
जयपुर में जन्माष्टमी के मौके पर शुक्रवार दोपहर इस्कॉन मंदिर परिसर में गैस सिलेंडर में आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। मंदिर में प्रसाद तैयार करने के लिए भट्टी जलाते समय सिलेंडर ने अचानक आग पकड़ ली। देखते ही देखते आग की लपटें VIP पंडाल तक पहुंच गईं। इस दौरान मुहाना थाने में तैनात हेड कॉन्स्टेबल कान सिंह ने साहस दिखाते हुए जलते हुए सिलेंडर को बाहर फेंक दिया। इससे आग दूसरे सिलेंडरों तक पहुंचने से रुक गई और बड़ा हादसा टल गया।
प्रसाद बनाने के दौरान सिलेंडर में लगी आग
जानकारी के मुताबिक, घटना शुक्रवार दोपहर करीब 12 बजे की है। जन्माष्टमी को लेकर मंदिर परिसर में बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद थे। प्रसाद तैयार करने के लिए भट्टी जलाई जा रही थी। इसी दौरान गैस सिलेंडर में अचानक आग लग गई।सिलेंडर में आग लगते ही मंदिर परिसर में मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। आग की लपटें तेजी से बढ़ीं और पास में बने VIP पंडाल तक पहुंच गईं। उस समय मंदिर में श्रद्धालुओं की मौजूदगी को देखते हुए स्थिति गंभीर हो सकती थी।
हेड कॉन्स्टेबल ने दिखाई हिम्मत
आग की सूचना मिलते ही वहां तैनात पुलिसकर्मी सक्रिय हो गए। मुहाना थाने के हेड कॉन्स्टेबल कान सिंह आग के बीच पहुंचे और श्रद्धालुओं को सुरक्षित बाहर निकालने में मदद की।बताया जा रहा है कि उन्होंने मौके पर मौजूद जलते हुए गैस सिलेंडर को उठाकर मंदिर परिसर से बाहर फेंक दिया। इससे आग अन्य सिलेंडरों तक नहीं पहुंच सकी। अगर आग दूसरे सिलेंडरों तक पहुंच जाती तो स्थिति और गंभीर हो सकती थी।कान सिंह की इस कार्रवाई से मौके पर मौजूद लोगों के बीच उनकी बहादुरी की चर्चा होने लगी। पुलिसकर्मियों ने भी श्रद्धालुओं को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने में मदद की।
दमकल की टीम भी मौके पर पहुंची
घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम को भी मौके पर बुलाया गया। दमकलकर्मियों ने आग पर काबू पाने के लिए कार्रवाई शुरू की।मंदिर परिसर में जन्माष्टमी के चलते बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद थे। ऐसे में आग लगने के बाद प्राथमिकता लोगों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाना और आग को फैलने से रोकना था। समय रहते कार्रवाई होने से बड़ा नुकसान टल गया।
मुख्यमंत्री के आने का था कार्यक्रम
जन्माष्टमी के अवसर पर जयपुर के इस्कॉन मंदिर में विशेष आयोजन किए गए थे। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के भी शुक्रवार शाम मंदिर आने का कार्यक्रम बताया जा रहा था।ऐसे में मुख्यत्री के प्रस्तावित दौरे से कुछ घंटे पहले मंदिर परिसर में आग लगने की घटना से सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सतर्कता बढ़ गई। हालांकि, आग पर समय रहते नियंत्रण पा लिया गया। फिलहाल उपलब्ध जानकारी के अनुसार, घटना में किसी बड़े जनहानि की सूचना नहीं है। आग लगने के कारणों की विस्तृत जानकारी सामने आना बाकी है। प्रशासन और दमकल विभाग की ओर से घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है।