
पति ने सोते समय पत्नी की हत्या कर दी.
Hardoi News: उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले में एक महिला की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है. शहर कोतवाली क्षेत्र के इस्लामनगर टिलिया में बुधवार तड़के महिला की धारदार हथियार से हत्या कर दी गई. मृतका की पहचान नगमा के रूप में हुई. पुलिस के मुताबिक, महिला की हत्या का आरोप उसके पति परवेज पर है. शुरुआती जांच में पत्नी के किसी दूसरे व्यक्ति से संबंध होने के शक को हत्या की वजह बताया जा रहा है.
किराए के मकान में रह रहे थे पति-पत्नी
जानकारी के मुताबिक, परवेज और उसकी पत्नी नगमा करीब डेढ़ महीने से इस्लामनगर टिलिया इलाके में किराए के मकान में रह रहे थे. बताया जा रहा है कि दोनों के बीच पत्नी के किसी अन्य व्यक्ति से बातचीत या प्रेम-प्रसंग को लेकर पहले भी विवाद होता था. बुधवार तड़के दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ. आरोप है कि इसी दौरान परवेज ने धारदार चाकू से नगमा पर हमला कर दिया. हमले में महिला की मौत हो गई. वारदात के बाद आरोपी पति ने अपने परिजनों को घटना की जानकारी दी.
ये भी पढ़ें- मथुरा में बोरिंग के दौरान बड़ा हादसा, 11 हजार वोल्ट की लाइन से टकराया पाइप; 3 मजदूरों की मौत
हत्या के बाद खुद थाने पहुंचा पति
वारदात के बाद परवेज खुद शहर कोतवाली पहुंचा और पुलिस को पत्नी की हत्या की जानकारी दी. सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची. पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास के लोगों से भी जानकारी जुटाई. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. वहीं, आरोपी पति को हिरासत में लेकर उससे पूछताछ की जा रही है.
फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य
हत्या की सूचना मिलने के बाद फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया. टीम ने घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए हैं. पुलिस अब हत्या में इस्तेमाल किए गए हथियार समेत दूसरे सबूतों की जांच कर रही है. पुलिस का कहना है कि शुरुआती जांच में पत्नी के किसी अन्य व्यक्ति से संबंध होने का शक सामने आया है. हालांकि, हत्या की वास्तविक वजह और वारदात की पूरी परिस्थितियों की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही होगी.
पुलिस सभी पहलुओं की कर रही जांच
पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि वारदात से पहले पति-पत्नी के बीच किस बात को लेकर विवाद हुआ था. साथ ही पुलिस मृतका के परिजनों और आसपास के लोगों से भी पूछताछ कर रही है. घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया. मृतका के परिवार में भी मातम पसरा है. पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है.

आदर्श त्रिपाठी, हरदोई
आदर्श त्रिपाठी हरदोई से रिपोर्टर हैं और पत्रकारिता के क्षेत्र में 25 साल से काम कर रहे हैं. प्रिंट मीडिया में हिंदुस्तान पेपर से शुरुआत की. फिर राष्ट्रीय सहारा में काम किया. दिल्ली में रहकर खबर भारती न्यूज़ चैनल में असाइनमेंट डेस्क पर काम करने का भी अवसर मिला. इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में रिपोर्टर के तौर पर महुआ मीडिया, लाईव टुडे के बाद अब TV9 भारतवर्ष में सेवाएं दे रहे हैं.
Read More