हाई कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश यानी चीफ जस्टिस की नियुक्ति कैसे होती है? लोग अक्सर इस बारे में सोचते हैं. दरअसल, भारतीय संविधान के अनुच्छेद 217(1) के तहत, हाई कोर्ट के चीफ जस्टिस की नियुक्ति राष्ट्रपति द्वारा भारत के मुख्य न्यायाधीश (CJI) और संबंधित राज्य के राज्यपाल के साथ सलाह-मशविरा करके की जाती है. सलाह न लेना तय प्रक्रिया का उल्लंघन माना जाता है.
दरअसल, राज्यपाल के साथ सलाह-मशविरे का मतलब है राज्य सरकार (मुख्यमंत्री और मंत्रिपरिषद) की राय लेना. इसलिए, राज्य के राज्यपाल या सरकार से सलाह लेना संवैधानिक नियुक्ति प्रक्रिया का एक अनिवार्य हिस्सा है. हालांकि संविधान सलाह-मशविरे को अनिवार्य बनाता है, लेकिन सुप्रीम कोर्ट के फैसलों (कॉलेजियम सिस्टम के तहत) से यह तय होता है कि अंतिम और निर्णायक सिफारिश सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम (जिसमें CJI और वरिष्ठ न्यायाधीश शामिल) की होती है.
राज्य सरकार या राज्यपाल की राय या सुझावों पर विचार किया जाता है, लेकिन वे न्यायपालिका के अंतिम फैसले या कॉलेजियम की सिफारिश को वीटो या रोक नहीं सकते हैं. वहीं, हाई कोर्ट का न्यायाधीश या मुख्य न्यायाधीश 62 वर्ष की आयु प्राप्त करने तक अपने पद पर बना रहता है.
8 हाई कोर्ट में चीफ जस्टिस नियुक्त
वहीं, सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम की सिफारिशों के बाद शनिवार को आठ हाई कोर्ट में चीफ जस्टिस नियुक्त किए गए. कानून मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने ‘X’ पर एक पोस्ट में बताया कि दिल्ली हाई कोर्ट के मौजूदा जज जस्टिस वल्लुरी कामेश्वर राव को पटना हाई कोर्ट का चीफ जस्टिस नियुक्त किया गया है. वहीं, बॉम्बे हाई कोर्ट के जस्टिस रवींद्र वी. घुगे कलकत्ता हाई कोर्ट के चीफ जस्टिस के तौर पर काम करेंगे.
महेश चंद्र त्रिपाठी बॉम्बे हाई कोर्ट के चीफ जस्टिस
छत्तीसगढ़ हाई कोर्ट के जस्टिस संजय कुमार अग्रवाल को राजस्थान हाई कोर्ट का चीफ जस्टिस नियुक्त किया गया है, जबकि इलाहाबाद हाई कोर्ट के जस्टिस महेश चंद्र त्रिपाठी को बॉम्बे हाई कोर्ट का चीफ जस्टिस बनाया गया है. पंजाब और हरियाणा हाई कोर्ट के जस्टिस अश्वनी कुमार मिश्रा को उसी हाई कोर्ट का चीफ जस्टिस नियुक्त किया गया है.

पीयूष पांडे
प्रमुखत: सुप्रीम कोर्ट, वित्त मंत्रालय और भारतीय निर्वाचन आयोग की खबरों की जिम्मेदारी. पत्रकारिता में 22 वर्षों से ज्यादा का अनुभव. हिंदुस्तान, अमर उजाला, दैनिक भास्कर और आज में सेवाएं दीं. खबरिया चैनल और अखबार के अलावा दैनिक भास्कर के डिजिटल प्लेटफॉर्म में जिम्मेदारी निभाई, जबकि ऑल इंडिया रेडियो के आमंत्रण पर कई विशिष्ट जनों के साक्षात्कार किए.
Read More