मध्य प्रदेश की राजनीति, नौकरशाही और अन्य घटनाओं पर चुटीली और खरी बात का वीडियो (VIDEO) देखने के लिए ऊपर क्लिक करें। इन खबरों को आप पढ़ भी सकते हैं। 'बात खरी है' मंगलवार से रविवार तक हर सुबह 6 बजे से दैनिक भास्कर एप पर मिलेगा।
.
जब मोदी ने किया 'बाबा बागेश्वर' का जिक्र प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने IIT दिल्ली के दीक्षांत समारोह को संबोधित करते हुए बाबा बागेश्वर का जिक्र किया। पीएम मोदी की बात सुनकर वहां मौजूद छात्र न सिर्फ हंसे, बल्कि जमकर तालियां भी बजाईं।
दरअसल, पीएम मोदी ने मजाकिया अंदाज में कहा कि सभी स्टूडेंट्स यहां मौजूद हैं, लेकिन उनके मन के किसी कोने में कुछ और भी चल रहा होगा। इसके बाद उन्होंने कहा- मैं तो बाबा बागेश्वर नहीं हूं, लेकिन कुछ तो चलता होगा।
अब इस बयान पर लोग चुटकी ले रहे हैं कि पंडित धीरेंद्र शास्त्री आज खुश तो बहुत होंगे। आखिर उनके बड़े भाई ने खुद उनके नंबर जो बढ़ा दिए हैं।
दरअसल, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और पंडित धीरेंद्र शास्त्री के बीच भाई वाला रिश्ता पहले से ही चर्चा में रहा है। जब प्रधानमंत्री मोदी बागेश्वर धाम पहुंचे थे, तब उन्होंने मंच से पंडित धीरेंद्र शास्त्री को छोटा भाई कहकर संबोधित किया था।
अब बड़े भाई ने मजाकिया अंदाज में ही सही, छोटे भाई का जिक्र किया तो उनका यह बयान सुर्खियों में आ गया।

IIT दिल्ली के दीक्षांत समारोह में प्रधानमंत्री मोदी ने कहा- ‘मैं तो बाबा बागेश्वर नहीं हूं’
विधायक के बेटे के लिए VIP इंतजाम इंदौर में कांवड़ यात्रा के दौरान भाजपा विधायक गोलू शुक्ला के बेटे रुद्राक्ष शुक्ला के लिए VIP इंतजाम देखने को मिले। इसका एक वीडियो सामने आया है।
वीडियो में नजर आ रहा है कि रुद्राक्ष शुक्ला के साथ एक शख्स पंखा लेकर चल रहा है और उन्हें लगातार हवा कर रहा है। इस दौरान रुद्राक्ष शुक्ला खुद भी पंखा हाथ में लेकर अपना पसीना सुखाते नजर आए।
वीडियो सामने आने के बाद लोग अब इस पर चुटकी ले रहे हैं। उनका कहना है कि आखिर विधायक पुत्र हैं, तो VIP इंतजाम तो होंगे ही। वहीं, कुछ लोग इसे भक्ति का VIP वर्जन भी बता रहे हैं।
ये बात अलग है कि बाकि कावड़ यात्री पसीने में तरबतर होकर ही शिव भक्ति करते रहे।

इंदौर में कांवड़ यात्रा में भाजपा विधायक के बेटे रुद्राक्ष को पंखे की हवा की गई।
एंबुलेंस में मरीज नहीं, प्याज की बोरियां हमारा मध्य प्रदेश वाकई अजब है, गजब है। यहां की व्यवस्था की एक और ऐसी तस्वीर सामने आई है, जिसे देखकर लोग कह रहे हैं कि एमपी में एंबुलेंस सिर्फ मरीज ही नहीं, प्याज भी ढोती है।
मुरैना के पोरसा की सब्जी मंडी का एक वीडियो सामने आया है। इसमें दो एंबुलेंस में प्याज की बोरियां लोड की जा रही हैं। मौके पर मौजूद किसी शख्स ने इसका वीडियो बना लिया, जो अब सामने आया है।
वीडियो सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया है। अधिकारियों ने मामले की जांच कराने की बात कही है।
इधर, लोग इस पर तंज कस रहे हैं कि ये तो मल्टीपर्पज एंबुलेंस है, जो मरीजों के साथ-साथ प्याज भी ढो रही है। हालांकि, ये बात अलग है कि जरूरत के वक्त मरीजों को एंबुलेंस समय पर मिलती नहीं है या फिर मिलती ही नहीं।

मुरैना के पोरसा में एंबुलेंस में प्याज की बोरियां लोड कर ले जाई गई।
और अब अंदर की बात..
नए पुलिस मुखिया बनने की दौड़ मध्य प्रदेश पुलिस के मौजूदा मुखिया नवंबर में रिटायर हो रहे हैं। ऐसे में नए पुलिस मुखिया की नियुक्ति की प्रक्रिया भी शुरू हो गई है। इस पद के लिए पैनल में 11 अधिकारियों के नाम दिल्ली भेजे जाएंगे। वहां से तीन नामों का चयन किया जाएगा।
इधर, दावेदार भी अपने-अपने स्तर पर लॉबिंग में जुट गए हैं। एक दावेदार दिल्ली में उच्च संवैधानिक पद पर पदस्थ अपने रिश्तेदार के संपर्क में हैं। दूसरे नागपुर के चक्कर लगा रहे हैं। वहीं, तीसरे दावेदार फिलहाल भाग्य भरोसे हैं।
हालांकि, पुलिस महकमे के अंदरखाने चर्चा है कि दावेदारों की यह गणेश परिक्रमा कहीं धरी की धरी न रह जाए। वजह यह है कि मौजूदा डीजीपी को एक्सटेंशन मिलने की भी चर्चा चल रही है।
इनपुट सहयोग - दुष्यंत सिकरवार (मुरैना), विनय यादव (इंदौर)
ये भी पढ़ें - भगवान श्रीकृष्ण की बना दी छह उंगलियां: डिप्टी सीएम को रोका, छात्राएं बोलीं- सड़क बनवाओ

सरकार ने भगवान श्रीकृष्ण की छह उंगलियां बना दीं। यह गलती संस्कृति विभाग से हुई है। दरअसल, विभाग के श्रीकृष्ण पाथेय न्यास ने महर्षि सांदीपनि के जीवन, व्यक्तित्व और योगदान पर आधारित एक पुस्तिका प्रकाशित करवाई है। उसी में ये गलती हुई है। पूरी खबर पढ़ें