पंजाबी सिंगर आर नैत और टीम की मुश्किलें बढ़ीं: कैथल में शूटिंग के दौरान खुलेआम लहराए हथियार, हरियाणा पुलिस ने थमाया कारण बताओ नोटिस - Haribhoomi

Published on 19 सित॰ 2026

पंजाबी सिंगर आर नैत और टीम की मुश्किलें बढ़ीं: कैथल में शूटिंग के दौरान खुलेआम लहराए हथियार, हरियाणा पुलिस ने थमाया कारण बताओ नोटिस

Punjabi singer R Nait issues show cause notice : कमालपुर गांव में हरियाणवी गायिका शिवा चौधरी संग बिना अनुमति वेपन का प्रदर्शन करने का मामला, डीएसपी बोले- कानून का उल्लंघन बर्दाश्त नहीं, डायरेक्टर से भी मांगा जवाब। 

 Police Notice RNait

कैथल में नोटिस के बारे में जानकारी देते डीएसपी बीर भान।

  • Published: 19 Sep 2026, 06:03 PM IST
  • Last Updated: 19 Sep 2026, 06:03 PM IST

Punjabi singer R Nait issues show cause notice : मशहूर पंजाबी गायक आर नैत (नेत्रपाल सिंह) और उनकी पूरी टीम के खिलाफ कानूनी शिकंजा कसता नजर आ रहा है। हरियाणा के कैथल जिले के गांव कमालपुर में हाल ही में एक नए म्यूजिक ट्रैक की शूटिंग के दौरान बिना किसी प्रशासनिक इजाजत के सरेआम आधुनिक हथियारों का प्रदर्शन किया गया।

सोशल मीडिया पर शूटिंग का वीडियो वायरल होने के बाद कैथल पुलिस ने तुरंत मामले का संज्ञान लिया और सिंगर व फिल्म डायरेक्टर परम चहल को कारण बताओ नोटिस जारी कर दिया है।

डीएसपी बोले- प्रदेश में ऐसी गतिविधियां अवैध
मामले की जानकारी देते हुए कैथल के डीएसपी बीर भान ने स्पष्ट किया कि हरियाणा में बिना अनुमति सार्वजनिक स्थलों या वीडियो शूटिंग में हथियारों का प्रदर्शन पूरी तरह गैर-कानूनी है। उन्होंने बताया कि सोशल मीडिया के जरिए जब यह बात पुलिस के संज्ञान में आई, तो तुरंत एक्शन लेते हुए नोटिस थमाया गया।

डीएसपी ने आमजन और कलाकारों से अपील की है कि वे सोशल मीडिया या किसी भी माध्यम पर हथियारों की नुमाइिश न करें। ऐसा अनुचित प्रदर्शन करने वालों के खिलाफ भविष्य में भी सख्त से सख्त कानूनी कदम उठाए जाएंगे।

शिवा चौधरी संग शूटिंग में दिखे भारी-भरकम हथियार
बताया जा रहा है कि करीब तीन दिन पहले गांव कमालपुर में चल रही इस शूटिंग में मशहूर हरियाणवी गायिका शिवा चौधरी भी मौजूद थीं। शूटिंग के दौरान टीम के सदस्य हाथों में बड़े-बड़े हथियार लहराते नजर आए। फिलहाल इस नए गाने के शीर्षक और इसके रिलीज होने की तारीख का खुलासा नहीं किया गया है, लेकिन विवाद सामने आते ही पुलिस प्रशासनिक स्तर पर कार्रवाई में जुट गई है।

मशहूर सिंगर का विवादों से रहा है पुराना नाता
पंजाब के मानसा जिले (गांव धरमपुरा) के रहने वाले आर नैत ने साल 2015 में 'लांसर 2' से अपने गायन करियर की शुरुआत की थी। सिद्धू मूसवाला के साथ 'पॉइजन' और सपना चौधरी के साथ 'लुटेरा' जैसे सुपरहिट ट्रैक देने वाले आर नैत का विवादों से पुराना नाता रहा है। पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट के सख्त निर्देशों के बावजूद उन पर '315' जैसे गानों के जरिए गन-कल्चर और हथियारों को बढ़ावा देने के आरोप लगते रहे हैं।

तीन महीने पहले भी लुधियाना में पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी 
महज तीन महीने पहले उनके गाने 'रील' को लेकर लुधियाना में हिंदू संगठनों ने सनातन धर्म के पवित्र प्रतीकों के अनुचित चित्रण का आरोप लगाकर पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी। सितंबर 2024 में मोहाली में उनके मैनेजर ने अज्ञात गैंगस्टरों द्वारा 1 करोड़ रुपये की फिरौती मांगने और जान से मारने की धमकी मिलने की आधिकारिक शिकायत भी दर्ज कराई थी। 

इससे पहले अगस्त 2020 में पैसों के लेन-देन को लेकर मोहाली की एक सोसाइटी में म्यूजिक प्रोड्यूसर्स के साथ मारपीट की घटना भी सामने आई थी। उल्लेखनीय है कि 2022 के पंजाब विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी के कैंपेन में आर नैत का प्रसिद्ध गाना 'तेरे यार नूं दबण नूं फिरदे सी, पर दबदा कित्थे आ' काफी लोकप्रिय रहा था। फिलहाल कैथल पुलिस नोटिस के जवाब का इंतजार कर रही है, जिसके आधार पर आगामी कानूनी कदम उठाए जाएंगे।