- Hindi News
- Local
- Uttar pradesh
- Hardoi
- Hardoi CDO Inspection: Irregularities Found At Lohiya Park & THR Plant
सीडीओ के औचक निरीक्षण में पांच कर्मचारियों का वेतन रुका:लोहिया पार्क, हाईटेक नर्सरी और टीएचआर प्लांट में मिलीं अनियमितताएं
अनुभव बाजपेयी | हरदोई44 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

हरदोई में मुख्य विकास अधिकारी नेहा ब्याडवाल ने शुक्रवार शाम 4 बजे विकासखंड सुरसा के लोहिया पार्क, थमरवा हाईटेक नर्सरी और टड़ियावां स्थित टीएचआर (टेक होम राशन) प्लांट का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान विकास कार्यों और सरकारी योजनाओं के संचालन में कई गंभीर अनियमितताएं सामने आईं, जिस पर सीडीओ ने सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए।
ग्राम लाल पालपुर में 1.4987 करोड़ रुपये की लागत से बन रहे लोहिया पार्क में स्वीकृत 625 मीटर बाउंड्रीवाल में से केवल 170 मीटर का निर्माण कार्य ही पूरा मिला। अन्य स्वीकृत कार्य अभी तक शुरू नहीं हुए थे। सीडीओ ने कार्यदायी संस्था और जिला उद्यान अधिकारी को सभी निर्माण कार्य निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्ता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए।

हरदोई में मुख्य विकास अधिकारी नेहा ब्याडवाल ने औचक निरीक्षण किया।
थमरवा हाईटेक नर्सरी में सीड सोइंग मशीन और दोनों चैंबरों के चलित स्प्रिंकलर सिंचाई यंत्र खराब पाए गए। नर्सरी का संचालन भी मानकों के अनुरूप नहीं था। इसे गंभीर लापरवाही मानते हुए, सीडीओ ने नर्सरी प्रभारी अजय कुमार वर्मा, माली अमित कुमार और गया प्रसाद का अगस्त माह का वेतन अगले आदेश तक रोकने के निर्देश दिए।
जिला उद्यान अधिकारी को 15 दिन के भीतर सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए। सुधार न होने पर विभागीय कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई। टड़ियावां स्थित टीएचआर प्लांट में साफ-सफाई संतोषजनक नहीं पाई गई। मौके पर तैयार हो रहे पोषाहार की गुणवत्ता जांच के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग को नमूने लेने के निर्देश दिए गए।

हरदोई में मुख्य विकास अधिकारी नेहा ब्याडवाल ने औचक निरीक्षण किया।
जून 2026 की सामग्री से संबंधित स्टॉक रजिस्टर और अन्य अभिलेख प्रस्तुत न किए जाने पर सीडीओ ने नोडल बीएमएम और सहायक विकास अधिकारी (आईएसबी) का वेतन अभिलेखों के मिलान तक रोकने का आदेश दिया। इसके अतिरिक्त, संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध आवश्यक विभागीय कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए गए। निरीक्षण के दौरान संबंधित विभागों के अधिकारी और कार्यदायी संस्था के अभियंता मौजूद रहे।
.