बरेली में धर्मांतरण की कोशिश का सनसनीखेज आरोप! आरोपी के घर डबल बेड के नीचे छिपी मिली लापता महिला, बच्चे भी बरामद

Published on 8 अग॰ 2026

Bareilly Crime News: उत्तर प्रदेश के बरेली जिले के सिरौली थाना क्षेत्र से एक अजीबोगरीब और सनसनीखेज मामला सामने आया है. यहां कुछ दिन पहले अचानक संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हुई एक महिला और उसके बच्चों को पुलिस ने गांव के ही दूसरे समुदाय के एक युवक के घर से बरामद कर लिया है. हैरत की बात यह रही कि पुलिस दबिश के दौरान महिला घर के अंदर एक कमरे में बने डबल बेड के नीचे छिपी हुई हालत में मिली. महिला के पति ने युवक पर अपनी पत्नी को बहला-फुसलाकर अगवा करने और उसका धर्मांतरण (धर्म परिवर्तन) कराने का गंभीर आरोप लगाया है. पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है.

मामला सिरौली थाना क्षेत्र के गांव अंजनी का है. गांव के निवासी पीड़ित पति ने सिरौली थाने में लिखित तहरीर देकर बताया था कि उसकी पत्नी 5 अगस्त की सुबह करीब 4 बजे अचानक घर से बिना बताए कहीं चली गई. काफी खोजबीन और नाते-रिश्तेदारों में पता करने के बाद भी जब उसका कोई सुराग नहीं लगा, तो परिजनों को गांव के ही दूसरे समुदाय के एक युवक पर शक हुआ. पति ने पुलिस को शिकायत देते हुए आरोप लगाया कि उक्त युवक उसकी पत्नी और बच्चों को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया है और उनका धर्मांतरण कराने का प्रयास कर रहा है.

पुलिस ने दी दबिश, पहले मिले बच्चे फिर बेड के नीचे मिली महिला

शिकायत की संवेदनशीलता को देखते हुए सिरौली पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की और संदिग्ध युवक के घर पर अचानक छापेमारी (दबिश) की. घर में तलाशी के दौरान पुलिस को सबसे पहले महिला के छोटे बच्चे मिले. इसके बाद जब पुलिस ने घर के अंदरूनी कमरों की गहनता से तलाशी ली, तो एक कमरे में रखे डबल बेड के नीचे महिला छिपी हुई पाई गई. पुलिस ने महिला और उसके बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाला तथा मौके से ही आरोपी युवक को अपनी हिरासत में ले लिया.

ये भी पढ़ें: शादीशुदा प्रेमिका से मिलने पहुंचा घर वालों ने दोनों को रस्सी से बांधा, फिर दी तालिबानी सजा

थाने में पूछताछ, पुलिस खंगाल रही हर एंगल

पुलिस टीम महिला, बच्चों और आरोपी युवक को लेकर थाने पहुंची. फिलहाल, महिला और बच्चे पुलिस की सुरक्षा में हैं. सिरौली थाना प्रभारी रोहित कुमार ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि पति की तहरीर और मिली सूचना के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए महिला को बरामद कर लिया गया है. आरोपी युवक से कड़ाई से पूछताछ की जा रही है ताकि यह साफ हो सके कि महिला किन परिस्थितियों में वहां पहुंची और पति द्वारा लगाए गए धर्मांतरण के आरोपों में कितनी सच्चाई है. जांच के बाद अग्रिम कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

मनवीर सिंह

मनवीर सिंह

मैं मनवीर सिंह 6 साल से पत्रकारिता कर रहा हूं. 5 साल से टीवी9 भारतवर्ष न्यूज चैनल में सेवा दे रहा हूं. इससे पहले आजतक न्यूज चैनल के लिए भी काम किया है. क्राइम और राजनीति से जुड़ी खबरें पसंद हैं.

Read More

google button