टीम इंडिया के इस दौरे पर फिर मंडराए संकट के बादल, तारीखों में बदलाव की तैयारी

Published on 21 अग॰ 2026

टीम इंडिया के इस दौरे पर फिर मंडराए संकट के बादल, तारीखों में बदलाव की तैयारी

भारत के बांग्लादेश दौरे पर बड़ा अपडेट. (फोटो- GETTY)

India tour of Bangladesh: टीम इंडिया के बांग्लादेश दौरे पर एक बार फिर संकट के बादल मंडरा रहे हैं. भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) और बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) प्रस्तावित शेड्यूल पर दोबारा विचार कर रहे हैं और सीरीज के लिए नई विंडो तलाशने में जुटे हैं. इस बात की पुष्टि खुद बीसीबी अध्यक्ष तमीम इकबाल ने ढाका में आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान की है. शेड्यूल के मुताबिक भारतीय टीम को बांग्लादेश में 3 वनडे और 3 टी20 मैचों की सीरीज खेलनी है, जिसका पहला वनडे 3 सितंबर से शुरू होना था. हालांकि, दौरे की शुरुआत में दो हफ्ते से भी कम समय बचा है, लेकिन अभी तक बीसीसीआई की ओर से आधिकारिक शेड्यूल जारी नहीं किया गया है.

अब फिर तारीखों में फेरबदल के संकेत

यह दौरा पहले अगस्त 2025 में आयोजित होना था, जिसे बाद में स्थगित करके सितंबर 2026 के लिए तय किया गया था. इस साल जनवरी में बीसीबी ने ऐलान किया था कि दोनों टीमें ढाका और चटगांव में 3 वनडे और 3 टी20 मैच खेलेंगी. लेकिन अब तमीम इकबाल ने पत्रकारों से बातचीत में कहा, ‘भारत सीरीज को लेकर दोनों बोर्ड लगातार बातचीत कर रहे हैं. तारीखों में थोड़ा-बहुत फेरबदल हो सकता है.’

बीसीबी ने अपने नए टूर्नामेंट गेम डेवलपमेंट ट्रॉफी के शेड्यूल का ऐलान कर दिया. यह टूर्नामेंट 28 अगस्त से 9 सितंबर तक मीरपुर के शेर-ए-बांग्ला नेशनल स्टेडियम में खेला जाना है, जो भारत के दौरे की तारीखों से टकरा रहा है. इस टकराव पर बात करते हुए तमीम इकबाल ने कहा कि घरेलू टूर्नामेंट को जरूरत पड़ने पर तुरंत शिफ्ट किया जा सकता है. उन्होंने कहा, ‘यह टूर्नामेंट भले ही मीरपुर में होना है, लेकिन इसे दो मिनट में बसुंधरा ग्राउंड में शिफ्ट किया जा सकता है. जैसे ही भारत सीरीज का शेड्यूल पूरी तरह लॉक हो जाएगा, हम उसी अनुसार व्यवस्थाएं तय कर लेंगे.’

बोर्ड्स के बीच पहले से रहा है तनाव

यह स्थिति ऐसे समय में बनी है जब दोनों क्रिकेट बोर्ड्स के बीच रिश्ते हाल के महीनों में कुछ तनावपूर्ण रहे हैं. इससे पहले आईपीएल के दौरान कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) की ओर से बांग्लादेशी तेज गेंदबाज मुस्तफिजुर रहमान को वापस बुलाए जाने के बाद दोनों पक्षों के बीच खींचतान की खबरें सामने आई थीं. अब कम समय के अंदर दौरे का नया शेड्यूल तय करना दोनों बोर्डों के लिए बड़ी चुनौती बना हुआ है.

मोहिद खान

मोहिद खान

मोहिद खान TV9 Hindi में बतौर सीनियर सब-एडिटर स्पोर्ट्स डेस्क पर अपनी सेवाएं दे रहे हैं. वह जर्नलिज्म में 4 साल का अनुभव रखते हैं. वह मूल रूप से राजस्थान के ब्यावर शहर के रहने वाले हैं. मोहिद ने जर्नलिज्म एंड मास कम्युनिकेशन की डिग्री चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय से हासिल की है. वह पढ़ने, लिखने और खेलने का शौक रखते हैं. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत इंडिया न्यूज के साथ की थी. इसके बाद उन्होंने वनइंडिया हिंदी, ज़ी न्यूज और इंडिया टीवी जैसी संस्थानों में काम किया. वह किसी भी क्रिकेट मैच का बारीकी से विश्‍लेषण करने में माहिर हैं और उन्हें अन्य खेलों से जुड़ी खबरें बनाने में भी रुचि है.

Read More

google button