दतिया उपचुनाव: उमंग सिंघार का बीजेपी पर हमला, बोले- दतिया की सड़कों पर दिख गई भाजपा की गुटबाजी| Navbharat Live

Published on 12 जुल॰ 2026

दतिया उपचुनाव: उमंग सिंघार का बीजेपी पर हमला, बोले- दतिया की सड़कों पर दिख गई भाजपा की गुटबाजी

विज्ञापन

सार

Narottam Mishra Ticket Row : नरोत्तम मिश्रा को टिकट नहीं मिलने के मुद्दे पर उमंग सिंघार ने बीजेपी पर हमला बोला। उन्होंने भाजपा में गुटबाजी, इस्तीफों और दतिया की राजनीति को लेकर तीखे सवाल उठाए।

Umang Singhar On Datia By Election

नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार (फोटो सोर्स- नवभारत)

विस्तार

Umang Singhar On Datia By Election : दतिया विधानसभा उपचुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी में जारी सियासी हलचल के बीच मध्य प्रदेश विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने बीजेपी पर तीखा हमला बोला है। नरोत्तम मिश्रा को भाजपा का टिकट नहीं मिलने के बाद पार्टी के भीतर सामने आई नाराजगी को लेकर सिंघार ने कहा कि जिस पार्टी ने हमेशा कांग्रेस पर गुटबाजी का आरोप लगाया, आज उसी की अंदरूनी कलह दतिया की सड़कों पर दिखाई दे रही है।

मीडिया से बातचीत के दौरान उमंग सिंघार ने कहा कि बीजेपी लगातार कांग्रेस को गुटबाजी वाली पार्टी बताती रही है, लेकिन दतिया में जो घटनाक्रम सामने आया है, उसने भाजपा की वास्तविक स्थिति उजागर कर दी है। उन्होंने कहा कि टिकट वितरण के बाद कई भाजपा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने इस्तीफे दिए और विरोध प्रदर्शन किए, जिससे पार्टी के अंदर असंतोष साफ नजर आया।

शिवराज और मोहन पर भी साधा निशाना

नेता प्रतिपक्ष ने पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव पर भी निशाना साधते हुए कहा कि “शिवराज जी नरोत्तम मिश्रा को पचा नहीं पा रहे हैं और अब मोहन यादव भी नरोत्तम मिश्रा को पचा नहीं पा रहे हैं। दतिया की जनता भी नरोत्तम को पचा नहीं पा रही है, इसका क्या कारण है?” उन्होंने कहा कि यह सवाल भाजपा नेतृत्व को जनता के सामने स्पष्ट करना चाहिए।

सम्बंधित ख़बरें

कांग्रेस की जीत का दावा

उमंग सिंघार ने दावा किया कि दतिया विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस का मजबूत जनाधार रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने यहां पहले भी जीत दर्ज की है और पूर्व विधायक राजेंद्र भारती ने जनता का विश्वास हासिल किया था। इस बार भी दतिया की जनता कांग्रेस के पक्ष में मतदान करेगी और पार्टी को आशीर्वाद देगी।

दतिया से खत्म होगा भ्रष्टाचार और अराजक माहौल

उन्होंने कहा कि दतिया में विकास के बजाय भ्रष्टाचार और अव्यवस्था का माहौल बना हुआ है। उनके मुताबिक क्षेत्र में कई तरह के घोटाले और प्रशासनिक अनियमितताएं सामने आई हैं, जिनसे आम जनता परेशान है। उन्होंने विश्वास जताया कि उपचुनाव में जनता बदलाव का फैसला करेगी और कांग्रेस को जीत दिलाएगी।

ये भी पढ़ें : दतिया उपचुनाव: नाराजगी के बीच BJP ने दिया एकजुटता का संदेश, मोहन यादव, हेमंत खंडेलवाल और नरोत्तम मिश्रा की बैठक

एकजुटता बनाए रखने की कोशिश कर रही भाजपा

दतिया विधानसभा उपचुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां लगातार तेज होती जा रही हैं। एक ओर भाजपा संगठन नाराज कार्यकर्ताओं को मनाने और एकजुटता बनाए रखने की कोशिश कर रहा है, वहीं कांग्रेस इस मुद्दे को लेकर भाजपा को घेरने में जुटी हुई है। ऐसे में आने वाले दिनों में दतिया का चुनावी मुकाबला और अधिक दिलचस्प होने की संभावना है।

Follow Navbharatlive whatsapp