Bihar Crime News: छपरा के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के नंदलाल छपरा गांव में मंगलवार देर रात 25 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. युवक के शरीर पर चोट के निशान मिलने के बाद परिजनों ने उसके दोस्तों पर हत्या का आरोप लगाया है. वहीं पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला सड़क दुर्घटना का प्रतीत हो रहा है. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और पूरे मामले की जांच की जा रही है.
मृतक की पहचान नंदलाल छपरा गांव निवासी सुखदेव राय के 25 वर्षीय पुत्र राकेश कुमार के रूप में हुई है. राकेश ट्रक चालक का काम करता था. परिजनों के अनुसार, मंगलवार शाम वह गांव के कुछ युवकों के साथ घर से निकला था. देर रात गांव के ही दो युवक राकेश को गंभीर हालत में खाट पर लेकर उसके घर के दरवाजे पर पहुंचे और उसे वहां छोड़कर चले गए.
शरीर पर मिले चोट के निशान
परिजनों का कहना है कि राकेश को इस हालत में देखकर वे हैरान रह गए. उसके शरीर पर कई जगह चोट के निशान थे. मृतक की मां ने आरोप लगाया कि गांव के कुछ युवकों ने साजिश के तहत राकेश की हत्या की है. उनका कहना है कि जब दोनों युवक राकेश को लेकर घर पहुंचे थे, उस समय उसके शरीर पर कपड़े भी नहीं थे.
परिजनों ने बताया कि राकेश की हालत देखकर उन्होंने शोर मचाया. इसी दौरान उसे घर के दरवाजे पर छोड़कर साथ आए युवक वहां से चले गए. सुबह परिजन जब कथित आरोपित युवकों के घर पहुंचे तो वे वहां भी नहीं मिले.
पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव
घटना की सूचना मिलते ही मुफस्सिल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राकेश के शव को कब्जे में लिया. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए छपरा सदर अस्पताल भेज दिया है. परिजनों ने पुलिस से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और युवक की मौत की वास्तविक वजह सामने लाने की मांग की है.
मुफस्सिल थानाध्यक्ष के अनुसार, प्रथम दृष्टया मामला सड़क दुर्घटना से जुड़ा हुआ प्रतीत हो रहा है. स्थानीय लोगों से पूछताछ में पुलिस को जानकारी मिली है कि देर रात राकेश तेज गति से वाहन चलाते हुए सड़क पर एक गाय से टकरा गया था. हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गया था.
पुलिस के मुताबिक, हादसे के बाद उसके दोस्त उसे अचेत अवस्था में खाट पर लेकर घर पहुंचे थे. इसी दौरान उसकी मौत हो गई. हालांकि, पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है.
फिलहाल पुलिस ने मामले में पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार शुरू कर दिया है. पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि राकेश की मौत सड़क हादसे में हुई या इसके पीछे कोई दूसरी वजह थी. युवक की मौत के बाद उसके परिवार में मातम पसरा हुआ है.