
उज्जैन के निर्मोही अखाड़े में हाथी को रखा गया है.
Ujjain News: मध्य प्रदेश के इंदौर में हाथी के हमले में एक युवक की मौत के मामले में अब नया घटनाक्रम सामने आया है. वन विभाग ने हाथी विजयलक्ष्मी को इंदौर से उज्जैन शिफ्ट कर दिया है. फिलहाल उसे उज्जैन के अंकपात रोड स्थित निर्मोही अखाड़े में रखा गया है. हालांकि इस मामले में हाथी के महावत और मालिक को अभी तक जमानत नहीं मिली है. दोनों इंदौर की जेल में बंद हैं. हाथ उज्जैन शिफ्ट करने के दौरान वन विभाग की रेंजर संगीता ठाकुर और वनरक्षक आशीष कुशवाह ने उसकी सभी गतिविधियों पर अपनी पैनी नजर रखी.
गुड़ खिलाते समय हुआ था हमला
26 जुलाई को इंदौर के राजनगर इलाके में विजय होलकर नाम का युवक हाथी विजयलक्ष्मी को गुड़ खिला रहा था. इसी दौरान हाथी अचानक बेकाबू हो गया. उसने युवक को सूंड से उठाकर जमीन पर पटक दिया और फिर पैरों से कुचल दिया. गंभीर रूप से घायल विजय होलकर को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई. घटना के बाद वन विभाग और पुलिस ने कार्रवाई करते हुए हाथी के महावत उमेश गोस्वामी और मालिक संदीप निर्मोही को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था.
ये भी पढ़ें- जिस हाथी ने ऑटो चालक को कुचलकर मार डाला, उसे इंदौर से बाहर ले जाने पर रोक; क्यों बदल गया था उसका व्यवहार?
उज्जैन के निर्मोही अखाड़े में रखा गया हाथी
हाथी को फिलहाल उज्जैन के निर्मोही अखाड़े में रखा गया है. यहां उसकी देखभाल महावत अमित गोस्वामी और महेंद्र महाराज कर रहे हैं. उनके अनुसार, पिछले चार दिनों से हाथी यहीं है और उसकी हालत सामान्य है. वह पहले की तरह घास और फल खा रहा है. हालांकि घटना के बाद लोग उसके पास जाने से डर रहे हैं. सुरक्षा के लिए हाथी के पैरों में बेड़ियां डाली गई हैं, ताकि वह अचानक आक्रामक न हो जाए. वन विभाग की टीम उसकी हर गतिविधि पर नजर रख रही है. हाथी के कुछ चिकित्सकीय परीक्षण भी कराए गए हैं, जिनकी रिपोर्ट का इंतजार है.
कोर्ट की शर्तों के साथ मिली राहत
जानकारी के अनुसार, इस मामले में जिला एवं सत्र न्यायालय इंदौर में चालान पेश किया गया था. कोर्ट ने अंतिम निर्णय आने तक हाथी को सार्वजनिक स्थानों पर ले जाने पर रोक लगाने और कुछ शर्तों के साथ रखने के निर्देश दिए हैं. हालांकि हाथी को इंदौर से उज्जैन लाया गया है, लेकिन अब उसे बिना अनुमति अन्य स्थानों पर नहीं ले जाया जा सकेगा. पूरे मामले में कोर्ट के आदेशों का पालन किया जा रहा है.
वन विभाग कर रहा हर पहलू की जांच
वन विभाग की टीम इस मामले की गहराई से जांच कर रही है. अधिकारी यह पता लगाने में जुटे हैं कि हाथी को इंदौर लाने के लिए आवश्यक ट्रांजिट परमिशन ली गई थी या नहीं. साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि महावत के पास हाथी से जुड़े सभी जरूरी दस्तावेज मौजूद थे या नहीं. इसके अलावा वन विभाग यह भी जानने की कोशिश कर रहा है कि घटना वाले दिन आखिर ऐसा क्या हुआ, जिससे हाथी अचानक आक्रामक हो गया और उसने युवक पर जानलेवा हमला कर दिया. जांच पूरी होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी.

रवि सेन, उज्जैन