नोएडा एक्सप्रेसवे पर ब्लैक कारों का काफिला, नंबर प्लेट गायब... खतरनाक स्टंट से सहमे लोग

Published on 20 सित॰ 2026

Noida News: नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे पर तेज रफ्तार कारों के स्टंट और रेसिंग का वीडियो वायरल होने के बाद हड़कंप मच गया है. वायरल वीडियो में एक दर्जन से ज्यादा ब्लैक कलर की कारों का काफिला एक्सप्रेसवे पर एक साथ दौड़ता दिखाई दे रहा है. दावा किया जा रहा है कि कारों में सवार युवक सड़क पर खतरनाक स्टंट और रेसिंग कर रहे थे. सबसे ज्यादा सवाल इस बात को लेकर उठ रहे हैं कि वीडियो में दिखाई दे रही कई कारों पर नंबर प्लेट नजर नहीं आ रही है.

वायरल वीडियो में कई काली कारें एक साथ एक्सप्रेसवे पर चलती दिखाई दे रही हैं. इस दौरान कुछ कारों के चालक कथित तौर पर तेज रफ्तार में स्टंट करते नजर आ रहे हैं. एक्सप्रेसवे पर वाहनों की रफ्तार पहले से अधिक रहती है. ऐसे में सड़क पर रेसिंग या स्टंट जैसी गतिविधियां दूसरे वाहन चालकों के लिए भी खतरा पैदा कर सकती हैं. वीडियो सामने आने के बाद यातायात व्यवस्था और सड़क सुरक्षा को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं. हालांकि, वीडियो कब का है और इसमें दिखाई दे रही कारें किन लोगों की हैं, इसकी आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी.

यमुना एक्सप्रेसवे से नोएडा आने का दावा

स्थानीय स्तर पर यह भी दावा किया जा रहा है कि ऐसी कारों का काफिला सप्ताहांत में यमुना एक्सप्रेसवे के रास्ते नोएडा-ग्रेटर नोएडा तक पहुंचता है और कथित तौर पर रेसिंग या स्टंट किए जाते हैं. हालांकि पुलिस ने इस दावे की पुष्टि नहीं की है. वायरल वीडियो में दिखाई दे रहे वाहनों की पहचान और उनके नंबर से जुड़ी जानकारी भी जांच के बाद ही स्पष्ट होगी. पुलिस अब वीडियो के आधार पर कारों और उनके चालकों की पहचान करने की कोशिश कर रही है.

डीसीपी ट्रैफिक ने लिया संज्ञान

मामले को लेकर डीसीपी ट्रैफिक अभय सिंह ने कहा कि पुलिस ने वायरल वीडियो का संज्ञान लिया है और उसकी जांच कराई जा रही है. उन्होंने कहा कि जांच के आधार पर संबंधित वाहनों और चालकों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी. पुलिस का कहना है कि यमुना एक्सप्रेसवे समेत प्रमुख मार्गों पर इस तरह की गतिविधियों को रोकने के लिए समय-समय पर अभियान चलाए जाते हैं.

बिना नंबर प्लेट वाहनों पर भी उठे सवाल

मामले में सबसे बड़ा सवाल उन कारों की नंबर प्लेट को लेकर है, जो वीडियो में दिखाई नहीं दे रही हैं. यदि जांच में यह पुष्टि होती है कि कोई वाहन वास्तव में बिना वैध पंजीकरण नंबर या नंबर प्लेट के सार्वजनिक सड़क पर चल रहा था, तो उसके खिलाफ अलग से यातायात नियमों के तहत कार्रवाई हो सकती है. फिलहाल पुलिस वायरल वीडियो की सत्यता, उसकी तारीख, वाहनों की पहचान और कथित स्टंट में शामिल चालकों की भूमिका की जांच कर रही है. जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगा कि वीडियो में दिख रहे वाहन चालकों के खिलाफ किन धाराओं में कार्रवाई की जाती है.

नदीम सैफी

नदीम सैफी

नदीम सैफी पिछले 11 साल से पत्रकारिता में सक्रिय हैं. राजनीति व क्राइम की खबरों पर मजबूत पकड़ है. कई टीवी चेन्नल्स में बतौर रिपोर्टर काम कर चुके हैं. कोरोना काल में जब लोग घरों में कैद थे तब सड़कों पर उतरकर लोगों को ग्राउंड जीरो से रूबरू करवाया. नोएडा में एक दैनिक समाचार पत्र से शुरुआत की और R9 टीवी, नवतेज टीवी, प्राइम न्यूज़ व जनतंत्र टीवी में काम का अनुभव लिया. फिलहाल TV9 में बतौर डिजिटल रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं.

Read More

google button