मां तो मां होती है! गाय ने अपने बछड़ों संग दो भैंस के बच्चों को भी अपनाया, पिलाया अपना दूध

Published on 18 सित॰ 2026

Andhra Pradesh News: आंध्र प्रदेश के काकीनाडा के रामनय्यापेट इलाके में इन दिनों एक गाय का अनोखा व्यवहार लोगों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है. आमतौर पर गाय को अपने बछड़े को दूध पिलाते हुए देखा जाता है, लेकिन यहां एक गाय अपने बछड़ों के साथ दो भैंस के बछड़ों को भी दूध पिलाती नजर आई. सड़क से गुजर रहे राहगीरों और वाहन चालकों ने जब यह दृश्य देखा तो वे कुछ देर के लिए रुक गए. कई लोगों ने इस पल को अपने मोबाइल फोन में कैद किया.

बताया गया कि गाय ने केवल अपने बछड़ों को ही नहीं, बल्कि आसपास मौजूद तीन भैंस के बछड़ों को भी अपने पास आने दिया और उन्हें दूध पिलाया. चारों बछड़े एक साथ गाय के पास खड़े होकर दूध पीते नजर आए. इस असामान्य दृश्य को देखकर स्थानीय लोग हैरान भी हुए और भावुक भी.

बिना भेदभाव के पिलाया दूध

स्थानीय लोगों के मुताबिक, गाय ने भैंस के बछड़ों के साथ किसी तरह का भेदभाव नहीं किया. जब वे भूखे होकर उसके पास पहुंचे तो गाय ने उन्हें भी अपने बछड़ों की तरह दूध पिलाया. पशु प्रेमियों ने इस व्यवहार को ममता और अपनत्व का उदाहरण बताया. इस घटना ने इलाके में इंसान और जानवरों के रिश्ते को लेकर भी चर्चा छेड़ दी. कुछ स्थानीय लोगों का कहना था कि जानवरों के बीच अपनापन और सहयोग का यह दृश्य इंसानों के लिए भी एक संदेश देता है. उनका कहना था कि भूख, दर्द और भावनाएं किसी जाति, धर्म या वर्ग की पहचान नहीं होतीं.

सोशल मीडिया पर भी चर्चा

इस अनोखे दृश्य की तस्वीरें और वीडियो सामने आने के बाद स्थानीय स्तर पर इसकी खूब चर्चा हो रही है. पशु प्रेमियों का कहना है कि गाय का यह व्यवहार दिखाता है कि ममता और स्नेह किसी एक प्रजाति या रिश्ते तक सीमित नहीं होते. लोगों ने कहा कि जिस तरह गाय ने अपने बछड़ों के साथ दूसरे जानवरों के बच्चों को भी अपनाया, वह करुणा और सह-अस्तित्व की भावना को दर्शाता है. कई लोगों ने इसे इंसानों के लिए भी सीख बताया. उनके मुताबिक, समाज में पहचान और भेदभाव की दीवारों से ऊपर उठकर एक-दूसरे के प्रति संवेदनशीलता और समानता का भाव जरूरी है.

स्थानीय लोगों ने कहा कि जानवरों के इस सहज व्यवहार से इंसानों को यह सीख मिलती है कि जरूरत के समय मदद करने के लिए किसी पहचान की जरूरत नहीं होती. प्रेम, ममता और करुणा ही ऐसे गुण हैं जो समाज को जोड़ते हैं. रामनय्यापेट में सामने आया यह दृश्य इसी मानवीय संदेश के कारण लोगों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है.

इनपुट-तेलुगु डेस्क

आशू मोहम्मद

आशू मोहम्मद

राजनीति से जुड़ी खबरों में दिलचस्पी, नई चीजों को पढ़ने और सीखने की ललख, पाठकों के सामने सरल भाषा व शब्दों में देश दुनिया से जुड़ी खबरों को परोसने का काम टीवी9 के साथ जारी है. वहीं अगर इससे पहले की बात की जाए तो कानपुर में जन्मे आशू मोहम्मद ने साइंस से ग्रेजुएशन करने के बाद कानपुर यूनिवर्सिटी से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की पढ़ाई कर, टीवी9 भारतवर्ष से 2022 में करियर की शुरुआत की. डिजिटल मीडिया में करीब एक साल का अनुभव, अभी तक यह सिलसिला टीवी9 भारतवर्ष के साथ जारी है.  डिजिटल मीडिया की दुनिया में लिखने-पढ़ने, साथ ही 'न्यू मीडिया' की बारीकियों और चुनौतियों को समझने की कोशिश जारी है.

Read More

google button