कृषि योजना का लाभ दिलाने के नाम पर किसानों से ठगी का नया मामला सामने आया है। अनजान नंबर से किसानों को फोन कर खुद को कृषि विभाग, रांची का अधिकारी बताया जा रहा है। फोन करने वाला किसान से कहता है कि उसने पहले किसी सरकारी योजना के लिए आवेदन किया था, जिसे
.
किसानों के अनुसार, 8521803817 नंबर से आए फोन में योजना का लाभ लेने के लिए पहले रजिस्ट्रेशन कराने और इसके लिए 10,100 रुपए जमा करने को कहा जा रहा है। तत्काल रजिस्ट्रेशन नहीं कराने पर योजना से नाम हटाने और लाभ किसी दूसरे किसान को देने की बात कहकर दबाव बनाया जा रहा है। किसान के पास आवेदन फॉर्म भी भेजा जा रहा है। मामला तब सामने आया, जब गिद्धौर के किसान श्याम किशोर दांगी ने फोन आने के बाद जिला कृषि पदाधिकारी से जानकारी ली। विभाग से संपर्क करने पर उन्हें पता चला कि ऐसी कोई योजना संचालित नहीं की जा रही है। इससे वे 10,100 रुपए की ठगी का शिकार होने से बच गए। गिद्धौर के किसान श्याम किशोर दांगी ने बताया कि उक्त मोबाइल नंबर से उनके पास फोन आया था। फोन करने वाले ने कहा कि उनकी योजना स्वीकृत हो गई है और जितनी जल्दी 10,100 रुपए जमा करेंगे, उतनी जल्दी योजना का लाभ मिलेगा। शक होने पर उन्होंने फोन करने वाले से पूछा कि वह कृषि विभाग से है, इसका प्रमाण क्या है। इसके बाद ठग ने उनके मोबाइल पर एक आवेदन फॉर्म भेज दिया। श्याम किशोर फॉर्म भरकर राशि भेजने की तैयारी में थे। इसी दौरान किसी ने उन्हें सलाह दी कि पहले चतरा जाकर जिला कृषि पदाधिकारी से इसकी जानकारी लें। वे जिला कृषि कार्यालय पहुंचे तो पूरा मामला स्पष्ट हो गया। इसके बाद उन्होंने राशि जमा नहीं की और ठगी का शिकार होने से बच गए। विभाग ने कहा- ऐसी कोई योजना नहीं, किसान रहें सतर्क : जिला कृषि पदाधिकारी गौतम कुमार ने बताया कि कृषि विभाग, रांची की ओर से ऐसी कोई योजना संचालित नहीं की जा रही है, जिसमें 10,100 रुपए जमा कराने के बाद डीप बोरिंग, सोलर प्लेट अथवा खाद-बीज के लिए 1.25 लाख रुपए का लाभ देने की बात कही जा रही हो। उन्होंने किसानों से ऐसे फोन कॉल से सावधान रहने की अपील की है। उन्होंने कहा कि किसी अनजान व्यक्ति के कहने पर ऑनलाइन फॉर्म भरने या रजिस्ट्रेशन के नाम पर पैसे जमा नहीं करें। बैंक खाता, ओटीपी, एटीएम/डेबिट कार्ड या अन्य निजी जानकारी भी साझा नहीं करें। किसी सरकारी योजना का लाभ दिलाने के नाम पर पहले राशि जमा कराने की बात कही जाए तो किसान तत्काल सतर्क हो जाएं।