एनडीए प्रशिक्षण में उन्नाव के कैडेट अभिनव बाजपेई का निधन:पुणे में नियमित पीटी के दौरान तबीयत बिगड़ी, आज घर पहुंचा शव
उन्नाव4 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

उन्नाव के गंगाघाट कोतवाली क्षेत्र के नेहरू नगर निवासी 17 वर्षीय अभिनव बाजपेई का राष्ट्रीय रक्षा अकादमी (एनडीए), खड़कवासला (पुणे) में प्रशिक्षण के दौरान निधन हो गया। रविवार सुबह उनका पार्थिव शरीर आवास पहुंचा, जिसके बाद परिजनों और स्थानीय लोगों में शोक छा गया। कई जनप्रतिनिधियों और रिश्तेदारों ने परिवार को सांत्वना दी।
अभिनव बाजपेई गंगाघाट के नेहरू नगर निवासी प्रदीप कुमार बाजपेई के इकलौते पुत्र थे। उन्होंने वर्ष 2026 में केंद्रीय विद्यालय कैंट, कानपुर से इंटरमीडिएट की परीक्षा पास की थी। इसके बाद उनका चयन एनडीए में हुआ था। देश सेवा का सपना लेकर अभिनव 24 जून को पुणे स्थित खड़कवासला एनडीए में प्रशिक्षण के लिए पहुंचे थे।

परिजनों के अनुसार, शुक्रवार सुबह नियमित शारीरिक प्रशिक्षण (पीटी) के दौरान अभिनव की तबीयत अचानक बिगड़ गई। अकादमी के अधिकारियों ने उन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। अभिनव की मां सीमा बाजपेई, पिता प्रदीप कुमार बाजपेई और बहन अंशिका (जो जीएसवीएम मेडिकल कॉलेज, कानपुर में एमबीबीएस की छात्रा हैं) इस घटना से गहरे सदमे में हैं।

शनिवार को पुणे से लांसनायक महेंद्र सिंह ने परिजनों से मिलकर घटना की जानकारी दी। रविवार सुबह अभिनव का पार्थिव शरीर फ्लाइट से लखनऊ लाया गया, और फिर सड़क मार्ग से उनके पैतृक आवास नेहरू नगर पहुंचाया गया। पार्थिव शरीर के घर पहुंचते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग, रिश्तेदार और शुभचिंतक अंतिम दर्शन के लिए एकत्रित हुए।
सदर विधायक पंकज गुप्ता ने शोक संतप्त परिवार से मुलाकात कर सांत्वना दी। उन्होंने कहा कि अभिनव जैसे होनहार युवा की असमय मृत्यु पूरे जनपद के लिए एक अपूरणीय क्षति है। विधायक ने दिवंगत आत्मा की शांति और परिवार को इस कठिन समय में शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।

अभिनव की असामयिक मौत की खबर फैलते ही गंगाघाट और उन्नाव शहर में शोक की लहर दौड़ गई। मोहल्ले के लोगों ने बताया कि अभिनव पढ़ाई में मेधावी, अनुशासित और मिलनसार स्वभाव के थे। उनका सपना भारतीय सशस्त्र बलों में अधिकारी बनकर देश की सेवा करना था। इतनी कम उम्र में उनकी मौत ने पूरे इलाके को गमगीन कर दिया।
.