अमेरिका: एरिजोना में गर्लफ्रेंड की हत्या कर भाग रहा था भारतीय छात्र, जर्मनी में हुआ गिरफ्तार

Published on 10 अग॰ 2026

दुनिया

अमेरिका: एरिजोना में गर्लफ्रेंड की हत्या कर भाग रहा था भारतीय छात्र, जर्मनी में हुआ गिरफ्तार

  • Edited by: अमित कुमार मंडल
  • Updated Aug 10, 2026, 08:23 AM IST

यह मामला एरिजोना के टक्सन शहर का है। पुलिस रिपोर्ट के अनुसार, यूनिवर्सिटी ऑफ एरिजोना के 'बिजनेस एनालिटिक्स' के छात्र वरुण बत्चीगारी पर 6 अगस्त को अपनी 19 वर्षीया गर्लफ्रेंड जूलिसा रूबी सालाजार (Julissa Rubi Salazar) की हत्या करने का आरोप है।

Image

एरिजोना में भारतीय छात्र गिरफ्तार

Photo :

AP

Indian student arrested in Germany:अमेरिका के एरिजोना राज्य में अपनी गर्लफ्रेंड की हत्या के आरोपी 20 वर्षीय भारतीय छात्र वरुण बत्चीगारी (Varun Batchigari) को जर्मनी से गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी हत्या के बाद हवाई जहाज से भारत भागने की फिराक में था, लेकिन जर्मनी में कनेक्टिंग फ्लाइट पकड़ने से पहले ही उसे हिरासत में ले लिया गया। यह कार्रवाई टक्सन पुलिस विभाग, एफबीआई टक्सन कार्यालय और बर्लिन स्थित एफबीआई लीगल अटैची ऑफिस के आपसी तालमेल और सतर्कता के कारण संभव हो सकी।

19 वर्षीया गर्लफ्रेंड की हत्या का आरोप

यह मामला एरिजोना के टक्सन शहर का है। पुलिस रिपोर्ट के अनुसार, यूनिवर्सिटी ऑफ एरिजोना के 'बिजनेस एनालिटिक्स' के छात्र वरुण बत्चीगारी पर 6 अगस्त को अपनी 19 वर्षीया गर्लफ्रेंड जूलिसा रूबी सालाजार (Julissa Rubi Salazar) की हत्या करने का आरोप है। 6 अगस्त को शाम लगभग 4 बजे टक्सन फायर डिपार्टमेंट को कार्डियक अरेस्ट की सूचना मिली थी। जब टीम अपार्टमेंट में पहुंची, तो जूलिसा का शव फर्श पर पड़ा हुआ था और गर्दन तक कंबल ढका हुआ था। मृतका की गर्दन पर घोंटने और खरोंच के गंभीर निशान मिलने के बाद फायर डिपार्टमेंट की टीम ने तुरंत टक्सन पुलिस को इसकी सूचना दी।

मां को झूठे मैसेज और चोरी की कोशिश

जांचकर्ताओं का आरोप है कि जूलिसा की हत्या करने के बाद आरोपी वरुण ने उसका मोबाइल फोन और क्रेडिट कार्ड चुरा लिए। इसके बाद उसने अपराध को छिपाने के उद्देश्य से मृतका की मां को खुद जूलिसा बनकर कई टेक्स्ट मैसेज भेजे। हालांकि, इन असामान्य संदेशों से परिवार को संदेह हुआ, जिसके बाद उन्होंने पुलिस से संपर्क कर 'वेलफेयर चेक' का अनुरोध किया। जब पुलिस मौके पर पहुंची, तब हत्या का खुलासा हुआ।

जर्मनी में गिरफ्तारी और प्रत्यर्पण की तैयारी

हत्या को अंजाम देने के तुरंत बाद वरुण टक्सन इंटरनेशनल एयरपोर्ट पहुंचा और जर्मनी के लिए फ्लाइट पकड़ ली, जहां से उसकी योजना आगे भारत जाने की थी। टक्सन पुलिस ने आरोपी के खिलाफ फर्स्ट-डिग्री मर्डर (हत्या) और अपहरण का अरेस्ट वारंट जारी कराया। अंतरराष्ट्रीय एजेंसियों के समन्वय से जर्मनी पहुंचते ही वरुण को गिरफ्तार कर लिया गया, जिससे वह भारत के लिए अपनी यात्रा जारी न रख सका। फिलहाल आरोपी जर्मनी में बंद है और उसे अमेरिका (एरिजोना) प्रत्यर्पित किए जाने की प्रक्रिया जारी है। वापसी पर उसे पीमा काउंटी एडल्ट डिटेंशन कॉम्प्लेक्स में रखा जाएगा।

यौन शोषण और घरेलू हिंसा का इतिहास

KOLD-TV और फॉक्स न्यूज द्वारा प्राप्त अदालती वारंट और संघीय रिकॉर्ड्स के अनुसार, आरोपी का अतीत विवादित रहा है। गवाहों ने बताया कि जूलिसा 2025 के अंत में वरुण के साथ हिंसक बर्ताव और समस्याओं के कारण अलग रहने लगी थी और संबंध खत्म करने की योजना बना रही थी। यूनिवर्सिटी ऑफ एरिजोना पुलिस विभाग ने पहले भी वरुण के खिलाफ एक मारपीट के मामले की जांच की थी।

यौन उत्पीड़न का आरोप

जांच के दौरान एक अन्य गवाह ने आरोप लगाया कि वरुण ने एक हैलोवीन पार्टी के दौरान उसका यौन उत्पीड़न किया था, हालांकि उसने तब पुलिस में शिकायत दर्ज नहीं कराई थी। रिकॉर्ड्स के मुताबिक, यूनिवर्सिटी ऑफ एरिजोना से निष्कासित किए जाने के बावजूद घटना के समय तक अमेरिका में उसका वीजा/इमिग्रेशन स्टेटस वैध था।

Amit Mandal

अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें

  • Hindi News
  • World

End of Article