अवैध संबंधों का खौफनाक अंत: पहले पति को छोड़ा फिर दूसरे शौहर का कराया कत्ल, सूफिया ने प्रेमी संग मिलकर रची खूनी साजिश
लखनऊ के मोहनलालगंज क्षेत्र में कनकहा नहर पुलिया के पास मिले अज्ञात शव की गुत्थी सुलझाते हुए पुलिस ने मृतक की दूसरी पत्नी, उसके प्रेमी और एक अन्य साथी को गिरफ्तार किया है, जबकि एक नाबालिग को संरक्षण में लिया गया है।
लखनऊ के मोहनलालगंज में रामकिशोर हत्याकांड का खुलासा( file photo)
- Published: 18 Sep 2026, 04:44 PM IST
- Last Updated: 18 Sep 2026, 04:44 PM IST
लखनऊ : राजधानी के मोहनलालगंज थाना क्षेत्र में भावाखेड़ा नहर पुलिया के नीचे मिले अज्ञात व्यक्ति के शव की शिनाख्त और अंधे कत्ल की गुत्थी को पुलिस ने महज 24 घंटे में सुलझा लिया है। मृतक की पहचान दुबग्गा निवासी रामकिशोर वाल्मीकि के रूप में हुई। पुलिस उपायुक्त दक्षिणी के निर्देशन में गठित 4 टीमों ने करीब 180 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और सर्विलांस की मदद से हत्यारोपी दूसरी पत्नी सूफिया बानो, उसके प्रेमी मुन्ना उर्फ मुच्छड़ और साथी मो. इकबाल को गिरफ्तार कर लिया। इसके अलावा शव को ठिकाने लगाने में सहयोग करने वाले 16 वर्षीय नाबालिग बेटे को पुलिस संरक्षण में लिया गया है।
अवैध संबंध और पहली पत्नी के पास जाना बना हत्या की वजह
पूछताछ में सूफिया बानो ने बताया कि उसके रामकिशोर से चार वर्षों से प्रेम संबंध थे और दो वर्ष पूर्व दोनों ने निकाह किया था। इसी बीच सूफिया का दुबग्गा निवासी 52 वर्षीय मुन्ना उर्फ मुच्छड़ से भी अवैध संबंध हो गया। इसकी जानकारी होने पर रामकिशोर विरोध करने लगा और पुनः अपनी पहली पत्नी कविता देवी के पास आने-जाने व उसे खर्च देने लगा। रोज-रोज के विवाद से तंग आकर सूफिया ने प्रेमी मुन्ना और उसके साथी मो. इकबाल के साथ मिलकर रामकिशोर को रास्ते से हटाने की साजिश रची।
दरवाजा खोलकर बुलाया, सोते समय घोंपा चाकू
साजिश के तहत 14 या 15 सितंबर की रात सूफिया ने घर की कुंडी खोल दी। प्रेमी मुन्ना और मो. इकबाल अंदर घुसे और बिस्तर पर सो रहे रामकिशोर पर ताबड़तोड़ चाकू से वार कर उसकी हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपियों ने फर्श पर खून के धब्बे छिपाने के लिए पोछा-लिपाई की। सूफिया ने अपने नाबालिग बेटे को बुलाया और शव को लकड़ी के बॉक्स दीवान में छिपा दिया।
ई-रिक्शा से नहर में फेंका शव
अगली रात 15 या 16 सितंबर आरोपियों ने शव को ई-रिक्शा लोडर UP 32 ST 9940 में लादा और सबूत मिटाने के इरादे से कनकहा के पास भावाखेड़ा नहर पुलिया के नीचे फेंक दिया। पुलिस ने अभियुक्तों की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त चाकू, खून से सनी झाड़ू, मृतक के कपड़े और शव ढोने में इस्तेमाल ई-रिक्शा बरामद कर लिया है। पकड़े गए तीनों आरोपियों को विधिक कार्रवाई के बाद न्यायालय में पेश किया गया।