
इमेज स्रोत, PA Media
प्रकाशित एक घंटा पहले
पढ़ने का समय: 4 मिनट
क्रिकेट का मक्का कहे जाने वाले लॉर्ड्स क्रिकेट ग्राउंड पर खेले गए पहले वीमेंस टेस्ट क्रिकेट मैच को भारतीय टीम ने 270 रनों से जीत लिया है.
इंग्लैंड की टीम को मैच के चौथे और अंतिम दिन दूसरी पारी में जीत के लिए 457 रनों की ज़रूरत थी लेकिन उसकी पूरी टीम दूसरी पारी में 186 रनों पर ऑलआउट हो गई.
भारतीय वीमेंस क्रिकेट टीम के लिए ये एक बड़ी उपलब्धि इस वजह से है क्योंकि इंग्लैंड में ही खेले गए टी-20 वर्ल्ड कप मैच में भारतीय टीम ग्रुप स्टेज से ही बाहर हो गई थी.
लॉर्ड्स पर खेले गए इकलौते टेस्ट मैच में भारतीय क्रिकेट टीम की खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया है. इस मैच को कई उपलब्धियों के लिए भी याद किया जाएगा.
21 जुलाई से 23 जुलाई 1884 के बीच लॉर्ड्स पर पुरुष टीमों के बीच पहला टेस्ट मैच खेला गया था. इस मैच में इंग्लैंड ने ऑस्ट्रेलिया को पारी और पांच रनों से हराया था.
इस मैच के पूरे 142 सालों के बाद महिला टेस्ट क्रिकेट का पहला मैच खेला गया जिसमें इंग्लैंड टीम को हार मिली.

इमेज स्रोत, Getty Images
इस टेस्ट मैच में यास्तिका भाटिया ने लॉर्ड्स क्रिकेट ग्राउंड पर शतकीय पारी खेली. वहीं क्रांति गौड़ ने पांच विकेट लिए. दोनों ही खिलाड़ी ने इसी के साथ ही इतिहास लिख दिया.
यास्तिका ने लॉर्ड्स पर शतक लगाया तो क्रांति ने पांच विकेट लिए.
जब क्रांति गौड़ ने रची इबारत

इमेज स्रोत, Getty Images
इंग्लैंड टीम ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाज़ी का फ़ैसला किया था जिसके बाद भारतीय क्रिकेट टीम ने पहली पारी में 285 रन बनाए.
इस दौरान स्मृति मंधाना ने 83 और कप्तान हरमनप्रीत कौर ने 58 रनों की पारी खेली.
भारतीय टीम ने शानदार गेंदबाज़ी करते हुए इंग्लैंड की टीम को 170 रनों पर ऑलआउट कर दिया और 115 रनों की बढ़त बनाई.
पहली पारी में मध्यम गति की तेज़ गेंदबाज़ क्रांति गौड़ ने 37 रन देकर पांच विकेट लिए और अपना नाम हॉल ऑफ़ फ़ेम में दर्ज कराया. वो लॉर्ड्स क्रिकेट ग्राउंड पर टेस्ट मैच में पांच विकेट लेने वालीं पहली गेंदबाज़ बन गई हैं.
वहीं सायली सातघरे और स्नेह राणा ने दो-दो विकेट लिए और दीप्ति शर्मा ने एक विकेट लिया.
लॉर्ड्स पर शतक बनाया और लिखा इतिहास

इमेज स्रोत, Getty Images
दूसरी पारी में भारतीय टीम के बल्लेबाज़ों ने शानदार खेल दिखाया और विकेटकीपर बल्लेबाज़ यास्तिका भाटिया ने शतकीय पारी खेली.
इसी के साथ ही यास्तिका भाटिया लॉर्ड्स क्रिकेट ग्राउंड पर शतक लगाने वालीं पहली महिला बल्लेबाज़ बन गई हैं.
यास्तिका ने 113 रन बनाए और इस दौरान 14 चौके भी लगाए. उनके अलावा स्मृति मंधाना ने दूसरी पारी में भी अर्धशतकीय पारी खेलते हुए 70 रन बनाए. वहीं ऋचा घोष ने 50 रन की पारी खेली.
भारतीय टीम ने दूसरी पारी में 341 रनों पर 7 विकेट के नुक़सान पर पारी घोषित कर दी. इसके साथ ही भारत ने इंग्लैंड को 457 रनों का लक्ष्य दिया.
दूसरी पारी में भारतीय गेंदबाज़ों ने भी बेहद सटीक गेंदबाज़ी की. स्पिनर स्नेह राणा ने 42 रन देकर चार विकेट लिए.
वहीं सायली सातघरे, क्रांति गौड़ और दीप्ति शर्मा ने 2-2 विकेट लिए.
बीबीसी के लिए कलेक्टिव न्यूज़रूम की ओर से प्रकाशित.