टिक्की, शाम के नाश्ते के लिए है बेस्ट ऑप्शन

Published on 21 सित॰ 2026

Paneer Lauki Tikki Recipe: लौकी की सब्जी खाकर बोर हो गए हैं तो इस बार पनीर लौकी की टिक्की ट्राई करें. लौकी और पनीर से बनी यह टिक्की टेस्टी होने के साथ-साथ बनाने में भी काफी आसान है. इसे आप नाश्ते में चाय या हरी चटनी के साथ सर्व कर सकते हैं.

X

पनीर लौकी की टिक्की (Photo- ITG)

पनीर लौकी की टिक्की (Photo- ITG)

Paneer Lauki Tikki Recipe: लौकी सेहत के लिए काफी फायदेमंद होती है. लेकिन ज्यादातर लोगों को लगता है कि इससे बनी डिश टेस्टी नहीं होती. हालांकि, ऐसा नहीं है. अगर लौकी को सही तरीके से बनाया जाए तो इससे भी कई टेस्टी डिश तैयार की जा सकती है. उन्हीं में से एक है पनीर लौकी की टिक्की. लौकी और पनीर से बनी यह टिक्की खाने में टेस्टी होने के साथ-साथ बनाने में भी काफी आसान है. इसमें भुना बेसन, शिमला मिर्च और कुछ मसाले डाले जाते हैं जो इसका स्वाद और भी बढ़ा देते हैं. इसे आप नाश्ते में चाय के साथ खा सकते हैं या बच्चों के लंच बॉक्स में भी पैक कर सकते हैं. तो आइए जानते हैं कि पनीर लौकी टिक्की कैसे बनता है और इसे बनाने के लिए किन-किन चीजों की जरूरत होती है.

पनीर लौकी की टिक्की बनाने के लिए क्या चाहिए?

  • 2 कप कद्दूकस की हुई लौकी
  • 200 ग्राम पनीर
  • 1/2  कप भुना बेसन
  • 1/4 कप बारीक कटी शिमला मिर्च
  • 2 हरी मिर्च, बारीक कटी हुई
  • 1 छोटा टुकड़ा अदरक, बारीक कटा हुआ
  • 1 चम्मच लाल मिर्च पाउडर
  • 1 चम्मच भुना जीरा पाउडर
  • 1 चम्मच सफेद तिल
  • नमक स्वादानुसार
  • बारीक कटी धनिया पत्ती
  • सेंकने के लिए थोड़ा सा तेल

कैसे बनाएं पनीर लौकी की टिक्की?

  1. सबसे पहले कद्दूकस की हुई लौकी को अच्छी तरह निचोड़कर उसका पानी निकाल लें. 
  2. अब एक कड़ाही गर्म करें और इसमें लौकी को डालकर थोड़ी देर भूनें. इससे लौकी का बचा हुआ पानी सूख जाएगा और वह थोड़ी नरम भी हो जाएगी.
  3. अब भुनी हुई लौकी को एक बड़े बर्तन में निकाल लें. इसमें कद्दूकस किया हुआ पनीर, भुना बेसन, बारीक कटी शिमला मिर्च, हरी मिर्च, अदरक और धनिया पत्ती डालें. 
  4. इसके बाद लाल मिर्च पाउडर, भुना जीरा पाउडर, सफेद तिल और नमक डालकर सभी चीजों को अच्छी तरह मिला लें.
  5. जब मिश्रण अच्छी तरह तैयार हो जाए तो हाथों की मदद से इसकी गोल टिक्की बना लें. 
  6. अब एक तवा गर्म करें और उस पर थोड़ा सा तेल लगाएं. तैयार टिक्कियों को तवे पर रखें और दोनों तरफ से सुनहरा और हल्का कुरकुरा होने तक सेंक लें.
  7. जब टिक्कियां अच्छी तरह सिक जाएं तो इन्हें गर्मागर्म सर्व करें. आप इन्हें हरी चटनी या अपनी पसंद की किसी चटनी के साथ खा सकते हैं. अगर इन्हें लंच बॉक्स में पैक करना है तो थोड़ा ठंडा होने के बाद पैक करें.

---- समाप्त ----

ये भी देखें

प्रोटीन के लिए क्या खाएं- अंडा या सोया चंक्स? एक्सपर्ट्स से समझिए फर्क

Live TV

aaj tak epaper in hindi