कप्तान गिल ने कहा पडिक्कल-मानव तारीफ के लायक है | Captain Gill said Padikkal-Manav deserve praise

Published on 28 अग॰ 2026

कोलंबो, भारत के कप्तान शुभमन गिल ने श्रीलंका के खिलाफ हाल ही में खत्म हुई टेस्ट सीरीज में मिली 1-0 की जीत के बाद कहा कि इस सीरीज के दौरान कई सकारात्मक नतीजे निकले। उन्होंने खासतौर पर देवदत्त पडिक्कल और मानव सुथार के प्रदर्शन की सराहना की।

साई सुदर्शन की गैरमौजूदगी में तीसरे नंबर पर खेलते हुए पडिक्कल ने शानदार प्रदर्शन किया और दो शतक समेत कुल 328 रन बनाए। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) द्वारा अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर शेयर किए गए वीडियो में बात करते हुए गिल ने कहा, "मुझे लगता है कि यह हमारे लिए एक बेहतरीन सीरीज रही। सीरीज में कई सकारात्मक बातें देखने को मिलीं, सभी युवा खिलाड़ी अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं, जो देखकर बहुत खुशी होती है।"

भारतीय कप्तान ने आगे कहा, "निश्चित रूप से हम अक्सर कहते हैं कि एक बार जब कोई बल्लेबाज क्रीज पर जम जाए, तो उसे इसका पूरा फायदा उठाना चाहिए, और देवदत्त ने ऐसा करके दिखाया है। यह हमारे लिए बहुत सकारात्मक संकेत है और सीरीज में उनकी बल्लेबाजी देखना वाकई सुखद अनुभव था। इससे खिलाड़ी की मानसिकता का पता चलता है, और यह हमारे लिए एक बहुत अच्छी बात है।"

बाएं हाथ के स्पिन ऑलराउंडर सुथार ने 16 विकेट लिए, जिसमें गाले में 165 रन की जीत के दौरान एक मैच में 10 विकेट लेना का शानदार प्रदर्शन भी शामिल रहा। गिल ने आगे कहा, "उन्होंने (मानव सुथार) हमारे लिए शानदार प्रदर्शन किया है और मुझे लगता है कि वह लंबे समय तक भारत के स्पिन अटैक की कमान संभालेंगे। इस मैच और पहले मैच में भी उनकी गेंदबाजी देखना बहुत अच्छा लगा। जब भी वह गेंदबाजी करने आते हैं, तो ऐसा लगता है कि वह मौके बनाएंगे और हमें विकेट दिलाएंगे। उम्मीद है कि वह आगे भी अच्छा प्रदर्शन करते रहेंगे।"

यह मानते हुए कि जीत की मजबूत स्थिति में होने के बावजूद दूसरा टेस्ट ड्रॉ होना निराशाजनक था, गिल ने सिंहली क्रिकेट क्लब ग्राउंड पर खेल के आखिरी दो दिनों में श्रीलंका के जज्बे और रणनीति के सही क्रियान्वयन की सराहना की। उन्होंने कहा, "इस सीरीज से बहुत कुछ सीखने को मिला। मुझे लगता है कि हमने ठीक-ठाक खेल दिखाया। जाहिर है कि इस मैच में हमें वह नतीजा नहीं मिला जो हम चाहते थे। दूसरे दिन के खेल के बाद, हमें उम्मीद थी कि हम जीतेंगे, लेकिन श्रीलंका ने इन तीन दिनों में जिस तरह से बैटिंग की - कभी-कभी आपको विरोधी टीम से भी सीखना चाहिए और उनके खेल के लिए उन्हें श्रेय देना चाहिए। उम्मीद है कि न्यूजीलैंड में हमारी सीरीज अच्छी रहेगी।"