कटिहार में सोमवार सुबह 9 बजे एक वकील की दिनदहाड़े अपराधियों ने गोली मारकर हत्या कर दी। इस घटना का लाइव फुटेज भी सामने आया है।
.
इसमें दिख रहा है 3 युवक वकील को सीढ़ी के पास घेरकर खड़े हैं। इसके बाद एक आरोपी वकील के सिर में फायरिंग कर मौके से भाग निकलता है। पुलिस फुटेज के आधार पर घटना में शामिल आरोपियों की पहचान करने में जुटी है।
मृतक की पहचान अधिवक्ता गुड्डू अंसारी के रूप में हुई है। घटना नगर थाना क्षेत्र के कुम्हार टोली स्थित पटेल चौक की है।
घटना से जुड़ी तस्वीरें देखिए…
घर का सामान लाने बाजार गए थे गुड्डू
जानकारी के अनुसार, अधिवक्ता गुड्डू अंसारी सोमवार की सुबह घर का सामान लाने के लिए बाजार की तरफ गए थे। इसी दौरान पटेल चौक के पास जैसे ही वकील सीढ़ी पर चढ़कर दुकान की तरफ जाने लगे, 3 अपराधियों ने उन्हें रोक दिया।
इसके बाद उन्हें घेरते हुए सीढ़ी पर बैठाकर सिर में सीधे गोली मार दी। गोली लगने से गुड्डू मौके पर ही गिर गए। जमीन पर खून बहने लगा और अपराधी आराम से वारदात को अंजाम देने के बाद मौके पर से पैदल निकल गए।
वकील की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, घटना के बाद आसपास के लोग मौके पर जुटे और गुड्डू को तुरंत अस्पताल ले गए, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।


परिजन पुरानी रंजिश में हत्या की वजह बता रहे
पुलिस इस फुटेज को जांच का अहम साक्ष्य मानकर इसकी पड़ताल कर रही है। फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान और घटना में उसकी भूमिका की जांच की जा रही है। पुलिस आसपास लगे अन्य सीसीटीवी के फुटेज भी खंगाल रही है।
घटना के पीछे कोर्ट से जुड़े किसी विवाद की चर्चा सामने आ रही है। हालांकि, पुलिस की ओर से अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
वहीं, मृतक के परिजन ने पुराने विवाद का हवाला देते हुए एक व्यक्ति पर हत्या का आरोप लगाया है। परिजन के आरोप और घटना के कारणों की पुलिस जांच कर रही है।
LIVE फुटेज से पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी
सूचना मिलते ही नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ आसपास के लोगों से जानकारी ली। घटना से जुड़े साक्ष्यों को जुटाया जा रहा है।
पुलिस आसपास लगे CCTV फुटेज, वायरल LIVE फुटेज और अन्य साक्ष्यों की जांच कर रही है। हत्या के पीछे की वजह क्या थी और घटना में कितने लोग शामिल थे, इसका पता जांच के बाद ही चलेगा।