केया बनर्जी ने 45.7 किलो वजन के बावजूद 140 किलो उठाकर सिल्वर जीता। जीत के बाद उन्हें AI तस्वीरों, फेक अकाउंट और ऑनलाइन बदसलूकी का सामना करना पड़ा।
Who is Keyaa Banerji: केया बनर्जी का नाम इन दिनों इंटरनेट पर चर्चा में है। साउथ अफ्रीका के सन सिटी में आयोजित 2026 IPF वर्ल्ड सब-जूनियर और जूनियर क्लासिक पावरलिफ्टिंग चैंपियनशिप में सिल्वर मेडल जीतने के बाद दुनिया ने उनके टैलेंट को देखा। हालांकि, केया के लिए मेडल जीतने की खुशी के साथ इंटरनेट का एक परेशान करने वाला पहलू भी सामने आया। अपनी ऐतिहासिक उपलब्धि के कुछ ही समय बाद उन्हें पता चला कि X (ट्विटर) और इंस्टाग्राम जैसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर उनके इवेंट से जुड़े फेक वीडियो और तस्वीरें AI की मदद से बनाई और फैलाई जा रही हैं।
सिल्वर जीतने के बाद AI तस्वीरों से हुई बदसलूकी
इसके बाद किया ने इंस्टाग्राम स्टोरीज के जरिए इस मामले पर बयान जारी किया। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे AI से बनाए गए या मॉर्फ किए गए कंटेंट पर भरोसा न करें। 21 साल की किया ने बताया कि उन्होंने इस मामले पर आवाज उठाने का फैसला तब किया, जब उन्होंने देखा कि सोशल मीडिया पर लोग उन्हें सेक्सुलाइज कर रहे थे और उनकी जाति को लेकर अपमानजनक टिप्पणियां कर रहे थे।
AI से चेहरे और शरीर को एडिट करने का दावा
केया ने एक इंटरव्यू में बताया कि उन्होंने प्रतियोगिता की कोई ऑफिशियल तस्वीर खुद शेयर नहीं की थी। इसके बावजूद हजारों वायरल पेजों पर उनकी प्रतियोगिता की ऐसी तस्वीरें पोस्ट की जा रही थीं, जिनमें AI की मदद से उनके चेहरे और शरीर को एडिट किया गया था। उन्होंने कहा कि असली प्रतियोगिता की तस्वीरों में भी उनके चेहरे पर एक्स्ट्रा मेकअप एडिट किया गया था। इन तस्वीरों पर उनका कोई कंट्रोल नहीं था, जो उनके लिए काफी परेशान करने वाला अनुभव था। स्थिति तब और खराब हो गई, जब सोशल मीडिया पर उनके नाम से फेक अकाउंट बनाए गए। इन अकाउंट्स पर AI से बनाया गया आपत्तिजनक कंटेंट पोस्ट किया गया। इसी दौरान उनका निजी सोशल मीडिया अकाउंट भी सस्पेंड हो गया।
फेक अकाउंट और आपत्तिजनक कंटेंट से परेशान हुईं केया बनर्जी
- केया के मुताबिक, उन्हें सोशल मीडिया पर कई बेहद परेशान करने वाले और अपमानजनक कमेंट्स का भी सामना करना पड़ा।
- कुछ लोग उन्हें सेक्सुलाइज कर रहे थे, जबकि कुछ उनकी जाति और पूर्वजों को लेकर अपमानजनक बातें कर रहे थे।
- इसके बाद उन्होंने एक नए पब्लिक सोशल मीडिया अकाउंट के जरिए अपनी बात रखने का फैसला किया।
- उनका कहना था कि वह चाहती थीं कि छोटी लड़कियां भी देखें कि वे अपने लिए आवाज उठा सकती हैं।
- उन्होंने महिला एथलीटों के साथ सोशल मीडिया और समाज में होने वाले व्यवहार पर सवाल उठाने की जरूरत पर भी जोर दिया।
केया बनर्जी ने 2 साल पहले शुरू की पावरलिफ्टिंग
उन्होंने जून 2024 में पावरलिफ्टिंग शुरू की थी। उस समय उनकी उम्र 19 साल थी। इसके करीब आठ महीने बाद उन्होंने प्रोफेशनल प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेना शुरू किया। केया के मुताबिक, डेडलिफ्ट में उनकी तेजी से हो रही प्रगति ने उन्हें भरोसा दिलाया कि वह अपनी वेट कैटेगरी में नेशनल डेडलिफ्ट रिकॉर्ड तोड़ सकती हैं। उन्हें यह भी लगा कि वह IPF वर्ल्ड्स के लिए क्वालिफाई करने की क्षमता रखती हैं। इसी वजह से उन्होंने क्वालिफायर्स में हिस्सा लेने का फैसला किया।
केया ने खुद के वजन से 3 गुना वेट उठाया
केया ने जूनियर महिला 47 किलो वेट कैटेगरी में हिस्सा लिया। उनका खुद का वजन सिर्फ 45.7 किलो था, लेकिन उन्होंने 140 किलो का लिफ्ट लगाकर सिल्वर मेडल अपने नाम किया। यानी उन्होंने अपने शरीर के वजन से करीब तीन गुना वजन उठाया। उनका अगला बड़ा लक्ष्य अपनी वेट कैटेगरी में 147.5 किलो का एशियन रिकॉर्ड तोड़ना है। किया का कहना है कि वह इस लक्ष्य को हासिल करने के लिए पूरी मेहनत करेंगी।