- Hindi News
- Local
- Rajasthan
- Jaipur
- Objection To Liquor Shop Near Girls College, Excise Sent False Report To CMO
झूठ का ‘ठेका’:गर्ल्स कॉलेज के पास शराब ठेके पर आपत्ति आबकारी ने सीएमओ को भेजी झूठी रिपोर्ट
जयपुर38 मिनट पहलेलेखक: इमरान खान
- कॉपी लिंक

जनता का ड्रोन सर्वे।
सीएमओ को बताया- कॉलेज से ठेका 270 मीटर दूर; जनता ने ड्रोन सर्वे करवाया- दूरी 130 मीटर ही मिली
गर्ल्स कॉलेज के नजदीक शराब ठेके की तमाम आपत्तियों को आबकारी झुठलाने में लगा है। एक साल पहले कॉलेज बनने और ठेका रिन्यू नहीं करने के पुलिस के पत्र को भी विभाग ने अनदेखा कर दिया। हद तो तब हो गई, जब टोंक रोड के कुंभा मार्ग स्थित 200 मीटर में आने वाली शराब दुकान को बचाने के लिए इसे कॉलेज से 270 मीटर दूर बताकर रिपोर्ट सीएमओ को भेज दी।

पुलिस ने एक साल पहले पत्र लिखकर कहा था- कॉलेज खुलेगा, ठेका मत खोलना
जनता ने ड्रोन सर्वे करवाकर विभागीय झूठ का ‘ठेका’ सबके सामने ला दिया। बता दें कि पुलिस ने कॉलेज और मंदिर होने का हवाला देकर 28 मार्च 2025 को आबकारी अधिकारी को शराब ठेका आवंटन रिन्यू नहीं करने के लिए पत्र लिखा था। फिर भी फरवरी में 2026-27 के लिए ठेका रिन्यू कर दिया। स्थानीय लोगों ने शिकायत सीएमओ में की। मामले में सीएमओ ने रिपोर्ट मांगी तो आबकारी अफसरों ने गलत रिपोर्ट भेज दी। साथ ही कहा कि दुकान रद्द की तो विभाग को राजस्व नुकसान होगा।

पुलिस ने एक साल पहले पत्र लिखकर कहा था- कॉलेज खुलेगा, ठेका मत खोलना
आबकारी नियमों के अनुसार, स्कूल-कॉलेज-मंदिर से शराब ठेके 200 मीटर दायरे से बाहर होने चाहिए। कुंभा मार्ग मुख्य टोंक रोड पर आवंटित शराब ठेके के मामले में सीएमओ को आबकारी ने भेजी रिपोर्ट में कॉलेज को ठेके से 270 मीटर दूर बताकर क्लीन चिट दे दी। दरअसल, हुआ यूं कि नियमानुसार कॉलेज से ठेके की दूरी मेन गेट से नापनी थी, लेकिन आबकारी मौका रिपोर्ट में दूरी कॉलेज मेन कैंपस से नाप दी, जो 270 मीटर है।
डीईओ सिटी घनश्याम शर्मा ने 2 जुलाई 2026 को मुख्यमंत्री के उप सचिव को भेजी रिपोर्ट में लिखा कि वार्ड नंबर 98, 99 की लिकर शॉप नंबर 1 के निरीक्षण में सामने आया कि इसी लोकेशन पर 15 साल से स्वीकृति दी जा रही है और यहां से शराब की दुकान अन्यत्र शिफ्ट करने से राजस्व का नुकसान होगा। रिपोर्ट के बाद स्थानीय निवासियों ने ड्रोन सर्वे करवाया। इसमें पता चला कि कॉलेज के मुख्य गेट से शराब ठेका 130 मीटर दूर है, जो रिपोर्ट में 170 मीटर बताया है। पूरा कैंपस भी 200 मीटर की परिधि में पाया गया। कॉलेज छात्राएं ठेके के बाहर स्थित बस स्टॉप से ही आवाजाही करती हैं।
विद्याधर नगर में ठेका शिफ्ट किया था विद्याधर नगर में भी पिछले साल सरकारी कॉलेज से शराब ठेके की दूरी 200 मीटर के दायरे में होने के विरोध के बाद आबकारी विभाग ने दुकान शिफ्ट की थी। कॉलेज बिल्डिंग निर्माण के दौरान ही पुलिस ने आबकारी को पत्र लिखकर ठेका नहीं खोलने के लिए कहा था। फिर भी आवंटन हो गया।
निरीक्षक की रिपोर्ट के आधार पर रिपोर्ट भेजी आबकारी निरीक्षक की रिपोर्ट के आधार पर सीएमओ को रिपोर्ट भेजी गई थी। कॉलेज के मुख्य गेट से शराब ठेके की दूरी कम है तो दोबारा जांच करवा लेंगे। नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।-घनश्याम शर्मा, जिला आबकारी अधिकारी
कुंभा मार्ग से शराब ठेका हटवाने के लिए जिला आबकारी अधिकारी को 28 मार्च 2025 को पत्र भेजा था। यहां पास में ही कॉलेज-मंदिर हैं। ठेका रिन्यू नहीं करें। -विनोद शर्मा, तत्कालीन एसीपी, सांगानेर
.