सोनीपत: कंस्ट्रक्शन साइट के पास गड्ढे में मिला बच्ची का शव, तार से बंधे थे हाथ और पैर, दुष्कर्म की आशंका, युवक हिरासत में - Haribhoomi

Published on 17 सित॰ 2026

सोनीपत: कंस्ट्रक्शन साइट के पास गड्ढे में मिला बच्ची का शव, तार से बंधे थे हाथ और पैर, दुष्कर्म की आशंका, युवक हिरासत में

रात में झोपड़ी से लापता हुई थी बच्ची। शव 500-700 मीटर दूर पानी से भरे गड्ढे में मिला। पिता ने बच्ची की दुष्कर्म के बाद हत्या किए जाने की आशंका जताई है। पुलिस ने 3 दिन पहले ही काम पर आये युवक को हिरासत में लिया है।

Sonipat Crime

सोनीपत में बच्ची का शव मिलने के बाद घटनास्थल पर पहुंची पुलिस।

  • Published: 17 Sep 2026, 05:48 PM IST
  • Last Updated: 17 Sep 2026, 05:48 PM IST

हरियाणा के सोनीपत के मोहाना पुलिस स्टेशन क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले एक निर्माणाधीन स्थल के पास खेत के गड्ढे से 6 वर्षीय बच्ची का शव मिला है। घटना की जानकारी मिलते ही पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। मृतका का परिवार मूल रूप से मध्य प्रदेश का निवासी है और बीते दो वर्षों से सोनीपत में रहकर मजदूरी कर रहा था।

अचानक गायब हुई मासूम, 700 मीटर दूर मिला शव
पुलिस अधिकारियों द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, पीड़ित परिवार एक फैक्ट्री के निर्माण कार्य में लगा हुआ था और वहीं झोपड़ी बनाकर गुजर-बसर कर रहा था। बुधवार देर रात बच्ची संदिग्ध परिस्थितियों में अपनी झोपड़ी से लापता हो गई थी। परिजनों ने काफी खोजबीन की परंतु उसका कोई सुराग नहीं मिला। गुरुवार सुबह के वक्त परिजनों को घटनास्थल से लगभग 500 से 700 मीटर की दूरी पर बने पानी से भरे गड्ढे में बच्ची का शव मिला। 

परिजनों का आरोप- तार से बांधे हाथ-पैर बंधे थे
पीड़ित पिता और स्वजनों का कहना है कि बच्ची का मुंह पानी के अंदर धंसा हुआ था और उसके हाथ-पांव लोहे के तार से कसे हुए थे। इसके अलावा शव पर कपड़े न होने के कारण परिवार ने बच्ची के साथ दरिंदगी किए जाने और बाद में हत्या करने की आशंका जताई है। 

परिजनों ने निर्माण स्थल पर कार्य करने वाले एक युवक पर शक जताया है, जो घटना के वक्त नशे की हालत में देखा गया था। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई कर संदिग्ध को हिरासत में ले लिया है, जिसकी पहचान करनाल के बरसत गांव निवासी सुमित के रूप में हुई है। आरोपी मात्र तीन दिन पहले ही वहां काम पर आया था।

पुलिस जांच जारी, हत्या का मामला दर्ज 
घटनास्थल का मुआयना करने पहुंचे एसीपी देवेंद्र सिंह ने बताया कि पुलिस ने पीड़ित परिजनों के संशय के आधार पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103 (हत्या) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। हालांकि, शुरुआती छानबीन में अधिकारियों ने यौन उत्पीड़न की पुष्टि नहीं की है। पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया मौत का कारण जलभराव वाले गड्ढे में डूबना प्रतीत हो रहा है।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार 
मोहाना थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला नागरिक अस्पताल भिजवा दिया है। एसीपी ने स्पष्ट किया कि पोस्टमार्टम की विस्तृत रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों और दुष्कर्म के आरोपों की सच्चाई सामने आ सकेगी। फिलहाल पुलिस हिरासत में लिए गए युवक से सघन पूछताछ कर रही है।